कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने गुरुवार को आरोप लगाया कि 20 जुलाई को 'संसद चलो' मार्च के दौरान छात्रों पर बल प्रयोग का आदेश केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से ही आया होगा। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को लेकर शाह के इस्तीफे की कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मांग का भी समर्थन किया।
CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके और अमित शाह (फाइल फोटो)
कथित NEET पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के नेतृत्व में महीने भर चले विरोध प्रदर्शन से लौटने के बाद छत्रपति संभाजीनगर में अपने आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए दिपके ने दावा किया कि लोकतंत्र 'खतरे' में है और विपक्षी दलों को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया।
जनता से समर्थन मांगते हुए उन्होंने कहा, 'लोकतंत्र को बचाना अब सिर्फ़ विपक्ष का मुद्दा नहीं रह गया है। देश की जनता को (इसे बचाने के लिए) एकजुट होना होगा।'
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: NEET-UG प्रदर्शनकारियों को दिल्ली सरकार से बड़ी राहत, दर्ज 13 FIR में नहीं होगी कोई कानूनी कार्रवाई, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद फैसला
उन्होंने आगे आरोप लगाया, 'न्यायपालिका पर भी सवालिया निशान है। हम सबने देखा है कि कैसे शिवसेना और NCP जैसी पार्टियों को तोड़ने के लिए ED और CBI का इस्तेमाल किया गया। देश की बड़ी संस्थाओं की यह ज़िम्मेदारी थी कि वे लोकतंत्र को ज़िंदा रखें, न कि किसी एक व्यक्ति की तानाशाही को पनपने दें। उन्होंने ऐसा होने दिया। इसे रोकने के लिए न सिर्फ़ विपक्ष, बल्कि आम लोगों को भी एकजुट होना होगा।'
अमित शाह, प्रह्लाद जोशी पर निशाना
दिपके ने नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के तौर पर प्रह्लाद जोशी की नियुक्ति की भी आलोचना की और उन्हें एक 'अजीब' पसंद बताया। उन्होंने आरोप लगाया, 'अगर देश का शिक्षा मंत्री बलात्कारियों की तारीफ करता है, तो इसका मतलब है कि धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के बाद एक और अजीब आदमी को लाया गया है। देश को क्या संदेश दिया जा रहा है? वे कुछ और नहीं कर सकते क्योंकि उनकी पार्टी गुंडों से भरी हुई है। उनके कार्यकाल में राम रहीम (बलात्कार का दोषी) जैसे लोग पैरोल पर बाहर आते हैं। यह सरकार गुंडों और बलात्कारियों का समर्थन करती है।'
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: Anti Paper Leak Bill: 'बंद कमरे में छिप नहीं सकते, एक दिन खींचकर बाहर लाएंगे', राज्यसभा में खरगे का मोदी सरकार पर हमला
'जहां भी किसानों को हमारी जरूरत होगी, हम उनके साथ खड़े रहेंगे'
दिपके ने कहा कि अगर किसान भविष्य के विरोध-प्रदर्शनों में पार्टी की मदद मांगते हैं, तो CJP उनका समर्थन भी करेगा। उन्होंने कहा, 'किसान भी चाहते हैं कि उनके बच्चों का करियर सफल हो। पहले वे हमारे आंदोलन में हमारे साथ खड़े थे। अगर किसान नेताओं को हमारे समर्थन की ज़रूरत होगी, तो हम उनके साथ खड़े रहेंगे। जहां भी किसानों को हमारी जरूरत होगी, हम उनके साथ खड़े रहेंगे। मैं भी एक किसान परिवार से हूं। हममें से कई लोग किसान परिवारों से हैं।'
'दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर के पास पत्थर से भरे ट्रक लेकर आई थी'
दिपके ने यह भी आरोप लगाया कि 20 जुलाई के विरोध प्रदर्शन से पहले, हिंसा की झूठी कहानी गढ़ने के लिए दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर के पास पत्थर से भरे ट्रक लेकर आई थी।उन्होंने दावा किया, '19 और 20 जुलाई की सुबह दिल्ली पुलिस पत्थर से भरे ट्रक लेकर आई थी। मैंने इसे खुद देखा है। एक क्षतिग्रस्त वैन भी वहां लाकर खड़ी की गई थी। मैंने पुलिस से इस बारे में पूछा और इस पर सवाल उठाते हुए 'X' पर पोस्ट भी किया।' उन्होंने आगे आरोप लगाया, 'यह पुलिस की उस योजना का हिस्सा था जिसके तहत यह दिखाया जा सके कि प्रदर्शनकारी छात्रों ने पत्थरबाजी की थी। मैंने इस मामले में (उस इलाके के) डीसीपी से भी मुलाकात की थी और मुझे बताया गया कि ट्रक में निर्माण स्थल का मलबा था। हो सकता है कि यह सब बीजेपी के गुंडों और दिल्ली पुलिस की किसी योजना का हिस्सा रहा हो।'
