LIVE

30 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज़: ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ का किया ऐलान; 2 अगस्त को जारी होगी किसान सम्मान निधि की अगली किस्त

30 जुलाई 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: जम्मू-कश्मीर के पुंछ इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभियान में बुधवार को सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। पुंछ के कसालियान इलाके में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। इससे पहले व्हाइट नाइट कोर ने अपने एक ट्वीट में कहा कि पुंछ सेक्टर के बाड़बंदी वाले इलाके में सुरक्षाबलों ने दो लोगों की संदिग्ध गतिविधियां देखीं। सुरक्षाबलों द्वारा ललकारे जाने पर इन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है और ऑपरेशन जारी है। संसद में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मंगलवार को तीखी बहस हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी सहित अमित शाह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी जैसे नेताओं से बहस की थी। अब आज राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विदेश मंत्री जयशंकर, जेपी नड्डा और अमित शाह बोलेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या भारत 20-25% के बीच उच्च टैरिफ का भुगतान करने जा रहा है, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि हाँ, मुझे ऐसा लगता है। भारत मेरा मित्र है। उन्होंने मेरे अनुरोध पर पाकिस्तान के साथ युद्ध समाप्त कर दिया। भारत के साथ समझौता अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। भारत एक अच्छा मित्र रहा है, लेकिन भारत ने मूल रूप से लगभग किसी भी अन्य देश की तुलना में अधिक टैरिफ लगाए हैं।
30 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज़: ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ का किया ऐलान; 2 अगस्त को जारी होगी किसान सम्मान निधि की अगली किस्त
30 जुलाई 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: जम्मू-कश्मीर के पुंछ इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभियान में बुधवार को सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। पुंछ के कसालियान इलाके में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। इससे पहले व्हाइट नाइट कोर ने अपने एक ट्वीट में कहा कि पुंछ सेक्टर के बाड़बंदी वाले इलाके में सुरक्षाबलों ने दो लोगों की संदिग्ध गतिविधियां देखीं। सुरक्षाबलों द्वारा ललकारे जाने पर इन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है और ऑपरेशन जारी है। संसद में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मंगलवार को तीखी बहस हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी सहित अमित शाह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी जैसे नेताओं से बहस की थी। अब आज राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विदेश मंत्री जयशंकर, जेपी नड्डा और अमित शाह बोलेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या भारत 20-25% के बीच उच्च टैरिफ का भुगतान करने जा रहा है, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि हाँ, मुझे ऐसा लगता है। भारत मेरा मित्र है। उन्होंने मेरे अनुरोध पर पाकिस्तान के साथ युद्ध समाप्त कर दिया। भारत के साथ समझौता अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। भारत एक अच्छा मित्र रहा है, लेकिन भारत ने मूल रूप से लगभग किसी भी अन्य देश की तुलना में अधिक टैरिफ लगाए हैं।
Jul 30, 2025 | 07:06 PM IST

ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ का किया ऐलान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत टैरिफ और अतिरिक्त दंडात्मक शुल्क लगाने का ऐलान किया है। यह फैसला 1 अगस्त से लागू होगा। यह घोषणा ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर की। ट्रंप ने कहा कि यह निर्णय भारत द्वारा रूस से सैन्य उपकरण और ऊर्जा खरीदने को लेकर भी लिया गया है। ट्रंप ने कहा, “याद रखिए, भले ही भारत हमारा मित्र है, लेकिन वर्षों से हमने भारत के साथ अपेक्षाकृत बहुत कम व्यापार किया है, क्योंकि उनके टैरिफ बहुत अधिक हैं।”
Jul 30, 2025 | 07:04 PM IST

बांके बिहारी मंदिर विवाद : सुप्रीम कोर्ट की गोस्वामी पक्ष को फटकार, कहा– चालें चलना बंद करें

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को बांके बिहारी मंदिर मामले में गोस्वामी पक्ष को कड़ी फटकार लगाई। सर्वोच्च अदालत की तीन सदस्यीय पीठ ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि बार-बार एक ही मुद्दे को उठाने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चीफ जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा, और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की तीन सदस्यीय पीठ ने गोस्वामी पक्ष को फटकार लगाते हुए साफ शब्दों में चेतावनी दी कि एक ही मुद्दे को बार-बार उठाना अदालत की प्रक्रिया का दुरुपयोग है।
Jul 30, 2025 | 04:37 PM IST

2 अगस्त को जारी होगी किसान सम्मान निधि की अगली किस्त

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की अगली किस्त 2 अगस्त को जारी की जाएगी। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को वाराणसी में होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान सम्मान निधि की राशि जारी करेंगे।
Jul 30, 2025 | 02:50 PM IST

ग्रेटर नोएडा : महापंचायत के लिए भारी संख्या में जुटे किसान, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

गौतम बुद्ध नगर जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को बड़ी महापंचायत का आयोजन किया गया है। यह महापंचायत भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी के सामने यमुना एक्सप्रेसवे के नीचे अंडरपास पर की जा रही है। सुबह से ही आसपास के जिलों से ट्रैक्टर-ट्रॉली, गाड़ियों और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर किसान बड़ी संख्या में महापंचायत स्थल की ओर आते देखे गए। कई किसान लाउडस्पीकर के साथ नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में पहुंचे। महापंचायत में किसानों की प्रमुख मांगें हैं—गौतम बुद्ध नगर जिले की ग्रामीण आबादियों का जल्द निस्तारण किया जाए और लंबे समय से स्थिर सर्किल रेट को बढ़ाया जाए। इसके अलावा, भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और मुआवजे से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी किसानों में भारी नाराजगी है।
Jul 30, 2025 | 02:38 PM IST

सपा सांसदों ने उत्तर प्रदेश में स्कूलों के विलय संबंधी आदेश को वापस लिए जाने की मांग की

उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों के विलय का मुद्दा लोकसभा में उठाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसदों ने मांग की कि केंद्र सरकार को इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस आदेश को वापस कराना चाहिए। सपा के धर्मेंद्र यादव ने शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक लाख से अधिक सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं और कई हजार स्कूलों का विलय किया जा रहा है।
Jul 30, 2025 | 02:22 PM IST

ऑपरेशन सिंदूर अब भारत की नयी नीति का आधार, संघर्षविराम में कोई मध्यस्थता नहीं हुई : जयशंकर

ऑपरेशन सिंदूर को क्रूरतम पहलगाम आतंकी हमले की सोची-समझी सटीक प्रतिक्रिया करार देते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि यह अब भारत की नयी नीति का आधार बन गया है। जयशंकर ने यह भी स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के साथ संघर्षविराम को लेकर किसी भी तीसरे पक्ष की ओर से कोई मध्यस्थता नहीं हुई। उन्होंने कहा ‘‘इसका सवाल ही नहीं उठता।’’ विदेश मंत्री ने जोर देकर कहा कि इस सैन्य कार्रवाई को रोकने का व्यापार से कोई संबंध नहीं था। जयशंकर ने राज्यसभा में ‘‘पहलगाम में आतंकवादी हमले के जवाब में भारत के मजबूत, सफल एवं निर्णायक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विशेष चर्चा’’ में हस्तक्षेप करते हुए यह भी कहा कि भारत ने बरसों बरस आतंकवाद का दंश सहा है और ‘‘ऑपरेशन सिंदूर से हमने लक्ष्य हासिल किए।’’ उच्च सदन में यह चर्चा मंगलवार को शुरू हुई थी।
Jul 30, 2025 | 01:56 PM IST

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर पर हमला, मुकदमा दर्ज

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय परिसर में तेलुगू विभाग के अध्यक्ष को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने हमला करके घायल कर दिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के विरोध में विश्वविद्यालय के प्रोफेसर मंगलवार को धरने पर बैठ गए। बाद में विश्वविद्यालय प्रशासन के 48 घंटे के अंदर कार्रवाई के आश्वासन पर देर शाम धरना समाप्त हुआ।
Jul 30, 2025 | 01:02 PM IST

अभिनेता प्रकाश राज ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में ईडी के समक्ष पेश हुए

अभिनेता प्रकाश राज कुछ मंच द्वारा अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी किए जाने से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के समक्ष पेश हुए।
तेलुगु, कन्नड़ और अन्य दक्षिण भारतीय फिल्मों से पहचान बनाने वाली अभिनेता ईडी के यहां जोनल कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश हुए। इस मामले में प्रकाश राज के अलावा ईडी ने अभिनेताओं राणा डग्गुबाती एवं विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री लक्ष्मी मांचू को भी समन जारी किया है। जांच एजेंसी ने पहले राणा डग्गुबाती (40) को यहां जोनल कार्यालय में 23 जुलाई को, राज (60) को 30 जुलाई, देवरकोंडा (36) को छह अगस्त और लक्ष्मी (47) को 13 अगस्त को पेश होने के लिए कहा था।
Jul 30, 2025 | 12:49 PM IST

बदायूं में धारदार हथियार से हमलाकर भाजपा के मंडल अध्यक्ष की हत्या

बदायूं जिले में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मंडल इकाई के एक अध्यक्ष की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गयी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि घटना मंगलवार रात बिनावर थाना क्षेत्र के गांव विजय नगला की है। उन्होंने बताया कि भाजपा की बिनावर मंडल इकाई के अध्यक्ष सुरेश चंद्र गुप्ता (55) पर उस समय धारदार हथियार से हमला किया गया जब वह गांव में पानी की टंकी पर सो रहे थे। सिंह ने कहा, ‘‘गुप्ता का बेटा राहुल पानी की टंकी की देखभाल का काम करता है। लेकिन मंगलवार रात राहुल की जगह गुप्ता पानी की टंकी पर गए थे।’’ पुलिस के मुताबिक परिजन ने किसी प्रकार की रंजिश से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Jul 30, 2025 | 12:46 PM IST

गुजरात ATS ने अल-कायदा की महिला आतंकी को बेंगलुरु से किया गिरफ्तार

गुजरात ATS को आतंकवाद के खिलाफ अभियान में बुधवार को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने अलकायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (एक्यूआईएस) से जुड़े ऑनलाइन आतंकी मॉड्यूल की मुख्य साजिशकर्ता शमा परवीन को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jul 30, 2025 | 12:17 PM IST

खून और पानी एक साथ नहीं बहेंगे... सिंधु जल संधि पर बोले विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर

Jul 30, 2025 | 12:15 PM IST

भाजपा सांसद कंगना रनौत ने SIR पर विपक्ष के विरोध पर साधा निशाना

Jul 30, 2025 | 12:08 PM IST

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने राज्यसभा को संबोधित किया

Jul 30, 2025 | 11:57 AM IST

सिद्धरमैया ने कांग्रेस विधायकों की नाराजगी दूर करने की कवायद शुरू की

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने विधायकों की नाराजगी दूर करने और उनकी शिकायतें सुनने के लिए कांग्रेस विधायकों से आमने-सामने की बैठकें शुरू की हैं। इस पहल का मकसद सत्तारूढ़ पार्टी के अंदर उभरे मतभेदों को दूर करना है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब कुछ विधायक अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। कई विधायकों का कहना है कि कांग्रेस सरकार की चुनाव से पहले की पांच गारंटियों को लागू करने के कारण विकास कार्यों में देरी हो रही है। नाराजगी दूर करने की इस कवायद के तहत सिद्धरमैया ने मंगलवार को मैसूर, चामराजनगर, तुमकुरु, कोडगु, हासन और दक्षिण कन्नड़ जिलों के मंत्रियों और विधायकों के साथ चर्चा की।
Jul 30, 2025 | 11:25 AM IST

ईडी ने 500 करोड़ रुपये के छत्तीसगढ़ चिकित्सा आपूर्ति ‘घोटाला' मामले में छापे मारे

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 500 करोड़ रुपये से ज्यादा के चिकित्सा आपूर्ति घोटाले की धन शोधन जांच के तहत बुधवार को छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि रायपुर, दुर्ग और आसपास के इलाकों में कुछ सरकारी अधिकारियों, चिकित्सकीय सामान के आपूर्तिकर्ताओं और एजेंट के अलावा कुछ ‘‘बिचौलियों’’ से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत ईडी की जांच अप्रैल में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो/आर्थिक अपराध शाखा (एसीबी/ईओडब्ल्यू) द्वारा छह व्यक्तियों के खिलाफ दाखिल आरोप पत्र से संबंधित है जिसमें 2023 में चिकित्सा उपकरणों और रासायनिक रसायनों की खरीद में कथित अनियमितताओं से राज्य के खजाने को 550 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचने का आरोप लगाया गया है।
Jul 30, 2025 | 11:22 AM IST

सोनिया और कई विपक्षी नेताओं ने एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन किया

विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के कई घटक दलों के सांसदों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करते हुए बुधवार को संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। संसद के ‘मकर द्वार’ के निकट आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल और कई अन्य दलों के सांसद शामिल हुए। विपक्षी सांसदों ने एक बड़ा बैनर भी ले रखा था, जिस पर ‘एसआईआर- लोकतंत्र पर वार’ लिखा हुआ था। उन्होंने ‘एसआईआर वापस लो’ के नारे लगाए। विपक्षी सांसदों की मांग है कि इस विषय पर संसद में चर्चा होनी चाहिए।
Jul 30, 2025 | 11:16 AM IST

8.8 तीव्रता के भूकंप के बाद जापान के कुछ हिस्सों में सुनामी की लहरें

रूस के सुदूर पूर्वी इलाके कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार तड़के भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। यह भूकंप इतना शक्तिशाली था कि इससे 4 मीटर (करीब 13 फीट) ऊंची सुनामी उठी, जिसमें कई इमारतों को नुकसान पहुंचा। जापान और अमेरिका के कुछ इलाकों में लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए अलर्ट जारी किया गया। कामचटका प्रायद्वीप के तट पर 8.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे प्रशांत क्षेत्र में काफी चिंता फैल गई। यह भूकंप रूस के पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की शहर से लगभग 119 किलोमीटर (74 मील) की दूरी पर केंद्रित था, जिसकी आबादी लगभग 1 लाख 80 हजार है, तथा इसके कारण कई देशों में तत्काल सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई।
Jul 30, 2025 | 11:00 AM IST

दिल्ली-एनसीआर में बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, वायु गुणवत्ता में सुधार

दिल्ली-एनसीआर में हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से काफी हद तक राहत दिलाई है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 4 अगस्त तक बारिश या गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तक बने रहने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग की ओर से अभी तक किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। बारिश की वजह से पूरे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में काफी ज्यादा सुधार देखा गया है। अधिकांश स्थानों पर एक्यूआई 'अति उत्तम' (0-50) से 'उत्तम' (51-100) श्रेणी में दर्ज किया गया है।
Jul 30, 2025 | 09:58 AM IST

जम्मू में तीन पिस्तौल के साथ ओजीडब्ल्यू गिरफ्तार; कठुआ में तलाशी अभियान जारी

Jul 30, 2025 | 09:55 AM IST

तिब्बत में आया 4.3 तीव्रता का भूकंप

Jul 30, 2025 | 09:48 AM IST

सेना के जवानों से भरी बस पहाड़ी से टकराकर पलटी, 7 जवान घायल

उत्तराखंड के चमोली में दर्दनाक हादसा हो गया है। बद्रीनाथ हाइवे पर एक बस बेकाबू होकर पहाड़ी से टकराकर पलटी गई। बस में सेना के 31 जवान सवार थे। जिनमें से 7 जवान हादसे में घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से प्राथमिक उपचार के लिए उपजिला अस्पताल कर्णप्रयाग भेजा है। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jul 30, 2025 | 09:46 AM IST

बुर्किना फासो के सैन्य अड्डे पर हमले में लगभग 50 सैनिक मारे गए

पश्चिम अफ्रीकी देश बुर्किना फासो के उत्तरी क्षेत्र स्थित एक सैन्य अड्डे पर एक सशस्त्र समूह द्वारा किये गए हमले में लगभग 50 सैनिक मारे गये। एक सामुदायिक नेता और एक स्थानीय निवासी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सामुदायिक नेता के अनुसार, पश्चिम अफ्रीकी देश के उत्तरी क्षेत्र में बौल्सा प्रांत के डार्गो स्थित सैन्य अड्डे पर सोमवार को यह हमला किया गया। यह संदेह है कि चरमपंथी समूह ‘जमात नस्र अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन’ (जेएनआईएम) ने इस हमले को अंजाम दिया है।
Jul 30, 2025 | 09:45 AM IST

मथुरा में बदमाशों ने व्यापारी से लूटी 70 किलोग्राम चांदी

त्तर प्रदेश के मथुरा जिले के फरह क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक व्यापारी से कथित रूप से 70 किलोग्राम चांदी लूट ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। आगरा परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि मंगलवार देर रात फरह थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर हिंदुस्तान कॉलेज के पास अज्ञात बदमाशों ने एक व्यापारी से 70 किलोग्राम चांदी लूट ली। उन्होंने बताया, "यह घटना उस समय हुई जब मथुरा का व्यापारी अपने दो बेटों के साथ आगरा से लौट रहा था। तभी एक जीप और मोटरसाइकिल ने उनकी कार का मार्ग बाधित कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने चालक को नीचे उतरने को कहा और फिर कार को एक गांव की तरफ ले गए।
Jul 30, 2025 | 09:44 AM IST

नीतीश का एक और तोहफा; आशा-ममता कार्यकताओं का बढ़ा मानदेय

बिहार चुनाव से पहले घोषणाओं की झड़ी में एक और इजाफा हुआ है। इस बार बिहार सरकार ने ग्रामीण इलाकों की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाया है। बिहार की नीतीश सरकार अब आशा और ममता कार्यकर्ताओं के मानदेय को बढ़ा रही है। अपनी सबसे ताजा घोषणा में बिहार सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय को तीन गुना बढ़ा दिया है। इसके साथ ही ममता कार्यकर्ताओं के मानदेय को भीअब दोगुना कर दिया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jul 30, 2025 | 09:01 AM IST

पहलगाम और बालटाल से श्री अमरनाथजी यात्रा हुई स्थगित

सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण आज पहलगाम और बालटाल दोनों बेस शिविरों से श्री अमरनाथजी यात्रा स्थगित कर दी गई है । श्री अमरनाथजी यात्रा 2025 के दौरान अब तक 3.93 लाख से ज़्यादा तीर्थयात्री पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके हैं: सूचना एवं जनसंपर्क, जम्मू-कश्मीर
Jul 30, 2025 | 08:59 AM IST

कुरील द्वीप समूह में आया 6.3 तीव्रता का भूकंप

Jul 30, 2025 | 08:57 AM IST

निशित कटारिया हरियाणा युवा कांग्रेस के नए अध्यक्ष नियुक्त

पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया के बेटे निशित कटारिया को मंगलवार को हरियाणा युवा कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। भारतीय युवा कांग्रेस के प्रमुख उदय भानु चिब ने नियुक्ति की पुष्टि करते हुए एक पत्र जारी किया। पिछले महीने हुए पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में कटारिया को सर्वाधिक 29,893 वोट मिले थे। अपनी नियुक्ति के बाद कटारिया ने अपने पिता के साथ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात की।
Jul 30, 2025 | 08:55 AM IST

सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, पुंछ में 2 आतंकवादी ढेर

जम्मू-कश्मीर के पुंछ इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभियान में बुधवार को सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। पुंछ के कसालियान इलाके में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। इससे पहले व्हाइट नाइट कोर ने अपने एक ट्वीट में कहा कि पुंछ सेक्टर के बाड़बंदी वाले इलाके में सुरक्षाबलों ने दो लोगों की संदिग्ध गतिविधियां देखीं। सुरक्षाबलों द्वारा ललकारे जाने पर इन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है और ऑपरेशन जारी है। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jul 30, 2025 | 07:22 AM IST

रूस के कामचटका में भूकंप के तेज झटके

रूस में एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए है। रूस के पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 133 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 8.0 तीव्रता का भूकंप आया। जानकारी के अनुसार, इस भूकंप के कारण अधिकारियों ने सुनामी की चेतावनी जारी की है। भूकंप की तीव्रता को देखते हुए रूस, जापान, गुआम, हवाई और अलास्का के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, रूस के पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 133 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 8.0 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया। यह भूकंप कामचटका प्रायद्वीप में महसूस किया गया और इतना शक्तिशाली था कि इससे सुनामी आ सकती थी। वहीं यूएसजीएस ने भूकंप की तीव्रता 8.7 बताई है। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jul 30, 2025 | 07:22 AM IST

आज प्रक्षेपित किया जाएगा मिशन निसार

निसार को जीएसएलवी-एस16 रॉकेट के माध्यम से आज अंतरिक्ष में प्रक्षेपित किया जाएगा। नासा-इसरो के महत्वाकांक्षी निसार मिशन के लिए 27.30 घंटे की उलटी गिनती मंगलवार को शुरू हो गई थी। इसरो का ‘जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल’ (जीएसएलवी) बुधवार शाम 5:40 बजे नासा-इसरो ‘सिंथेटिक एपरचर रडार’ (निसार) उपग्रह को सूर्य-समकालिक ध्रुवीय कक्षा में भेजेगा। यहां पढें पूरी खबर
Jul 30, 2025 | 06:49 AM IST

निसार मिशन के लिए उलटी गिनती शुरू: इसरो

नासा-इसरो के महत्वाकांक्षी निसार मिशन के लिए 27.30 घंटे की उलटी गिनती मंगलवार को शुरू हो गई। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इसरो का ‘जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल’ (जीएसएलवी) बुधवार शाम 5:40 बजे नासा-इसरो ‘सिंथेटिक एपरचर रडार’ (निसार) उपग्रह को सूर्य-समकालिक ध्रुवीय कक्षा में भेजेगा।
Jul 30, 2025 | 06:49 AM IST

नितिन गडकरी चिंतामनराव देशमुख राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जनसेवा के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए मंगलवार को यहां चिंतामनराव देशमुख राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) (राकांपा-एसपी) के प्रमुख शरद पवार ने पुणे स्थित गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) ‘सरहद’ द्वारा स्थापित यह पुरस्कार गडकरी को प्रदान किया और देश भर में राजमार्गों का नेटवर्क विकसित करने के लिए केंद्रीय मंत्री की प्रशंसा की। पवार ने गडकरी की बेबाकी और कठिन परियोजनाओं को लागू करने की उनकी क्षमता की प्रशंसा की। उन्होंने पार्टी लाइन से परे सांसदों के बीच मंत्री की लोकप्रियता पर भी प्रकाश डाला।
Jul 30, 2025 | 06:48 AM IST

प्रधानमंत्री मोदी सवालों का जवाब देने में विफल रहे: विपक्ष

लोकसभा में मंगलवार को कई विपक्षी सदस्यों ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमला ‘‘पूरी तरह से खुफिया और सुरक्षा विफलता’’ का नतीजा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सवालों से बच रही है और सच्चाई छिपा रही है। पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर सदन में चर्चा के दौरान सरकार को घेरने की कोशिश करते हुए कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी दलों के सांसदों ने दावा किया कि नरेन्द्र मोदी-नीत सरकार की विदेश नीति ‘विफल’ रही है, क्योंकि जी-20 और ब्रिक्स सहित किसी भी बड़े समूह ने इस घटना के बाद पाकिस्तान की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित नहीं किया।
Jul 30, 2025 | 06:48 AM IST

गुरुग्राम: मुठभेड़ के बाद तीन लुटेरे गिरफ्तार

गुरुग्राम के वजीरपुर गांव में डकैती की कथित फिराक में घूम रहे तीन लोगों को मुठभेड़ के के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उनमें से एक को गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने गिरफ्तार लुटेरों के पास से एक अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किए। इसने कहा कि जिस मोटरसाइकिल से वे रेलवे अंडरपास तक गए और राहगीरों को लूटने के लिए छिपे, उसे भी जब्त कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, उपनिरीक्षक सुमित कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने उन्हें रुकने की चेतावनी दी लेकिन अपराधियों ने मौके से भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।
Jul 30, 2025 | 06:47 AM IST

ट्रंप भारत पर लगा सकते है 20-25% टैरिफ

यह पूछे जाने पर कि क्या भारत 20-25% के बीच उच्च टैरिफ का भुगतान करने जा रहा है, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि हाँ, मुझे ऐसा लगता है। भारत मेरा मित्र है। उन्होंने मेरे अनुरोध पर पाकिस्तान के साथ युद्ध समाप्त कर दिया। भारत के साथ समझौता अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। भारत एक अच्छा मित्र रहा है, लेकिन भारत ने मूल रूप से लगभग किसी भी अन्य देश की तुलना में अधिक टैरिफ लगाए हैं।
Jul 30, 2025 | 06:47 AM IST

आज राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बोलेंगे अमित शाह

संसद में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मंगलवार को तीखी बहस हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी सहित अमित शाह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी जैसे नेताओं से बहस की थी। अब आज राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विदेश मंत्री जयशंकर, जेपी नड्डा और अमित शाह बोलेंगे।