LIVE
आज की ताजा खबरें 23 जून 2025: 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी... ईरान में इजरायली ड्रोन गिराया गया
आज की ताजा खबरें 23 जून 2025: 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी... ईरान में इजरायली ड्रोन गिराया गया
JUN 23, 2025 18:00 IST
पुतिन ने ईरानी विदेश मंत्री से मुलाकात की
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को क्रेमलिन में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की और अमेरिकी हमलों को ‘‘पूरी तरह से बिना किसी उकसावे के किया गया आक्रमण’’ बताया तथा तेहरान के प्रति रूसी समर्थन की पुष्टि की। पुतिन ने सोमवार की बैठक में कहा, ‘‘ईरान के खिलाफ यह पूरी तरह से बिना किसी उकसावे के किया गया आक्रमण है; इसका कोई आधार या औचित्य नहीं है।’’
JUN 23, 2025 17:08 IST
शक्तिसिंह गोहिल ने गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा
Shaktisinh Gohil Resigns: राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने कडी और विसावदर उपचुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद अचानक पार्टी प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। दरअसल, कडी और विसावदर उपचुनाव में कांग्रेस को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मुझे सबसे पुरानी और बेशक भारत की सबसे बेहतरीन राजनीतिक पार्टी का अनुशासित सिपाही होने पर गर्व है।
JUN 23, 2025 16:00 IST
ईरान की एविन जेल के गेट पर इजरायल का संदिग्ध हमला
ईरान की एविन जेल के गेट पर इजरायल का संदिग्ध हमला हुआ है। ईरानी मीडिया ने आशंका जताई है कि यह हमला संभवत: ड्रोन से किया गया है। खबर के साथ हमले की श्वेत-श्याम निगरानी फुटेज साझा की गई है। यह जेल दोहरी नागरिकता वाले लोगों और पश्चिमी देशों के लोगों को रखने के लिए जानी जाती है और ईरान इन लोगों का पश्चिम के साथ बातचीत में सौदेबाजी के लिए अक्सर इस्तेमाल करता है।
JUN 23, 2025 15:28 IST
झारखंड के हजारीबाग में कमरे की छत गिरने से दंपति की मौत
झारखंड के हजारीबाग जिले में एक कमरे की छत ढह जाने से एक दंपति की मौत हो गई। यह घटना रविवार रात रसोइधमना गांव में उस समय हुई जब दंपति कमरे में सो रहा था। दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान हदीस अंसारी (52) और उनकी पत्नी जमीरा खातून (48) के रूप में हुई है। बरही अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) जोहान टुडू ने बताया कि हादसे के समय दोनों अपने कमरे में सो रहे थे, तभी अचानक छत गिर गई और वे मलबे में दब गए। उन्होंने बताया कि घर के अन्य सदस्य सुरक्षित हैं क्योंकि वे अलग कमरों में सो रहे थे।
JUN 23, 2025 15:16 IST
ईरान के कुख्यात एविन जेल के गेट पर संदिग्ध इजराइली हमला
ईरान के कुख्यात एविन जेल के गेट पर संदिग्ध इजराइली हमला हुआ है, एपी ने ईरान के सरकारी टेलीविजन के हवाले से बताया।
JUN 23, 2025 14:58 IST
ईरानी सेना के चीफ की धमकी, अमेरिका को देंगे 'करारा जवाब'
अमेरिका ने ईरान की न्यूक्लियर साइट्स पर हवाई हमले किए थे। अब ईरानी सेना के नए चीफ मेजर जनरल अमीर हातामी ने अमेरिका को 'करारा जवाब' देने की चेतावनी दी है। ईरानी सेना के नए चीफ मेजर जनरल अमीर हातामी ने कहा, हमने कई बार अमेरिका का सामना किया है। जब भी उन्होंने हम पर हमला करने की कोशिश की है, उन्हें कड़ा जवाब मिला है। उन्होंने आगे कहा, हम लड़ेंगे, हम खुशी के लिए लड़ेंगे। हमारे कई सैनिक शहीद हुए हैं, लेकिन हम पूरी ताकत और साहस के साथ लड़ेंगे। आपको हमारी ताकत पर भरोसा होना चाहिए।
अमीर हातामी को हाल ही में ईरानी सेना के नए चीफ मेजर जनरल के पद पर नियुक्त किया गया है। अमेरिका ने भारतीय समय के अनुसार सुबह 4.30 बजे ईरान की तीन प्रमुख न्यूक्लियर साइट्स फोर्डो, एस्फाहान और नतांज पर हमला किया था। इस हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर दबाव डालते हुए कहा था कि उसे संघर्ष खत्म करने के लिए सहमत होना होगा। इसके साथ ही ट्रंप ने धमकी दी थी कि अगर ईरान शांति कायम नहीं करता, तो उस पर और बड़े हमले किए जाएंगे।
अमीर हातामी को हाल ही में ईरानी सेना के नए चीफ मेजर जनरल के पद पर नियुक्त किया गया है। अमेरिका ने भारतीय समय के अनुसार सुबह 4.30 बजे ईरान की तीन प्रमुख न्यूक्लियर साइट्स फोर्डो, एस्फाहान और नतांज पर हमला किया था। इस हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर दबाव डालते हुए कहा था कि उसे संघर्ष खत्म करने के लिए सहमत होना होगा। इसके साथ ही ट्रंप ने धमकी दी थी कि अगर ईरान शांति कायम नहीं करता, तो उस पर और बड़े हमले किए जाएंगे।
JUN 23, 2025 14:06 IST
ईरान ने मिसाइलों की बौछार की, जॉर्डन और मध्य इजराइल में सायरन सुने गए
इजराइल की सेना ने कहा कि सोमवार सुबह ईरान से इजराइल की ओर मिसाइलों की बौछार की गई। इजराइली सेना ने बाद में कहा कि ईरान ने अतिरिक्त बमबारी की। जॉर्डन और मध्य इजराइल में सायरन बजाए गए। इस बीच, सशस्त्र बलों के कर्मचारियों के संयुक्त प्रमुख, ईरानी जनरल अब्दुलरहीम मौसवी ने सोमवार को अमेरिका को चेतावनी दी कि उसके हमलों ने ईरानी सशस्त्र बलों को अमेरिकी हितों और उसकी सेना के खिलाफ कार्रवाई करने की खुली छूट दे दी है। मौसवी ने कहा कि रविवार को ईरानी परमाणु स्थलों पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद ईरान ऐसा करने में संकोच नहीं करेगा। उन्होंने अमेरिकी हमले को ईरान की संप्रभुता का उल्लंघन, देश में इजराइली युद्ध में प्रवेश करने और देश पर आक्रमण करने के समान बताया। सरकारी इरना समाचार एजेंसी ने मौसवी के बयान के बारे में खबर जारी की।
JUN 23, 2025 14:04 IST
यूक्रेन में रूस के हमले में पांच लोगों की मौत, कई घायल
यूक्रेन की राजधानी कीव पर रात में हुए रूसी ड्रोन और मिसाइल हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी और अन्य लोग घायल हो गए हैं। यूक्रेन की आपातकालीन सेवाओं ने यह जानकारी दी। बचावकर्मी और अग्निशमन कर्मी आंशिक रूप से क्षतिगस्त हुई एक इमारत के मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं। यह हमला गत मंगलवार को यूक्रेन पर किए गए रूस के हमले के लगभग एक सप्ताह बाद हुआ है। एक सप्ताह पहले किए गए रूसी हमले में कीव में 28 लोग मारे गए थे, जिनमें से 23 लोग एक आवासीय इमारत में मारे गए थे, जो मिसाइल हमले के बाद ढह गई थी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस हमले को युद्ध की सबसे बड़ी बमबारी में से एक बताया। आपात सेवाओं ने बताया कि सोमवार तड़के रूस के ड्रोन और मिसाइलों ने कीव में रिहायशी इलाकों, अस्पतालों और खेल परिसरों को निशाना बनाया। सबसे ज्यादा नुकसान शेवचेन्कीव्स्की प्रांत को पहुंचा है जहां पांच मंजिला एक इमारत का एक हिस्सा ढह गया। आपात सेवाओं ने बताया कि इमारत पर हुए हमले में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि 10 अन्य को बचाया गया है। इमारत के मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है।
JUN 23, 2025 13:28 IST
परीक्षा में कम नंबर लाने पर पिता ने बेटी को पीट-पीटकर मार डाला
महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक स्कूल शिक्षक ने कम नंबर लाने पर अपनी 16 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार रात आटपाडी तहसील के नेलकरंजी गांव में हुई। अधिकारी ने कहा कि आरोपी धोंडीराम भोसले (45) अपनी बेटी साधना से नाराज था। उसकी बेटी बारहवीं कक्षा की छात्रा थी। एक परीक्षा में कम नंबर आने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने आटा पीसने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली पत्थर की चक्की का लकड़ी का हैंडल उठाया और अपनी पत्नी और बेटे की मौजूदगी में उससे अपनी बेटी को पीटना शुरू कर दिया। आटपाडी पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक विनय बहिर ने कहा, गंभीर रूप से घायल साधना को सांगली के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उसकी मौत की वजह "बहुत सी चोटें लगना" बताया गया है। उन्होंने बताया कि लड़की की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
JUN 23, 2025 13:02 IST
ईरान में इजरायली ड्रोन गिराया गया
इजरायली सेना ने कहा कि सोमवार सुबह ईरान में एक ऑपरेशन के दौरान उसका एक ड्रोन गिरा दिया गया। सेना ने यह भी कहा कि 15 लड़ाकू विमानों ने इराक की सीमा के करीब पश्चिमी ईरान में मिसाइल लांचर और भंडारण स्थलों पर हमला किया। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार देर रात कहा कि ईरान के परमाणु और मिसाइल खतरों को दूर करने में इजरायल अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के बहुत करीब है।
JUN 23, 2025 12:51 IST
JUN 23, 2025 12:45 IST
ठाणे में नाबालिग छात्रा से बलात्कार के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 17 वर्षीय छात्रा से बलात्कार करने के आरोप में पुलिस ने ट्यूशन पढ़ाने वाले एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी (50) भायंदर में निजी ट्यूशन कक्षाएं लेता था और पीड़िता को पढ़ाने के लिए वह उसी इलाके में स्थित उसके घर भी जाता था। पीड़िता कला स्नातक (बीए) प्रथम वर्ष की छात्रा थी और आरोपी ने उसके करियर में मदद करने का प्रलोभन देकर उससे अपनी कक्षा में कथित तौर पर छेड़छाड़ की थी। नवगर थाने के एक अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति ने उसे घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी।
JUN 23, 2025 12:31 IST
JUN 23, 2025 11:59 IST
मध्य पूर्व में तनाव के कारण भारत में ईंधन की कमी नहीं होगी: हरदीप पुरी
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इजरायल-ईरान युद्ध के कारण भारतीय उपभोक्ताओं को तेल आपूर्ति में किसी भी तरह की बाधा आने और ईरान के परमाणु स्थलों पर अमेरिका द्वारा बमबारी के कारण मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव में वृद्धि की आशंकाओं को दूर किया। केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, हम पिछले दो सप्ताह से मध्य पूर्व में बढ़ रही भू-राजनीतिक स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम पिछले कुछ वर्षों में अपनी आपूर्ति में विविधता लाए हैं और अब हमारी आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से नहीं आता है। उन्होंने बताया कि देश की तेल विपणन कंपनियों (इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम) के पास कई सप्ताह के लिए आपूर्ति है और उन्हें कई मार्गों से ऊर्जा आपूर्ति मिलती रहती है। केंद्रीय मंत्री पुरी ने आश्वासन दिया कि हम अपने नागरिकों को ईंधन की आपूर्ति की स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।
JUN 23, 2025 11:28 IST
ट्रंप ने ईरानी परमाणु केंद्रों को भारी नुकसान पहुंचने का दावा किया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा है कि अमेरिका के हमले में ईरान के परमाणु केंद्रों को भारी नुकसान पहुंचा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने लिखा, बहुत नुकसान पहुंचा है। अमेरिका के रक्षा अधिकारियों ने कहा है कि वे हमले में हुए नुकसान का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं। ईरान ने भी यह नहीं बताया है कि हमले में उसे कितना नुकसान हुआ है। ईरान ने इजराइल के साथ युद्ध में इजराइल की ओर से किए गए हमलों के बारे में कोई विवरण नहीं दिया है। ईरान ने संभवतः अमेरिकी हमलों से पहले परमाणु केंद्रों के पास बनी सुरंगों को भर दिया था। अमेरिका के एक परमाणु अप्रसार संगठन द्वारा उपग्रह तस्वीरों के विश्लेषण से पता चलता है कि ईरान ने संभवतः रविवार की सुबह अमेरिकी हमलों से पहले इस्फहान में अपने परमाणु स्थल पर बनी सुरंगें भर दी हैं।
JUN 23, 2025 11:17 IST
गुजरात उपचुनाव: कडी में भाजपा आगे, विसावदर में आम आदमी पार्टी मामूली अंतर से आगे
गुजरात में दो विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को हो रही मतगणना के शुरुआती दौर के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार गोपाल इटालिया विसावदर में मामूली अंतर से आगे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी के राजेंद्र चावड़ा कडी में आगे हैं। भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने दोनों सीट पर अपने उम्मीदवार खड़े किये थे। 19 जून को उपचुनाव हुए थे। तत्कालीन ‘आप’ विधायक भूपेंद्र भयानी के इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होने के बाद दिसंबर 2023 में विसावदर सीट रिक्त हो गई थी। अनुसूचित जाति (एससी) के उम्मीदवार के लिए आरक्षित कडी निर्वाचन क्षेत्र भाजपा विधायक करसन सोलंकी के फरवरी में निधन से रिक्त हुआ है। चुनाव आयोग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इटालिया को 7,179 वोट मिले, जबकि उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी और भाजपा उम्मीदवार किरीट पटेल को दो चरण की मतगणना में 6,788 वोट मिले। कडी में भाजपा के राजेंद्र चावड़ा 12,701 वोटों के साथ आगे हैं, जबकि कांग्रेस के रमेश चावड़ा को 6,949 वोट मिले हैं।
JUN 23, 2025 11:15 IST
पाकिस्तान ने एनएससी की बुलाई आपात बैठक
ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर अमेरिकी की बमबारी के बाद पाकिस्तान भी सतर्क हो गया है। कुछ दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ लंच करके लौटे पाकिस्तानी आर्मी चीफ आसिम मुनीर को भी अपने देश की चिंता सताने लगी है। ईरान की तीन परमाणु सुविधाओं पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा करने के लिए पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को अपने शीर्ष सुरक्षा निकाय की एक आपातकालीन बैठक बुलाई है। राष्ट्रीय सुरक्षा समिति देश में सुरक्षा विचार-विमर्श के लिए सर्वोच्च मंच है, और इसकी बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री करते हैं। सेना प्रमुख आसिम मुनीर सहित देश के शीर्ष नागरिक और सैन्य नेतृत्व समिति का हिस्सा हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने डॉन अखबार को बताया कि एनएससी की बैठक सोमवार शाम को होगी। मुनीर हाल ही में अमेरिका की यात्रा से लौटे हैं, समिति को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी बैठक के विवरण के बारे में जानकारी देंगे।
JUN 23, 2025 09:57 IST
समाजवादी पार्टी ने तीन विधायकों को पार्टी से निष्कासित किया
समाजवादी पार्टी ने तीन विधायकों को पार्टी से निष्कासित किया है। पार्टी ने एक्स पर लिखा, समाजवादी सौहार्दपूर्ण सकारात्मक विचारधारा की राजनीति के विपरीत साम्प्रदायिक विभाजनकारी नकारात्मकता व किसान, महिला, युवा, कारोबारी, नौकरीपेशा और ‘पीडीए विरोधी’ विचारधारा का साथ देने के कारण, समाजवादी पार्टी जनहित में इन तीन विधायकों को पार्टी से निष्कासित करती है: 1. विधायक गोशाईगंज अभय सिंह, 2. विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह, 3. विधायक ऊंचाहार मनोज कुमार पाण्डेय। इन लोगों को हृदय परिवर्तन के लिए दी गई ‘अनुग्रह-अवधि’ की समय-सीमा अब पूर्ण हुई, शेष की समय-सीमा अच्छे व्यवहार के कारण शेष है। भविष्य में भी ‘जन-विरोधी’ लोगों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं होगा और पार्टी के मूल विचार की विरोधी गतिविधियाँ सदैव अक्षम्य मानी जाएंगी। जहां रहें, विश्वसनीय रहें।
JUN 23, 2025 09:44 IST
अमेरिकी हमलों पर जवाबी कार्रवाई का समय, तरीका और पैमाना सेना तय करेगी, ईरान का ऐलान
ईरान ने कहा है कि अमेरिका ने देश के परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमला करके कूटनीति के रास्ते बंद करने का फैसला किया और अब उसके हमलों पर जवाबी कार्रवाई का वक्त, तरीका और इसका पैमाना क्या होगा इसके बारे में फैसला सेना करेगी। संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत आमिर सईद इरावनी ने रविवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक आपातकालीन बैठक में कहा कि ईरान ने अपने तीन परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिकी हमलों के बाद कहा कि ईरान ने युद्धोन्मादी अमेरिकी शासन को बार-बार चेतावनी दी थी कि वह इस दलदल में न फंसे।
JUN 23, 2025 08:56 IST
गुजरात में विसावदर और कादी सहित पांचों विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू
चार राज्यों में पांच सीटों के लिए विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। गुजरात में विसावदर और कादी विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती सोमवार को जारी है। अधिकारियों ने बताया कि 19 जून को हुए उपचुनाव में मेहसाणा जिले की कादी सीट पर 57.90 प्रतिशत और जूनागढ़ जिले में स्थित विसावदर निर्वाचन क्षेत्र में 56.89 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह 8 बजे वोटों की गिनती शुरू हुई और सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। विसावदर सीट दिसंबर 2023 में खाली हो गई थी, जब तत्कालीन आप विधायक भूपेंद्र भयानी ने इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ भाजपा का दामन थाम लिया था। विसावदर उपचुनाव के लिए भाजपा ने किरीट पटेल को उम्मीदवार बनाया था, जबकि कांग्रेस ने नितिन रणपरिया को मैदान में उतारा था। आप के पूर्व गुजरात अध्यक्ष गोपाल इटालिया भी मैदान में थे।
