Amarnath Yatra : लैंड स्लाइड के चलते अमरनाथ यात्रा फिलहाल रोक दी गई है। जम्मू-श्रीनगर के बीच लैंडस्लाइड हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं पहुंचे इसे देखते हुए यात्रा रोकी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही रास्ता साफ होगा यात्रा फिर से शुरू कर दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि मारोग रामबन में भूस्खलन हुआ है। मलबा सड़क पर पड़ा है, जिससे जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बाधित हो गया है। यातायात नियंत्रण इकाई से पुष्टि के बिना यात्रा शुरू न करने की सलाह दी गई है।
451 तीर्थयात्रियों का जत्था मंगलवार को रवाना हुआ
गुफा मंदिर जाने के लिए आगे की यात्रा के वास्ते जम्मू के आधार शिविर से 451 तीर्थयात्रियों का एक जत्था मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच कश्मीर घाटी की ओर रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि अब तक का सबसे छोटा जत्था 18 वाहनों के काफिले में भगवती नगर आधार शिविर से पहलगाम और बालटाल में आधार शिविरों के लिए सुबह तीन बजकर 30 मिनट से तीन बजकर 45 मिनट के बीच रवाना हुआ।
जत्थे में 25 महिलाएं शामिल
अधिकारियों ने बताया कि 303 तीर्थयात्री अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान - पहलगाम मार्ग से यात्रा कर रहे हैं। इनमें 26 महिलाएं और 20 साधु संत शामिल हैं। कुल 148 श्रद्धालु गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से मंदिर की ओर जा रहे हैं। इस जत्थे में 25 महिलाएं शामिल हैं। एक जुलाई को शुरू हुई 62 दिवसीय इस वार्षिक यात्रा के दौरान अब तक 4.23 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। यह यात्रा 31 अगस्त को समाप्त होगी।
