Bangladesh Election 2026: पीएम नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) को निर्णायक जीत दिलाने पर हार्दिक शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि यह जीत बांग्लादेश की जनता के उनके नेतृत्व पर विश्वास को दर्शाती है।
पीएम मोदी ने बांग्लादेश आम चुनाव में जीत के लिए बीएनपी नेता को दी जीत की बधाई।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में हमेशा खड़ा रहेगा। उन्होंने दोनों देशों के बहुआयामी रिश्तों को और मजबूत करने तथा साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए साथ काम करने की उम्मीद जताई।
बीएनपी गठबंधन ने किया जीत का दावा
बता दें कि बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) निर्णायक जीत की ओर अग्रसर है। यह चुनाव जीतने वाली पार्टी उस अंतरिम प्रशासन की जगह लेगी जिसने अगस्त 2024 में अवामी लीग सरकार के सत्ता से हटने के बाद कार्यभार संभाला था।
कई मीडिया संस्थानों ने बताया कि 300 सदस्यीय संसद में बीएनपी ने 151 से अधिक सीट जीत ली हैं। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरपर्सन तारिक रहमान ने बांग्लादेश के 13वें पार्लियामेंट्री चुनाव में जीत का दावा किया है। बांग्लादेश के जमुना टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, बीएनपी गठबंधन ने 209 सीटें जीतकर 300 सदस्यों वाले जातीय संसद या देश के सदन में दो-तिहाई बहुमत हासिल किया।
बांग्लादेश के पीएम बन सकते हैं तारिक रहमान
उम्मीद जताई जा रही है कि तारिक रहमान बांग्लादेश के अलगे प्रधानमंत्री बन सकते हैं। वो पिछले 17 सालों से देश से बाहर निर्वासित जिंदगी जी रहे थे। उन्होंने देश में कानून का राज बहाल करने और गारमेंट्स सेक्टर में नई जान फूंकने पर फोकस करते हुए एक "नया रास्ता" अपनाने का वादा किया है। वो बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया (Khaleda Zia) के बेटे हैं और लंबे समय से पार्टी की रणनीति व संगठनात्मक फैसलों में अहम भूमिका निभाते रहे हैं।
