Rajasthan Legislative Assembly election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत से जुट गई है।चुनाव में अब कुछ ही महीने का समय है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत से गहलोत सरकार को उखाड उखाड़ फेंकने के मिशन में लग गई है। यही वजह है कि पार्टी समाज के ऐसे वर्ग को भी छूना चाहती है जो राजनीति से दूर हैं। भाजपा चुनाव अभियान के तहत 5 लाख अनुसूचित जनजाति के वोटर्स के पास पहुंचेगी। इन वोटर्स से संपर्क कर बीजेपी गहलोत सरकार की नाकामी गिनाएगी।
Rajasthan Legislative Assembly election 2023
हाल ही में अनुसूचित जनजाति के लोगों से संपर्क के लिए जयपुर में प्रदेश स्तरीय अनुसूचित जन जाति सामाजिक संपर्क अभियान हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में राजस्थान भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री संगठन चंद्रशेखर ने अनुसूचित जन जाति सामाजिक संपर्क अभियान की पूरी रूपरेखा पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं से युद्ध स्तर पर इस अभियान में लगने का आग्रह किया।
महामंत्री संगठन चंद्रशेखर ने बताया कि भाजपा का लक्ष्य है कि चुनाव से पहले 5 लाख अनुसूचित जनजाति के वोटर्स से संपर्क किया जाए। पार्टी कार्यकर्ता इस संपर्क अभियान में कैलेंडर बांटेंगे और अनुसूचित जनजाति के हित में चलाई जा रहीं मोदी सरकार की नीतियों से रूबरू कराएंगे। पार्टी चुनाव में इन वोटर्स का साथ लेकर गहलोत सरकार को सत्ता से बाहर करना चाहती है।
20 दिन में दूसरी बार आ रहे पीएम मोदी
विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बीजेपी एक तरफ 'नहीं सहेगा राजस्थान' अभियान चला रही है, तो दूसरी ओर भाजपा ने पार्टी के शीर्ष नेताओं के कार्यक्रम लगाकर गहलोत सरकार की घेराबंदी करने की तैयारी कर ली है। इसी क्रम में हर महीने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम भी लगाए जा रहे हैं। पीएम नरेन्द्र मोदी राजस्थान के सीकर में 27 जुलाई को जनसभा को सम्बोधित करेंगे। इस बार मोदी 20 दिन में ही दूसरी बार राजस्थान में जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी इससे पहले इसी माह 8 जुलाई को बीकानेर आए थे।
