आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में 'जल प्रलय', पानी का बहाव ऐसा कि तिनके की तरह तैरने लगी गाड़ियां

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 14, 2020, 03:12 PM IST

बंगाल की खाड़ी में बना गहरे दबाव का क्षेत्र मंगलवार को आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के काकीनाडा में तटीय इलाकों के करीब से होकर गुजरा जिसकी वजह से कई जिलों में भारी बारिश हुई।

आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में 'जल प्रलय', पानी का बहाव ऐसा कि तिनके की तरह तैरने लगी गाड़ियां
Photo Credit: ANI

हैदराबाद : आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश के चलते सामान्य जनजीवन पटरी से उतर गया है। बुधवार को दोनों राज्यों के कई इलाकों में पानी भर गया। तेलंगाना में बारिश की वजह से हुई घटनाओं में कम से कम 14 लोगों के मारे जाने की खबर है जबकि आंध्र प्रदेश में कथित रूप से चार लोगों की जान गई है। पिछले दो दिनों से दोनों राज्यों में बड़े पैमाने पर बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में बिजली के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बना गहरे दबाव का क्षेत्र मंगलवार को आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के काकीनाडा में तटीय इलाकों के करीब से होकर गुजरा जिसकी वजह से कई जिलों में भारी बारिश हुई। आंध्र प्रदेश में अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

लगातार बारिश की वजह से रमंथापुर इलाका करीब-करीब पानी में डूब गया और जगह-जगह जलजमाव देखने को मिला। यहां के निवासियों का कहना है कि भारी बारिश से उनकी संपत्तियों को क्षति पहुंची है। लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाने की मांग की है।

साइबराबाद मेट्रोपोलिटन पुलिस के कमिश्नर वीसी सज्जनार ने कहा, 'अभी बारिश होने का अनुमान है, इसलिए मैं लोगों से अपने घरों से बाहर न निकलने की अपील करता हूं। लोग आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन 9490617444 पर फोन कर सकते हैं। स्थिति का सामना करने के लिए हमारी टीम तैनात है।'

Andhra Pradesh rain

आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में बाढ़ जैसी स्थिति और जलजमाव देखा गया। सड़कों पर वाहन फंसे दिखे। भारी बारिश को देखते हुए तेलंगाना सरकार ने गुरुवार तक राज्य में छुट्टी की घोषणा की है। मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने राज्य में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की है। 

Andhra Pradesh rain

तेलंगाना के चंद्रायनगुट्टा पुलिस थाना क्षेत्र में दीवार ढहने की दो घटनाओं में एक बच्चे समेत 10 लोगों की मौत हो गई। हैदराबाद से लोकसभा सदस्य असदुद्दीन ओवैसी शहर में बचाव प्रयासों की निगरानी कर रहे हैं।

Andhra Pradesh rain

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह साढ़े आठ से रात नौ बजे तक मेडचल मल्काजगिरि जिले के सिंगापुर टाउनशिप में 292.5 मिमी बारिश हुई और यदाद्री-भोंगीर जिले के वर्केल पाल्ले में 250.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।।

End of Article