चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब आम आदमी पार्टी (AAP) भी कांग्रेस और वाम दलों के साथ इस आंदोलन में शामिल होने जा रही है। आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने ऐलान किया है कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बुधवार को दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय के बाहर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होंगे। वहीं, टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन: हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे और सात अक्टूबर को फिर से प्रदर्शन करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी आम आदमी पार्टी। PTI
कल दोपहर 1 बजे होगा प्रदर्शन
आप के मुताबिक, कांग्रेस, वाम दलों और दिल्ली में सक्रिय अन्य विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता 7 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे कश्मीरी गेट स्थित दिल्ली सीईओ कार्यालय की ओर मार्च करेंगे। यह प्रदर्शन वोटर लिस्ट के एसआईआर (Special Intensive Revision) को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों और कथित 'वोट चोरी' के मुद्दे पर किया जाएगा।
सौरभ भारद्वाज ने आप कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पार्टी पहले ही साफ कर चुकी है कि 'वोट चोरी' के मुद्दे पर सड़क पर होने वाले विपक्ष के हर प्रदर्शन में आप शामिल होगी।
'वोट चोरी' के मुद्दे पर आप का विपक्ष को साथ
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बुधवार को दिल्ली सीऊओ ऑफिस के बाहर 'वोट चोरी' के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आप कार्यकर्ताओं, समर्थकों और पार्टी के सदस्यों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की। आप का यह रुख ऐसे समय में सामने आया है जब कांग्रेस और INDIA ब्लॉक के नेता पिछले कई दिनों से चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्षी दल एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
कांग्रेस और वाम दल पहले ही कर चुके हैं ऐलान
दिल्ली कांग्रेस की ओर से पहले ही कहा गया था कि INDIA ब्लॉक के दिल्ली से जुड़े दल 7 अक्टूबर को दिल्ली चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर संयुक्त प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के साथ CPI, CPI(M), RJD, NCP और RSP समेत अन्य दलों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई थी। अब आप के शामिल होने से दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी दलों का संयुक्त प्रदर्शन और बड़ा हो सकता है।
लगातार तेज हो रहा है चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध
चुनाव आयोग के खिलाफ दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। मंगलवार को इंडी ब्लॉक के सांसदों ने चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च किया था, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। आप नेता सौरभ भारद्वाज भी इससे पहले दिल्ली में हुए प्रदर्शनों में शामिल हो चुके हैं और उन्हें पुलिस हिरासत में लिया गया था। आप की ओर से कहा गया है कि 'वोट चोरी' के मुद्दे पर उसका आंदोलन जारी रहेगा।
हालांकि, चुनाव आयोग और बीजेपी विपक्ष के आरोपों को खारिज करते रहे हैं। चुनाव आयोग का कहना है कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण प्रक्रिया का उद्देश्य डुप्लीकेट और अपात्र नामों को हटाना तथा पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना है।
