LIVE

ताजा खबर 6 सितंबर 2023: आरक्षण पर मोहन भागवत ने दिया बड़ा बयान, जी-20 को लेकर मंत्रियों को पीएम मोदी के खास निर्देश

अमित कुमार मंडलUpdated Sep 6, 2023, 23:37 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर

ताजा खबर 6 सितंबर 2023: आरक्षण पर मोहन भागवत ने दिया बड़ा बयान, जी-20 को लेकर मंत्रियों को पीएम मोदी के खास निर्देश

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 6 सितंबर 2023 और बड़ी खबरें: दिल्ली में 9 व 10 सितंबर को होने वाली जी-20 समिट को लेकर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। कई मार्गों को बंद किया गया है तो कई तरह की पाबंदी भी लगाई गई है। वहीं, राहुल गांधी यूरोप यात्रा पर रवाना हो गए हैं, यहां उनके विभिन्न कार्यक्रम हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मथुरा और वृंदावन में बृहस्पतिवार को श्रीकृष्‍ण जन्‍माष्‍टमी के पर्व पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना देखते हुए जिला प्रशासन ने यहां मंदिरों में बड़े पैमाने पर इंतजाम किए हैं। आज की ताजा खबर का हर अपडेट यहां पढ़ें-

SEPT 06, 2023 23:37 IST

अमित मालवीय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

तमिलनाडु में सनातन धर्म पर उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी को तोड़-मरोड़कर पेश करने के आरोप में भाजपा के आईटी विभाग के प्रभारी अमित मालवीय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा कि उदयनिधि की टिप्पणी को जानबूझकर गलत तरीके से पेश करने और विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य पैदा करने के लिए भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
SEPT 06, 2023 23:25 IST

बिहार DGP समेत 7 अधिकारी दिल्ली तलब

पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है। इस मामले में बिहार के डीजीपी राजविंदर सिंह भट्टी समेत 7 अधिकारियों को दिल्ली तलब किया गया है। लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने इन अधिकारियों को तलब किया है। जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों को 21 सितंबर को दोपहर 3 बजे लोकसभा की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होना है।
SEPT 06, 2023 22:59 IST

पंजाब भाजपा ने चार नेताओं को पार्टी से किया निष्कासित

पंजाब बीजेपी ने होशियारपुर के गढ़शंकर से चार बीजेपी नेताओं निमिषा मेहता, दलविंदर सिंह ढिल्लों, कुलदीप सिंह और गुरप्रीत सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में निष्कासित कर दिया।
SEPT 06, 2023 22:58 IST

पुंछ में 2 आतंकवादी ढेर

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए बुधवार को सेना के जवानों के साथ भीषण मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। जम्मू स्थित रक्षा पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने कहा कि एक आतंकवादी का शव हथियारों के साथ बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे के शव की तलाश में तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि पुंछ के मंडी उप-सेक्टर में मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि को दो आतंकवादियों को एलओसी पार करते हुए देखे जाने के बाद ऑपरेशन शुरू किया गया था।
SEPT 06, 2023 21:15 IST

ट्रांसजेंडरों को लेकर झारखंड सरकार का बड़ा फैसला

झारखंड सरकार ने ट्रांसजेंडर किन्नर समुदाय के हक में बड़ा फैसला लिया है। इन्हें थर्ड जेंडर घोषित करने के साथ सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में दाखिले में आरक्षण मिलेगा। यह आरक्षण उन्हें ओबीसी यानी पिछड़ा वर्ग के कोटे के तहत मिलेगा। बता दें, राज्य में पिछड़ा वर्ग को 14 फीसदी आरक्षण हासिल है। अगर किसी ट्रांसजेंडर को पूर्व से एससी-एसटी कोटे के तहत आरक्षण मिल रहा है, तो वह लाभ उन्हें जारी रहेगा।
SEPT 06, 2023 20:46 IST

आरक्षण पर RSS चीफ का बड़ा बयान

आरक्षण के मसले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुखिया मोहन भागवत ने कहा है कि समाज में जब तक भेदभाव है, तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए।
SEPT 06, 2023 19:48 IST

सोनिया के लेटर बम पर प्रह्लाद जोशी का जवाब

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र का जवाब दिया है। बुधवार (छह सितंबर, 2023) को उन्होंने कांग्रेस नेता पर संसद के कामकाज का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- स्थापित प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद 18 सितंबर से संसद सत्र आहूत किया गया है और इसके लिए राजनीतिक दलों से पूर्व में कभी भी परामर्श नहीं किया गया।
SEPT 06, 2023 19:47 IST

कस्टम विभाग की बड़ी कार्रवाई

कोचीन कस्टम विभाग ने सिंगापुर के रास्ते ऑस्ट्रेलिया जा रहे दो यात्रियों से 4,42,060 रुपये की अघोषित भारतीय मुद्रा और 29,41,000 रुपये के मुद्रित मूल्य की विमुद्रीकृत भारतीय मुद्रा जब्त की। पैसा सीए-1962 की संबंधित धाराओं के तहत जब्त कर लिया गया। मामले में आगे की जांच प्रक्रियाधीन है।
SEPT 06, 2023 18:22 IST

एशिया कप में पाकिस्तान को लग सकता है बड़ा झटका

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह के बाएं हाथ में चोट लगने की आशंका है। बुधवार को यहां बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान के एशिया कप के सुपर चार मैच के दौरान नसीम को चोट लगी। बांग्लादेश की पारी के दौरान तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने मोहम्मद नईम को गेंदबाजी की जिन्होंने गेंद को फाइन लेग पर फ्लिक कर दिया। नसीम ने गेंद को रोकने के लिए अपनी बाईं ओर गोता लगाया। इसके तुरंत बाद उन्होंने अपना हाथ पकड़ लिया और उन्हें दर्द में देखा गया।
SEPT 06, 2023 18:21 IST

मुझे अपने भारतीय कनेक्शन पर गर्व है- ऋषि सुनक

जी-20 सम्मेलन के लिए भारत आने से पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने बड़ा बयान दिया है। सुनक ने कहा है कि उन्हें अपने भारतीय कनेक्शन पर गर्व है। ब्रिटिश पीएम ने आगे कहा कि साल 2023 भारत के लिए उपलब्धियां वाला वर्ष है और पीएम मोदी के साथ होने वाली मुलाकात में वह उनसे वैश्विक चुनौतियों एवं इनसे निपटने में भारत-ब्रिटेन की भूमिका पर चर्चा करेंगे।
SEPT 06, 2023 17:06 IST

'मध्य प्रदेश में पिक्चर अभी बाकी है'- गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को मध्य प्रदेश के खंडवा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा की 5वीं जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा, मध्य प्रदेश में अभी तक जो विकास हुआ वो तो ट्रेलर था, सही फ़िल्म शुरू होना बाकी है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में कृषि क्षेत्र में पिछले 7 साल से सात बार मध्य प्रदेश नंबर वन पर है।
SEPT 06, 2023 16:08 IST

PM Modi की मंत्रियों को हिदायत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रियों को सख्त हिदायत दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों से कहा है कि वे उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म पर दिए गए बयान पर सही तरीके और तथ्यों के साथ जवाब दें।
SEPT 06, 2023 15:29 IST

मणिपुर : प्रदर्शनकारियों ने फौगाकचाओ इखाई में सेना के बैरिकेड पर धावा बोला

मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के फौगाकचाओ इखाई में बुधवार को सैकड़ों प्रदर्शनकारी इकट्ठे हुए और तोरबुंग में अपने घरों तक पहुंचने के प्रयास में सेना के बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इलाके में तनाव व्याप्त है और त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ), असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस के जवानों ने स्थिति पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। अधिकारियों के मुताबिक, हालांकि प्रदर्शनकारी मौके पर डटे हुए हैं और उन्हें जिले के तोरबुंग इलाके में जाने की अनुमति देने की मांग कर रहे हैं। मई की शुरुआत में मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद ये लोग तोरबुंग से विस्थापित हो गए थे।
SEPT 06, 2023 15:27 IST

ममता बनर्जी जी20 रात्रि भोज में शामिल होंगी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राष्ट्रपति के जी-20 रात्रि भोज में शिरकत करने के लिए शनिवार को दिल्ली जाएंगी। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि बनर्जी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निमंत्रण पर राष्ट्रीय राजधानी जांएगी। अधिकारियों ने यह भी बताया कि राष्ट्रपति के रात्रि भोज में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भी मौजूद रह सकती हैं जिनके साथ बनर्जी के अच्छे संबंध हैं।
SEPT 06, 2023 14:33 IST

सोनिया ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा, विशेष सत्र में नौ मुद्दों पर चर्चा का आग्रह

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि 18 सितंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र के दौरान देश की आर्थिक स्थिति, जातीय जनगणना, चीन के साथ सीमा पर गतिरोध और अडाणी समूह से जुड़े नए खुलासों की पृष्ठभूमि में संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने की मांग समेत नौ मुद्दों पर उचित नियमों के तहत चर्चा कराई जाए। उन्होंने पत्र में कहा, मैं इस बात का उल्लेख करना चाहूंगी कि संसद का विशेष सत्र राजनीतिक दलों से विचार-विमर्श किए बिना बुला लिया गया। इस सत्र के एजेंडे के बारे में हमें जानकारी नहीं है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने पत्र में कहा कि देश की आर्थिक स्थिति, किसान संगठनों के साथ समझौते, अडाणी समूह से संबंधित जेपीसी की मांग, जातीय जनगणना कराने की मांग, संघीय ढांचे पर हमले, प्राकृतिक आपदा के प्रभाव, चीन के साथ सीमा पर तनाव, देश के कुछ हिस्सों में सांप्रदायिक तनाव और मणिपुर के मुद्दे पर विशेष सत्र में चर्चा की जाए। सोनिया गांधी ने कहा कि रचनात्मक सहयोग की भावना के तहत मैं आशा करती हूं कि संसद के आगामी सत्र में इन विषयों पर चर्चा कराई जाएगी।
SEPT 06, 2023 14:30 IST

एक राष्ट्र, एक चुनाव: अमित शाह, कानून मंत्री मेघवाल आज कोविंद से मिलेंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को लेकर बनी समिति के प्रमुख रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सरकार ने लोकसभा, राज्य विधानसभाओं, नगर पालिकाओं और पंचायतों के चुनाव एक साथ कराने के मुद्दे पर गौर करने और जल्द से जल्द सिफारिशें देने के लिए शनिवार को आठ सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति की अधिसूचना जारी की थी। शाह जहां समिति के सदस्य हैं, वहीं मेघवाल विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। कानून मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों ने रविवार को कोविंद से मुलाकात की थी और जानना चाहा था कि वह समिति के साथ एजेंडे पर किस तरह से आगे बढ़ेंगे।
SEPT 06, 2023 13:59 IST

जी20 :आठ से 10 सितंबर तक दिल्ली मेट्रो सेवा सुबह चार बजे शुरू होगी

जी20 शिखर सम्मेलन को देखते हुए आठ से 10 सितंबर तक दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर टर्मिनल स्टेशनों से ट्रेन सेवा सुबह चार बजे शुरू होगी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने बताया कि इसके अलावा, उच्चतम न्यायालय, पटेल चौक और आर के आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन पर पार्किंग की सुविधा आठ सितंबर सुबह चार बजे से 11 सितंबर दोपहर तक बंद रहेगी। उन्होंने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन के लिए ड्यूटी देने वाले अधिकारियों, सुरक्षा, कानून और व्यवस्था, यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात लोगों और पुलिस जवान और अन्य सहायक एजेंसियों के कर्मचारियों की सुविधा के लिए यह कदम उठाया गया है। यह विशाल कार्यक्रम नौ से 10 सितंबर तक प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र ‘भारत मंडपम’ में आयोजित होगा। डीएमआरसी ने एक बयान में कहा कि दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर ट्रेन सेवाएं तीन दिन यानी आठ, नौ और 10 सितंबर को टर्मिनल स्टेशनों से सुबह चार बजे से शुरू होंगी। उन्होंने बताया कि सुबह छह बजे तक सभी लाइनों पर 30 मिनट के अंतराल पर ट्रेन चलेंगी और इसके बाद सामान्य दिनों की समय सारिणी के अनुसार ट्रेन चलेंगी।
SEPT 06, 2023 12:35 IST

जी-20 पर दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी

दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा- दिल्ली में G20 की तैयारियों के चलते जन्माष्टमी के त्यौहार को लेकर भी बड़े इंतेजाम किए गए हैं। हम लोगों से अपील करते हैं कि नई दिल्ली के इलाके खासकर इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, विजय चौक पर आने वाले जॉगर्स और साइकिलिंग करने वाले लोग वहां न आएं। दिल्लीवासियों को हम दिक्कतें नही आने देंगे। नई दिल्ली के कुछ इलाके छोड़कर पूरी दिल्ली में स्थिति सामान्य रहेंगी। 8 से 10 तारीख तक नई दिल्ली के बाजार छोड़कर बाकी राज्य ने सामान्य रूप से बहाल रहेंगे।
SEPT 06, 2023 12:30 IST

इंडिया-भारत विवाद पर बोलीं मायावती

सुप्रीम कोर्ट 'भारत' और 'इंडिया' को लेकर की जा रही संकीर्ण राजनीति का स्वत: संज्ञान ले और देश के नाम पर बने सभी संगठनों, पार्टियों और गठबंधनों पर तुरंत रोक लगाए : बसपा प्रमुख मायावती ।
SEPT 06, 2023 11:59 IST

NASA ने दिखाई चंद्रमा पर Chandrayaan-3 की तस्वीर

नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (NASA) ने चंद्रमा पर चंद्रयान -3 लैंडर की एक अविश्वसनीय तस्वीर ट्विटर पर साझा की है। नासा ने यह भी कहा कि तस्वीर अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी के एलआरओ अंतरिक्ष यान ने खींची है। नासा ने बताया, “नासा के एलआरओ अंतरिक्ष यान ने हाल ही में चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान -3 लैंडर की तस्वीर ली है। इसरो का चंद्रयान-3, 23 अगस्त, 2023 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव से लगभग 600 किलोमीटर दूर उतरा”। इस तस्वीर में चंद्रमा की सतह पर भारतीय लैंडर नजर आ रहा है।