आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar) 30 दिसंबर 2023 LIVE: रामनगरी में पीएम मोदी, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन और अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया उद्धाटन
कर्नाटक में कोरोना के 201 नये मामले
कर्नाटक में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 201 नये मामले सामने आये और पिछले 24 घंटे में इससे एक और व्यक्ति की मौत हो गयी। स्वास्थ्य विभाग के एक बुलेटिन में यह जानकारी दी।बुलेटिन के अनुसार राज्य में उपचाराधीन मरीजों की कुल संख्या 833 हो गई।इसमें कहा गया है कि राज्य में कोविड-19 से संबंधित मौत के मामलों की कुल संख्या 10 से अधिक हो गई है।पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार का भव्य स्वागत
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद शनिवार की शाम पटना पहुंचे। पटना हवाई अड्डा पर पहुंचने के बाद उनका भव्य स्वागत किया गया। नीतीश कुमार के साथ पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह भी रहे। हवाई अड्डा पर मुख्यमंत्री के बतौर अध्यक्ष लौटने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। समर्थकों ने जमकर नीतीश कुमार के समर्थन में नारे लगाए।विनेश फोगाट ने पीएमओ के पास फुटपाथ पर रखे अवॉर्ड
ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट ने शनिवार को पूरे भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) प्रकरण में सरकार की भूमिका के विरोध में अपना खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार लौटा दिया। विनेश ने पुरस्कार लौटाने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंचने की कोशिश की लेकिन सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें वहां पहुंचने से रोक दिया। आखिरकार, उन्होंने अपना ध्यानचंद खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार पीएमओ कार्यालय के पास फुटपाथ पर रख दिया, ठीक वैसे ही जैसे ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया ने अपना पद्मश्री पुरस्कार रखा था।चीन की संसद से नौ शीर्ष जनरल बर्खास्त
चीन की संसद से जनवादी मुक्ति सेना (पीएलए) के नौ वरिष्ठ जनरल को बर्खास्त कर दिया गया है जिनमें रॉकेट बल के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। आधिकारिक मीडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी।इमरान खान को झटका, नामांकन खारिज
पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने शनिवार को पुष्टि की कि उसने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खानब के नामांकन पत्र को खारिज कर दिया है, जिससे 8 फरवरी को होने वाले आगामी चुनावों से पहले पूर्व प्रधान मंत्री को बड़ा झटका लगा है।मोहन भागवत दो दिवसीय यात्रा पर पश्चिम बंगाल पहुंचे
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार दोपहर कोलकाता पहुंचे।भागवत यहां पहुंचने के तुरंत बाद अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष कल्याण चौबे के आवास पर गये और एक बंद कमरे में उनके साथ बैठक की।चौबे ने 2019 के लोकसभा चुनाव में कृष्णानगर सीट पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की महुआ मोइत्रा के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे।अयोध्या के लिए छत्तीसगढ़ का 300 मीट्रिक टन चावल रवाना
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या के लिए शनिवार को 300 मीट्रिक टन सुगंधित चावल रवाना किया। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय आज राजधानी रायपुर के वीआईपी मार्ग स्थित श्रीराम मंदिर में छत्तीसगढ़ प्रदेश राईस मिलर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित सुगंधित चावल अर्पण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि साय ने श्रीराम मंदिर परिसर से 300 मीट्रिक टन चावल से भरे 11 ट्रक को झंडी दिखाकर श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या के लिए रवाना किया। अधिकारियों ने बताया कि सुगंधित चावल अर्पण समारोह में राईस मिलर्स एसोसिएशन ने भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ से जन्मभूमि अयोध्या के लिए सुगंधित चावल भेजा है।IAS विजय कुमार सिंह बने पंजाब के विशेष मुख्य सचिव
विजय कुमार सिंह (आईएएस) को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष मुख्य सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है।शिमला में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत
शिमला के उपनगरीय इलाके में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि दुर्घटना ढली सुरंग के करीब एक शिव मंदिर के पास हुई और वाहन सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र निवासी रितिक (22) और प्रियांशु (23) के रूप में हुई है।राजस्थान में 22 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के 27 दिन बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मंत्रिमंडल का पहला विस्तार हो गया है। शनिवार को राज्यपाल कालराज मिश्र ने 22 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। भजनलाल की कैबिनेट में 12 विधायकों ने कैबिनेट मंत्री, 5 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और 5 विधायकों को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है।पीएम मोदी ने अयोध्या में लोगों को किया संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अयोध्या में लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, आज पूरी दुनिया उत्सुकता के साथ 22 जनवरी के ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रही है। ऐसे में अयोध्यावासियों में ये उत्साह और उमंग स्वाभाविक है। भारत की मिट्टी के कण-कण और भारत के जन-जन का मैं पुजारी हूं और मैं भी आपकी तरह उतना ही उत्सुक हूं। पढ़ें पूरी खबर...500 सालों का इंतजार समाप्त होने जा रहा -सीएम योगी
उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा 500 सालों का इंतजार खत्म होने जा रहा है और प्रभु श्रीराम अपने घर में आ रहे हैं। उन्होंने कहा, पीएम मोदी का संकल्प था कि अयोध्या को दुनिया की सुंदरतम नगरों में शामिल करेंगे। आज नए भारत की नए अयोध्या के दर्शन हुआ।पीएम मोदी ने 15700 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास
प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में 15,700 करोड़ से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।महर्षि वाल्मिकी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे अयोध्या धाम का हुआ उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में महर्षि वाल्मिकी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे अयोध्या धाम का उद्घाटन किया। हवाई अड्डे के चरण 1 को 1450 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 6500 वर्गमीटर होगा, जो सालाना लगभग 10 लाख यात्रियों की सेवा के लिए सुसज्जित होगा।देश में कोरोना के JN.1 वेरिएंट के कितने मामले आए?
कोविड-19 को लेकर सूत्रों का कहना है कि JN.1 वेरिएंट के कुल 178 मामले सामने आए। सबसे ज्यादा गोवा में, उसके बाद केरल में। 29 दिसंबर तक नौ राज्यों में जेएन.1 मामलों का विवरण देखिए।गोवा- 47केरल- 41गुजरात- 36कर्नाटक- 34महाराष्ट्र- 9राजस्थान- 4तमिलनाडु- 4तेलंगाना- 2अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर पीएम मोदी
पीएम मोदी ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुनर्विकसित अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। उनके साथ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनि वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री को अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत करते हुए एक तस्वीर साझा की और एक पोस्ट में कहा, 'आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का श्री अयोध्या धाम में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।' एक अन्य पोस्ट में योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'आपके यशस्वी और दूरदर्शी नेतृत्व में अयोध्या धाम की विरासतों को संरक्षित व संवर्धित करते हुए उसके समग्र विकास की यात्रा अविराम जारी है। आपका हार्दिक आभार एवं अभिनंदन।'पीएम मोदी को देखने के लिए लोगों में दिखी दीवानगी
अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत
अयोध्या में पीएम नरेंद्र मोदी ने लोगों का किया अभिवादन
उत्तर प्रदेश के अयोध्या पहुंचने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने लोगों का अभिवादन किया। पीएम मोदी महर्षि वाल्मिकी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा अयोध्या धाम, पुनर्विकसित अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे और नई अमृत भारत ट्रेनों और वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।महा विकास अघाड़ी के करीब 40 सीटें जीतने का दावा
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "महा विकास अघाड़ी करीब 40 सीटें जीतेगी। भाजपा को जीतने के लिए EVM की जरूरत है, वे अकेले नहीं जीत सकते। उनका गठबंधन EVM से है।"राम मंदिर को लेकर क्या बोले फारूक अब्दुल्ला
नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "भगवान राम का मंदिर खुलने वाला है। जिन्होंने भी ये कोशिश की उनका मंदिर बने मैं उनको धन्यावाद देता हूं। साथ-साथ उनसे ये भी कहता हूं कि भगवान राम केवल हिंदुओं के राम नहीं हैं। वे पूरे विश्व के राम हैं, ये उनकी पुस्तकों में लिखा है। उन्होंने भाईचारे मोहब्बत और एक दूसरे की सहायता की बात की है।"त्रिशूर पूरम उत्सव पर गतिरोध खत्म, अप्रैल में होगा आयोजन
केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन द्वारा बुलायी गई बैठक में पूरम प्रदर्शनी मैदान का किराया न बढ़ाने का फैसला लिए जाने के बाद प्रसिद्ध त्रिशूर पूरम उत्सव के आयोजन को लेकर जारी गतिरोध खत्म हो गया। इस पर विवाद तब शुरू हुआ जब तिरुवम्बदी और परमेक्कावु देवस्वोम ने कोचीन देवस्वोम बोर्ड द्वारा पूरम प्रदर्शनी मैदान का किराया बढ़ाने के फैसले को वापस लिए जाने तक उत्सव को सादगी से मनाने की धमकी दी। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सभी पक्षकारों के साथ बैठक की और मौजूदा दरों के साथ उत्सव मनाने का निर्देश दिया और साथ ही पूरम के बाद किराये में वृद्धि पर कोई फैसला लेने को कहा। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि देवस्वोम अधिकारियों ने सुझाव मंजूर कर लिया है। विजयन ने कहा कि पूरम देश का एक प्रसिद्ध त्योहार है और इसका आयोजन बिना किसी विवाद के होना चाहिए। तिरुवम्बदी और परमेक्कावु देवस्वोम ने आरोप लगाया था कि कोचीन देवस्वोम बोर्ड ने किराये में बेतहाशा वृद्धि कर उसे 39 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.20 करोड़ रुपये कर दिया है। पूरम उत्सव अप्रैल में आयोजित किया जाएगा।पीएम मोदी के आगमन पर क्या है तैयारी, देखें तस्वीरें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अयोध्या का दौरा करेंगे जिसके लिए अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है। वीडियो साकेत पेट्रोल पंप से है जहां सांस्कृतिक नृत्य का आयोजन किया गया है। पीएम मोदी के सार्वजनिक बैठक स्थल के पास सुरक्षा बढ़ाई गई है। राम की नगरी से मनमोहक तस्वीरें सामने आई हैं। पढ़ें पूरी खबरअयोध्या के लिए पहली उड़ान का शेड्यूल जानें
दिल्ली से अयोध्या के लिए पहली उड़ान 30 दिसंबर को सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर आएगी। यह विमान दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सुबह 10 बजे उड़ान भरेगा। इस उड़ान के आने के बाद मोदी करीब 12 बजे अयोध्या आएंगे। सूत्रों के मुताबिक, मोदी पांच किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का भी शिलान्यास करेंगे। यह फ्लाईओवर अयोध्या रेलवे स्टेशन को अयोध्या हवाई अड्डे से जोड़ेगा।पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी नियमित जांच के लिए अस्पताल गईं
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार को अपने बाएं पैर के घुटने और कंधे की नियमित जांच के लिए एक सरकारी अस्पताल पहुंचीं। इस वर्ष की शुरुआत में एक हेलीकॉप्टर से उतरते वक्त बनर्जी के घुटने और कंधे पर चोट लग गई थी। बनर्जी ने संवाददाताओं को बताया कि वह एसएसकेएम अस्पताल के ‘वुडबर्न ब्लॉक’ पहुंचीं, जहां चिकित्सकों ने उनकी नियमित जांच कीं। ममता ने कहा, 'हमारे हेलीकॉप्टर को सिलीगुड़ी के पास सेवोक में भारतीय वायुसेना की हवाईपट्टी पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा था जिससे मेरे पैर तथा कंधे में चोटें आईं। आज चिकित्सकों ने इसका पूरा इलाज किया और मैं बिल्कुल ठीक हूं।' मुख्यमंत्री ने कहा, 'चिंता की कोई बात नहीं है, मैं बिल्कुल ठीक हूं। मैं यहां सिर्फ जांच कराने आई थी। मैं दिन में करीब 20,000 कदम चल रही हूं।' बनर्जी ने कहा, 'मैंने अस्पताल के संबंध में भी चिकित्सकों से बातचीत की।' बनर्जी ने अपनी कार में बैठने से पहले राज्य के सभी लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री के स्पेन और दुबई के 12 दिवसीय दौरे के वक्त बाएं घुटने में फिर से चोट लग गई थी।मेक्सिको में बंदूकधारियों ने की छह लोगों की हत्या, 26 घायल
उत्तरी मेक्सिको में शुक्रवार तड़के तीन बंदूकधारियों ने एक पार्टी में घुस कर गोलीबारी की जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो की उम्र 18 साल से कम है और घायलों में पांच बच्चे शामिल हैं। स्थानीय अस्पतालों में भर्ती घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि 13 अन्य को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। सीमावर्ती राज्य सोनोरा में अभियोजकों ने कहा कि यह हमला स्यूदाद ओब्रेगॉन शहर में एक पार्टी के दौरान किया गया जहां एक गिरोह के सदस्य के होने का अंदेशा था। माना जा रहा है कि हमला तीन बंदूकधारियों ने किया लेकिन उनका चौथा सहयोगी पार्टी में मौजूद था। हमले के दौरान गिरोह के वांछित सदस्य ने भागने का प्रयास किया लेकिन वह मारा गया। हमले के बाद बंदूकधारी फरार हो गए। सोनोरा में मादक पदार्थों की तस्करी के कई गिरोह सक्रिय हैं और उनके बीच अक्सर वर्चस्व की लड़ाई में खून-खराबा होता है।राजस्थान में मंत्रिमंडल का विस्तार आज, कौन-कौन बनेगा मंत्री?
चुनाव परिणाम के 27 दिन बाद राजस्थान को नए मंत्री मिलेंगे। मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों की शपथ के बाद अब प्रदेश को करीब 20 मंत्री मिल सकते हैं। राजभवन में दोपहर 3:15 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। मतलब ये कि अब भजनलाल शर्मा की सरकार में सहयोगी मंत्री शामिल हो जाएंगे। पढ़ें पूरी खबरपीएम मोदी के सार्वजनिक बैठक स्थल के पास सुरक्षा बढ़ा दी गई
अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
राम पथ पर एक विशाल पोस्टर में लिखा संदेश
अयोध्या में अनेक स्थानों पर बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं जिनमें प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर और ‘पवित्र नगरी अयोध्या में स्वागत है’ के संदेश हैं। राम पथ पर एक विशाल पोस्टर में संदेश लिखा है, 'प्रभु राम की नगरी में आपका स्वागत है।' इसमें उत्तर प्रदेश शहरी विकास विभाग और अयोध्या नगर निगम के नाम हैं। पीएम मोदी के कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, स्थानीय सांसद और विधायक तथा पार्टी के कुछ पदाधिकारी शामिल होंगे।अयोध्या की जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे मोदी
पीएम मोदी की रैली करीब एक घंटे तक चलेगी जिसमें करीब डेढ़ लाख लोग भाग ले सकते हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री अयोध्या से रवाना हो जाएंगे। प्रशासन ने बृहस्पतिवार को हाल में पुनर्विकसित राम पथ के दोनों किनारों और हवाई अड्डे से रेलवे स्टेशन के रास्ते में पड़ने वाली अन्य सड़कों पर लकड़ी के अस्थायी अवरोधक लगाने का काम शुरू कर दिया था। सूत्रों ने बताया कि मोदी हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशन के बीच रोडशो भी करेंगे और अयोध्या की जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे।कितने बजे अयोध्या पहुंचेंगे प्रधानमंत्री मोदी?
पीएम मोदी आज अयोध्या का दौरा करेंगे और पुनर्विकसित अयोध्या रेलवे स्टेशन और नये हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। वह हवाई अड्डे के पास एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री सुबह करीब 10.45 बजे अयोध्या हवाई अड्डे पर पहुंच सकते हैं। हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वह सीधे अयोध्या रेलवे स्टेशन जाएंगे और वहां पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। वह इसके बाद हवाई अड्डे पर लौटेंगे और इसका उद्घाटन करेंगे तथा बाद में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।PM मोदी अयोध्या हवाई अड्डे का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री पहले अयोध्या हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह रोड शो करते हुए सड़क मार्ग से अयोध्या रेलवे स्टेशन जाएंगे, जहां वह वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। बाद में वह सड़क मार्ग से हवाई अड्डे लौटेंगे जहां वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे।PM Modi in Ayodhya: पीएम मोदी का अयोध्या दौरा आज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 30 दिसंबर को अयोध्या में रोड शो करने के साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री का रोड शो करीब 15 किलोमीटर लंबा होगा जो राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-27, धर्म पथ, लता मंगेशकर चौक, राम पथ, टेढ़ी बाजार, मोहबरा चौराहा से होते हुए अयोध्या रेलवे स्टेशन तक जाएगा।हरियाणा में सरकारी चिकित्सकों की हड़ताल की से ओपीडी सेवाएं प्रभावित
हरियाणा में सरकारी चिकित्सकों ने एक विशेषज्ञ कैडर का गठन और पीजी पाठ्यक्रमों के लिए बॉण्ड राशि में कमी की मांग को लेकर शुक्रवार को हड़ताल की, जिससे कुछ अस्पतालों में वाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवाएं प्रभावित हुईं। हरियाणा में इस सप्ताह चिकित्सकों की यह दूसरी हड़ताल है। इससे पहले उन्होंने बुधवार को भी हड़ताल की थी। चिकित्सकों को आश्वासन दिया गया कि स्वास्थ्य मंत्री और हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (एचसीएमएस) के प्रतिनिधियों के बीच सोमवार को एक बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद चिकित्सक काम पर वापस आ गये। एचसीएमएस हरियाणा में सरकारी चिकित्सकों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था है, जो विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने सलाहकारों, वरिष्ठ सलाहकारों, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के चिकित्सकों, चिकित्सा महाविद्यालयों के चिकित्सा अधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों सहित लगभग 3,000 डॉक्टरों को एकत्रित किया है।भारतीय नौसेना ने 'एडमिरल्स एपोलेट' के लिए नए डिजाइन का किया अनावरण
भारतीय नौसेना ने छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत से प्रेरणा लेते हुए शुक्रवार को ‘एडमिरल्स एपोलेट’ (एडमिरल के कंधे पर लगायी जाने वाली पट्टिका) के एक नए डिजाइन का अनावरण किया। किसी अधिकारी के पद को दर्शाने के लिए कंधे पर लगायी जाने वाली पट्टिका के अनावरण से तीन सप्ताह पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस बाबत घोषणा की थी। मोदी ने चार दिसंबर को महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में नौसेना दिवस समारोह में अपने संबोधन में इस बात को लेकर खुशी व्यक्त की थी कि नौसेना अधिकारियों द्वारा लगाए जाने वाले ‘एपोलेट’ अब छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत और धरोहर को प्रदर्शित करेंगे। नौसेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, 'जैसा कि हम नववर्ष (2024) में प्रवेश कर रहे हैं, भारतीय नौसेना ने गर्व से ‘एडमिरल्स एपोलेट’ के नए डिजाइन का अनावरण किया है।'मेरठ में तेंदुए के शावक को कुएं से निकाल कर मां से मिलाया गया
मेरठ जिले के राधना तहसील में एक कुएं में गिरे तेंदुए के एक शावक को वन विभाग के कर्मियों ने उसमें से निकाल लिया। वन विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि बुधवार दोपहर मेरठ जिले के राधना तहसील के मवाना निवासी किसान रियासत के खेत में स्थित ट्यूबवेल के सूखे कुएं में एक तेंदुए का शावक गिरा गया था। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राजेश कुमार ने बताया कि कुएं से निकालने के बाद शावक का स्थानीय पशु चिकित्सा अधिकारियों से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया जिसमें शावक स्वस्थ पाया गया। उन्होंने बताया कि फिर उक्त शावक को बृहस्पतिवार की देर रात्रि उसकी मां से मिलाया गया और वह उसके साथ अपने प्राकृत वास में चला गया। उन्होंने कहा कि विभाग ने आसपास के गांवों के निवासियों से रात में गन्ने के खेतों में जाने से बचने की अपील की है, क्योंकि तेंदुए की मौजूदगी की संभावना है। डीएफओ के अनुसार उक्त क्षेत्र में तेंदुए की उपस्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर वन विभाग द्वारा गोष्ठियों का आयोजन कर स्थानीय ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।भाजपा उप्र में हारेगी तभी केंद्र की सत्ता से हटेगी- अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हारेगी तो ही केंद्र की सत्ता से बाहर होगी। सपा प्रमुख यादव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, '2024 के लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी भूमिका होगी। प्रदेश की जनता भाजपा का सफाया करेगी। उत्तर प्रदेश में भाजपा हारेगी तो देश से हटेगी। समाजवादियों ने नारा दिया है ‘80 हराओ, भाजपा हटाओ’। समाजवादी पार्टी इसी नारे को लक्ष्य मान कर काम कर रही है।' उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने आरोप लगाया, ''भाजपा सरकार लोकतंत्र विरोधी है। भाजपा सरकार सामाजिक न्याय की विरोधी है। जातीय जनगणना की विरोधी है।' उन्होंने जोर देकर कहा, 'बिना जातीय जनगणना सामाजिक न्याय नहीं मिल सकता।'क्या इस साल सर्दियां नहीं आएंगी? सुपर अल-नीनो ने दुनिया के मैप को किया लाल
राहुल गांधी ने की गलत बयानबाजी, राष्ट्रपति को विवाद में घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण: सूत्र
'और भी गम है जमाने में सियासत के सिवा', CJP प्रोटेस्ट से पहले सोनम वांगचुक ने बताया अपना प्लान
अब मनमाने तरीके से नहीं कटेंगे वोटर्स के नाम! EC ने बदले फॉर्म-7 के नियम, जानें एक वोटर कितने आवेदन दे सकेगा?
CEC ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, चुनाव रद्द करने की मांग... राष्ट्रपति को सौंपे विपक्ष के ज्ञापन में और क्या-क्या?
© 2026 Times Horizon Private Limited
