देश

Bengaluru Bandh: हड़ताल के चलते आज बेंगलुरु बंद, सड़कों से नदारद रहेंगे लाखों वाहन, सरकार ने किए उपाय

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 11, 2023, 10:40 AM IST

Bengaluru Bandh News: महासंघ में कुल 32 निजी परिवहन संघ शामिल हैं और अधिकांश निजी परिवहन सेवाओं के आज मध्यरात्रि से सोमवार मध्यरात्रि तक उपलब्ध नहीं रहने की आशंका है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि निजी मैक्सी कैब कई स्कूली बच्चों के लिए परिवहन के साधनों में से एक हैं जिसे देखते हुए शहर में कुछ स्कूलों ने सोमवार को छुट्टी की घोषणा की है।

Image

बेंगलुरु में सोमवार को बंद का आह्वान।

Photo : PTI

Bengaluru Bandh: बेंगलुरु में निजी परिवहन संघ ने सोमवार को शहर में बंद का आह्वान किया है। संघ ने अपनी 28 मांगों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार को 31 अगस्त तक का समय दिया था लेकिन राज्य सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं कर पाई है। निजी परिवहन संघ के इस बंद को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था पर असर पड़ेगा। समझा जाता है कि बुलाए गए इस बंद की वजह से ऑटो रिक्शा, कारपोरेट वाहन, एयरपोर्ट टैक्सी, मैक्सी कैब्स एवं बस सहित करीब नौ लाख निजी कामर्शियल वाहन सड़कों से दूर रहेंगे।

आपात सेवाएं बंद नहीं होंगी

हालांकि, बंद के दौरान आपात एवं जरूरी सेवाएं बाधित नहीं होंगी। आज के बंद को देखते हुए कुछ स्कूलों ने छुट्टी घोषित की है। बंद से निपटने के लिए सिद्दारमैया सरकार ने कदम उठाए हैं। राज्य सरकार ने अलग-अलग सड़क मार्गों पर बसें उतारने का फैसला किया है। बावजूद इसके लोगों को यातायात में असुविधा हो सकती है।

महासंघ में कुल 32 निजी परिवहन संघ शामिल

महासंघ में कुल 32 निजी परिवहन संघ शामिल हैं और अधिकांश निजी परिवहन सेवाओं के आज मध्यरात्रि से सोमवार मध्यरात्रि तक उपलब्ध नहीं रहने की आशंका है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि निजी मैक्सी कैब कई स्कूली बच्चों के लिए परिवहन के साधनों में से एक हैं जिसे देखते हुए शहर में कुछ स्कूलों ने सोमवार को छुट्टी की घोषणा की है ताकि छात्रों को कोई असुविधा न हो। वहीं, हवाई अड्डा जाने वाले यात्रियों को परिवहन का नया विकल्प तलाशना होगा।

10 लाख वाहन कल सड़कों से नदारद रहेंगे

महासंघ के अध्यक्ष एस नटराज शर्मा ने बताया कि ऑटो, टैक्सी, हवाईअड्डा टैक्सी, मैक्सी कैब, मालवाहक वाहन, स्कूल वाहन और कॉरपोरेट बसों सहित लगभग सात से 10 लाख वाहन कल सड़कों से नदारद रहेंगे। महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उन्होंने बंद के दौरान शहर के संगोल्ली रायन्ना सर्कल से फ्रीडम पार्क तक एक विरोध मार्च निकालने की भी योजना बनायी है।

अधिक बस यात्राओं का संचालन करेगा

बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम (बीएमटीसी) सोमवार को बंद के कारण जनता को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए शहर और केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक अधिक बस यात्राओं का संचालन करेगा। परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने हाल में कहा था कि सरकार महासंघ के साथ बातचीत के लिए तैयार है और यह सुनिश्चित करने के लिए भी तैयारियां कर रही है कि जनता को कम से कम असुविधा हो।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article