देश

'फ्लेक्सिबल बनें और प्रयास करते रहें', राहुल गांधी का GenZ को संदेश; बोले- जिंदगी में कुछ भी सीधा नहीं

Rahul Gandhi Message to GenZ: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को युवाओं, खासकर जेन-जी के लिए एक अहम संदेश जारी किया। उन्होंने जेन-जी को जीवन के प्रति लचीला रुख अपनाने की सलाह दी।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने GenZ को दिया खास संदेश (फोटो साभार: राहुल गांधी यूट्यूब चैनल)

Rahul Gandhi Message to GenZ: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को युवाओं, खासकर जेन-जी के लिए एक अहम संदेश जारी किया। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के युवा एनआरआई छात्रों के साथ अपनी हाल की बातचीत का एक वीडियो यूट्यूब पर पोस्ट किया जिसमें उन्होंने जीवन के प्रति लचीला रुख अपनाने की सलाह दी।

राहुल गांधी ने GenZ से की बात

राहुल गांधी ने कहा कि जीवन कभी सीधी रेखा में नहीं चलता, इसलिए लचीला बनें और लगातार प्रयास करते रहें। उन्होंने कहा, ''यूएई के युवा एनआईआई छात्रों के साथ बातचीत के दौरान हमने पहचान, जीवन का उद्देश्य और आज के युवाओं पर पड़ने वाले दबाव के बारे में बात की।''

राहुल गांधी ने कहा कि इस चर्चा में GenZ की कुछ सबसे ज़रूरी चिंताओं पर बात हुई, जैसे करियर और जुनून के बीच संतुलन, सोचने-समझने और खुद को व्यक्त करने की आजादी, चिंता से निपटना और लोगों के जजमेंट से उबरना। उन्होंने बताया कि कई युवाओं ने आत्मविश्वास की कमी, असुरक्षा और खुलकर अपनी बात न कह पाने जैसी समस्याएं साझा कीं।

'खुद के प्रति रहें ईमानदार'

कांग्रेस नेता ने कहा कि बातचीत का एक मुख्य विषय यह था कि समाज अक्सर लोगों को अलग-अलग लेबल और धारणाओं के जरिए परिभाषित करने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा, ''मैसेज साफ था: भले ही दुनिया आपको यह बताने की कोशिश करे कि आप कौन हैं, लेकिन जो सच में मायने रखता है वह है खुद के प्रति ईमानदार रहना।"

राहुल गांधी ने कहा, ''GenZ के लिए मेरा मैसेज आसान है: ज़िंदगी में कुछ भी सीधा नहीं होता। लचीले बनें और लगातार प्रयास करते रहें।"

कन्याकुमारी से कश्मीर भारत जोड़ो यात्रा के बारे में एक सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने बताया कि इस यात्रा के दौरान उन्हें ऐहसास हुआ कि किसी की क्षमता उसकी सोच से कहीं ज्यादा होती है, जितना वो सोचते हैं। उन्होंने छात्रों से कहा, ''मैं अलग-अलग लोगों से मिला, मुझे एहसास हुआ कि हर किसी की अपनी अलग यात्रा होती है और उन्हें अपना सफर खोजने और जीने देना चाहिए, न कि उन्हें यह बताया जाए कि आप हिंदू, ईसाई, मुस्लिम या सिख हैं।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article