NNM 2024 : अखिलेश ने पूछा-NHAI के फंड से यूपी में क्यों नहीं बन रहे एक्सप्रेसवे? अफजाल को टिकट पर भी बोले

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 28, 2024, 03:13 PM IST

Navbharat Navnirman Manch 2024: अखिलेश ने कहा कि इस बार का लोकसभा चुनाव अलग होगा। इस बार एक तरफ संविधान के रक्षक लोग होंगे और दूसरी तरफ 'संविधान के भक्षक' लोग होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल नफरत फैलाती है और हिंदू-मुसलमानों में झगड़ा कराती है।

Navbharat Navnirman Manch 2024: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा लीक होने और विकास कार्यों को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला। सपा अध्यक्ष ने कहा कि यूपी में पेपर लीक की सबसे ज्यादा घटनाएं हुई हैं। पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। राज्य में जो भी एक्सप्रेसवे बन रहे हैं, केंद्र उसके लिए राशि नहीं दे रहा है। यूपी के साथ भेदभाव हो रहा है। अखिलेश ने ये बातें टाइम्स नाउ नवभारत के कार्यक्रम नवभारत नवनिर्माण मंच पर कहीं।

Akhilesh Yadav

नवभारत नवनिर्माण मंच पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।

अखिलेश ने पूछा- NHAI के फंड से यूपी में क्यों नहीं बना एक्सप्रेसवे

टाइम्स नेटवर्क की ग्रुप एडिटर और टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ खास बातचीत में अखिलेश ने कहा कि हमारा वोट 36 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इससे भाजपा में घबराहट है। भाजपा ने अगर इतना काम किया है तो उसे घबराहट किस बात की है। अखिलेश ने आगे कहा, 'हमारे बनाए गए एक्सप्रेसवे पर पीएम हरक्यूलिस विमान से उतरे। मैं पूछना चाहता हूं कि इस तरह का एक्सप्रेसवे यूपी में फिर क्यों नहीं बना? महाराष्ट्र, गुजरात में एक्सप्रेसवे का निर्माण केंद्र के पैसे से हो रहा है। NHAI के फंड से यूपी में एक भी एक्सप्रेसवे नहीं बन रहा है।' अखिलेश ने पूछा कि सेमीकंडक्टर का प्लांट यूपी में क्यों नहीं लगा? यूपी के नौजवान को नौकरी क्यों नहीं मिल रही? सपा अध्यक्ष ने सरकार पर पेपर लीक कराने का आरोप लगाया और कहा कि यूपी सरकार की नीयत युवाओं को नौकरी और आरक्षण देने की नहीं है।

End of Feed