देश

बिहार में प्रवासी मजदूरों पर हुई हिंसा के बाद बंगाल में पसरा तनाव; मुर्शिदाबाद में बढ़ाई गई सुरक्षा

Bengal Tension: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में शनिवार को उस वक्त हिंसा भड़क उठी जब स्थानीय लोग बिहार में प्रवासी मजदूरों के साथ हुई कथित लिंचिंग का विरोध कर रहे थे। बेलडांगा ब्लॉक रोड इलाके में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों को जाम किया और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।

Image

बंगाल में पसरा तनाव (फोटो साभार: ANI)

Photo : ANI

Bengal Tension: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शनिवार को एक बार फिर तनाव फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने बेलडांगा में राष्ट्रीय राजमार्ग-12 और रेलवे पटरियों को अवरुद्ध कर दिया। पुलिस के अनुसार, यह घटना एक प्रवासी मज़दूर की मौत को लेकर हुए आंदोलनों के कारण राज्य के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के बीच सड़क और रेल संपर्क कई घंटों तक बाधित रहने के एक दिन बाद हुई।

NH-12 पर यातायात ठप

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बेलडांगा के बरुआ मोड़ के निकट राजमार्ग पर सैकड़ों स्थानीय लोग इकट्ठे हो गए, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर यातायात ठप हो गया और फंसे हुए वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने एक रेलवे गेट को भी नुकसान पहुंचाया और ट्रेन सेवाओं को बाधित करने का प्रयास किया।

ताजा विवाद की वजह यह आरोप बना कि इसी क्षेत्र के एक अन्य प्रवासी मजदूर, अनिसुर शेख, के साथ बिहार में बेरहमी से मारपीट की गई। इससे शुक्रवार की हिंसा के बाद मुश्किल से शांत हुआ जनाक्रोश फिर से भड़क उठा। पुलिस ने विरोध स्थल पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए। स्थानीय विधायक हुमायूं कबीर मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत करने के लिए प्रदर्शनकारियों और अधिकारियों से बातचीत की।

अधिकारियों ने कहा कि स्थिति को सामान्य करने और प्रदर्शन को फिर से हिंसा में तब्दील होने से रोकने के प्रयास जारी हैं। सुजापुर कुमारपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र के निवासी 36-वर्षीय अलाउद्दीन शेख की मौत के बाद से बेलडांगा में शुक्रवार से तनाव व्याप्त है। उसका शव झारखंड में उसके किराए के मकान से बरामद किया गया था, जहां वह कबाड़ व्यापारी के रूप में काम करता था।

परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और बाद में उसे फांसी पर लटका दिया गया, ताकि यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो। उसका शव घर लाये जाने के बाद व्यापक आक्रोश फैल गया। शनिवार का यह आंदोलन ऐसे दिन हुआ है जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

महाकाल की सबसे ऊंची मूर्ति बनाने का ऐलान

ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी के माटिगाड़ा में मंदिर परिसर में भगवान शिव के महाकाल अवतार की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति बनाने की शुक्रवार को घोषणा की थी, जिसका शिलान्यास उन्होंने विभिन्न धार्मिक समुदायों के नेताओं की मौजूदगी में किया।

उन्होंने आरोप लगाया था, "भाजपा शासित राज्यों में बंगाली बोलने वाले प्रवासी श्रमिकों को प्रताड़ित किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में प्रवासी श्रमिक बिना किसी उत्पीड़न के शांति से रह रहे हैं। बंगाली बोलने वाले श्रमिकों को अन्य जगहों पर क्यों निशाना बनाया जा रहा है...उन्हें असम, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली या बिहार में पीटा जाता है।"

पटना में, आयोग ने राज्य से अक्सर सामने आ रही मॉब लिंचिंग की दुखद और चिंताजनक खबरों पर गहरी चिंता व्यक्त की और राज्य सरकार से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में, आयोग के अध्यक्ष मौलाना गुलाम रसूल बलियावी ने बिहार सरकार के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजा।

आयोग के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और विभिन्न समाचार पत्रों और चैनलों में प्रकाशित खबरों से यह स्पष्ट होता है कि बिहार के कई जिलों में भीड़ अफवाहों और धार्मिक पहचान के आधार पर लोगों को "बांग्लादेशी" बताकर हिंसा का निशाना बना रही है, जो कि अत्यधिक निंदनीय है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें