LIVE
हिंदी समाचार, 22 जून 2024 : नप गए NTA के डायरेक्टर जनरल सुबोध कुमार, हो गई छुट्टी; AAP का बड़ा दावा- जेल में गिर रहा केजरीवाल का वजन
हिंदी समाचार, 22 जून 2024 : नप गए NTA के डायरेक्टर जनरल सुबोध कुमार, हो गई छुट्टी; AAP का बड़ा दावा- जेल में गिर रहा केजरीवाल का वजन
JUN 22, 2024 22:07 IST
NTA के डायरेक्टर जनरल सुबोध कुमार की हुई छुट्टी
नीट पेपर लीक समेत कई परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं के आरोपों के बाद अब एनटीए के महानिदेशक सुबोध कुमार सिंह पर बड़ा एक्शन हुआ है। सरकार ने NTA के डायरेक्टर जनरल सुबोध कुमार को उनके पद से हटा दिया। उन्हें डीओपीटी में "अनिवार्य प्रतीक्षा" पर रखा गया है। नियमित प्रमुख की नियुक्ति होने तक या अगले आदेश तक सुबोध कुमार के स्थान पर प्रदीप सिंह खरोला (आईएएस) को एनटीए का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। दीप सिंह खरोला भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) के अध्यक्ष हैं, उन्हें एनटीए महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।
JUN 22, 2024 22:06 IST
जेल में 8 किलो घटा अरविंद केजरीवाल का वजन, AAP का दावा
दिल्ली शराब नीति घोटाले में जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का वजट घट रहा है। आप की ओर से ये दावा करते हुए कहा गया है कि जेल में अरविंद केजरीवाल का वजन 8 किलो घट चुका है। जिसके बाद एम्स के मेडिकल बोर्ड ने उनके डाइट प्लान में हैवी खाने को शामिल किया है। आप की ओर से कहा गया है कि अरविंद केजरीवाल को जेल में दिए जाने वाले खाने में बदलाव किया गया है। एम्स के मेडिकल बोर्ड ने सीएम केजरीवाल के घटते वजन को देख उनकी डाइट में पराठा और पूड़ी भी शामिल करने के लिए कहा है। आप की ओर से दावा किया गया है कि 21 मार्च को गिरफ्तारी के दौरान सीएम केजरीवाल का वजन 70 किलो था, जो 2 जून को वजन घटकर 63.5 किलो हो गया। शनिवार 22 जून को वजन और घटकर 62 किलो हो गया है। मतलब केजरीवाल का वजन 8 किलो घट गया है।
JUN 22, 2024 21:00 IST
कुमारस्वामी ने अधिकारियों को एचएमटी को पटरी पर लाने का निर्देश दिया
केंद्रीय भारी उद्योग और इस्पात मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने शनिवार को अधिकारियों को हिंदुस्तान मशीन टूल्स (एचएमटी) को पटरी पर लाने का निर्देश दिया। उन्होंने यहां एचएमटी के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक में यह निर्देश दिया। बैठक के दौरान मंत्री ने कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक राजेश कोहली सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की। मंत्री के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि कुमारस्वामी ने कारोबार, शुद्ध लाभ और अन्य प्रमुख मानकों पर विवरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ कंपनी की वित्तीय, उत्पादन और परिचालन स्थितियों पर भी चर्चा की।
JUN 22, 2024 21:00 IST
आतिशी के अनशन स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए, तख्तियां लहराईं
दिल्ली की जल मंत्री आतिशी के अनशन स्थल पर प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने शनिवार को जल संकट को लेकर नारे लगाए और तख्तियां लहराईं। इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर अनशन में व्यवधान पैदा करने का आरोप लगाया। भाजपा ने आतिशी की भूख हड़ताल को राजनीतिक नाटक बताते हुए पलटवार किया और दावा किया कि प्रदर्शनकारी नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक तथा बस मार्शल थे जिन्हें आप सरकार ने नौकरी से हटा दिया था। दक्षिणी दिल्ली के भोगल में शुक्रवार को अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने वाली आतिशी ने कहा कि कुछ लोग हंगामा करने और उन पर हमला करने के लिए अनशन स्थल पर आए। उन्होंने कहा, 'लेकिन मैं भाजपा को बताना चाहती हूं कि मैं गांधी जी द्वारा सिखाए गए 'सत्याग्रह' के रास्ते पर चल रही हूं। मैं ऐसी चीजों से डरने वाली नहीं हूं। मैं ऐसे कार्यों के कारण इस भूख हड़ताल को बंद नहीं करने वाली हूं। 28 लाख दिल्लीवासियों को उनके हिस्से का पानी मिलने तक यह भूख हड़ताल जारी रहेगी।' आप ने कहा कि आतिशी के उपवास के दूसरे दिन स्थिति तब बिगड़ गई जब "भाजपा द्वारा भेजे गए" व्यक्तियों ने व्यवस्था को बाधित करने और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में बाधा डालने का प्रयास किया। वहीं, आतिशी पर निशाना साधते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह भूख हड़ताल का 'केजरीवाल मॉडल' है जिसमें एक 'सत्याग्रही' घर जाकर खाना खा सकता है और पानी पी सकता है। उन्होंने कहा, 'जल संकट और इसमें टैंकर माफिया की भूमिका से ध्यान हटाने के लिए एक राजनीतिक नाटक किया जा रहा है।'
JUN 22, 2024 20:59 IST
दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से 0.6 डिग्री अधिक 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को दिल्ली के कई इलाकों में बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। शनिवार की सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में राष्ट्रीय राजधानी में चार मिमी बारिश हुई। आर्द्रता 50 प्रतिशत से 62 प्रतिशत के बीच रही। मौसम विभाग ने रविवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 40 डिग्री और 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम छह बजे 190 अंकों के साथ 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘‘अच्छा’’, 51 से 100 के बीच ‘‘संतोषजनक’’, 101 से 200 के बीच ‘‘मध्यम’’, 201 से 300 के बीच ‘‘खराब’’, 301 से 400 के बीच ‘‘बहुत खराब’’ और 401 से 500 के बीच ‘‘गंभीर’’ माना जाता है।
JUN 22, 2024 20:43 IST
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के बाद तीन महीने से फरार एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान दक्षिणी दिल्ली के मोलड़बंद एक्सटेंशन के निवासी अंकित तोमर (25) के रूप में हुई है जो फिलहाल गाजियाबाद में किराए के मकान पर रह रहा था। प्रवक्ता के अनुसार 28 मार्च को एक शादीशुदा महिला ने खेड़ीपुल थाने में मुकदमा दर्ज किया था और आरोप लगाया था कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार उस समय दोनों सेक्टर 86 स्थित एक स्पा सेंटर में काम करते थे और दोनों एक-दूसरे के करीब आये थे। पुलिस के मुताबिक मार्च में आरोपी की शादी हो गई और उधर पीड़िता गर्भवती हो गयी। महिला को जब आरोपी की शादी के बारे में पता चला तो उसने पुलिस में इसकी शिकायत दी जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी की तलाश की गई। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्त से बचने के लिए आरोपी बिहार भाग गया और वह बार-बार गिरफ्तारी से बचता रहा। पुलिस ने कहा कि उसने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
JUN 22, 2024 20:43 IST
पेड़ से टकराने पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत
सुलतानपुर के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में पहाड़पुर गांव के पास में एक महिला को बचाने के चक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो युवक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराए, जिससे उनकी मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक बहरी गांव के अमित निषाद (23) एवं कृष्णा (21) शुक्रवार को अपनी बुआ के घर होलेपुर गांव गए थे और जब दोनों घर वापस लौट रहे थे तब बिरसिंहपुर-हालापुर मार्ग पर पहाड़पुर गांव के पास उनकी मोटरसाइकिल के सामने अचानक एक महिला आ गई। पुलिस के अनुसार उस महिला को बचाने के चक्कर में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। पुलिस के मुताबिक इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिसके बाद आसपास के लोगों ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों युवक को जिला अस्पताल अंबेडकरनगर ले जाने की सलाह दी जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी । क्षेत्राधिकारी (सीओ) जयसिंहपुर प्रशांत सिंह ने बताया कि घायलों को अम्बेडकरनगर मेडिकल कालेज भेजा गया था जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके अनुसार शवों का पोस्टमार्टम हो जाने के बाद दोनों युवकों अंतिम संस्कार किया जाएगा।
JUN 22, 2024 16:24 IST
अवैध रेत खनन मामले में सीबीआई ने राजस्थान में 10 स्थानों पर तलाशी ली
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अवैध रेत खनन के सिलसिले में शनिवार को राजस्थान में 10 स्थानों पर तलाशी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार समझा जाता है कि एजेंसी ने जयपुर, टोंक, जोधपुर, नागौर, भीलवाड़ा, करोली और सीकर में विभिन्न स्थानों पर तलाशी के दौरान 20 लाख रुपये से अधिक नकदी और एक देसी पिस्तौल जब्त की। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर पीठ के आदेश पर अवैध रेत खनन मामले की जांच अपने हाथ में ली है। पहले बूंदी पुलिस ने इस सिलसिले में मामला दर्ज किया था। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि पिछले साल 24 अक्टूबर को बिना वैध परमिट के पंजीकरण संख्या RJ-08-GB-3162 वाले एक डंपर से 40 मीट्रिक टन रेत की ढुलाई के दौरान शाहरुख को गिरफ्तार किया गया था।
JUN 22, 2024 16:24 IST
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 22 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस ने आईएसआईएस, टीटीपी और अन्य प्रतिबंधित संगठनों के 22 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल करने का शनिवार को दावा किया। आतंकवाद-निरोधक विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, इस सप्ताह पुलिस ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर पंजाब के विभिन्न जिलों में अभियान चलाया तथा आईएसआईएस, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी), बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) और लश्कर-ए-झांगवी (एलईजे) के 22 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि इन कथित आतंकवादियों को लाहौर, एटक, शेखपुरा, मुजफ्फरगढ़, ननकाना साहिब, बहावलपुर, डी जी खान, फैसलाबाद, मुल्तान, बहावलनगर और रावलिपंडी जैसे क्षेत्रों से गिरफ्तार किया गया। प्रवक्ता के अनुसार, संदिग्धों के पास से कथित रूप से 1645 ग्राम विस्फोटक, तीन हथगोले, एक आईईडी बम, 12 डिटोनेटर, एक पिस्तौल और प्रतिबंधित साहित्य सामग्री बरामद की गयी। उन्होंने कहा, ‘‘गिरफ्तार किये गये आतंकवादियों ने पंजाब में गड़बड़ी फैलाने की साजिश रची थी और वे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों एवं हस्तियों को निशाना बनाना चाहते थे।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने आतंकवादियों के खिलाफ 19 मामले दर्ज किये हैं और उन्हें पूछताछ के लिए अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है।
JUN 22, 2024 16:23 IST
शरद पवार ने महिलाओं के लिए अधिक अवसरों की वकालत की
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को कहा कि महिलाओं को विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अधिक अवसर दिए जाने चाहिए क्योंकि ‘‘जिम्मेदारी सिर्फ पुरुषों के लिए आरक्षित नहीं है।’’ पवार यहां 'यशस्विनी सम्मान समारोह' में बोल रहे थे जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को समाज में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पवार ने यह भी कहा कि उन्होंने और उनके भाइयों ने जो पुरस्कार जीते हैं, उनका श्रेय "मां को जाता है।" उन्होंने कहा, "जिम्मेदारी केवल पुरुषों के लिए आरक्षित नहीं है। महिलाओं को भी अवसरों की जरूरत है। उन्हें विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अधिक अवसर दिए जाने चाहिए। अगर मौका दिया जाए तो महिलाएं मेहनत करके दिखा सकती हैं और यह एक सिद्ध तथ्य है।" उन्होंने कहा, "मेरे परिवार में शिक्षा के दरवाजे मेरी मां ने खोले। मेरे भाइयों अप्पासाहेब और प्रतापराव को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है, जबकि मुझे पद्म विभूषण मिला है। इन सब पुरस्कारों का श्रेय मेरी मां को जाता है।" पूर्व रक्षा मंत्री पवार ने कहा कि उन्हें सशस्त्र बलों में महिलाओं को आरक्षण देने के अपने फैसले पर गर्व है। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं के वायुसेना में शामिल होने के बाद से दुर्घटनाओं में कमी आयी है।
JUN 22, 2024 16:23 IST
ठाणे जिले में 720 वोटर कार्ड सड़क पड़े मिले, मामला दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सड़क से 720 मतदाता पहचान पत्र मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को शील-कल्याण रोड पर पिसावली गेट के पास राहगीरों ने जमीन पर वोटर कार्ड बिखरे हुए देखे। उन्होंने बताया कि चुनाव अधिकारियों की शिकायत के आधार पर डोंबिवली इलाके में मानपाड़ा पुलिस ने शुक्रवार को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत चोरी और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया। अधिकारी ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि मतदाता पहचान पत्र कहां से चोरी हुए और इसके पीछे कौन लोग हैं।
JUN 22, 2024 16:22 IST
प्रधानमंत्री मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री हसीना के साथ वार्ता की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ शनिवार को व्यापार और संपर्क सहित विविध क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाने के लिए व्यापक बातचीत की। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शुक्रवार से दो दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। लोकसभा चुनाव के बाद भारत में नयी सरकार के गठन के बाद, किसी विदेशी नेता की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा,‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने द्विपक्षीय वार्ता से पहले हैदराबाद हाउस में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना का गर्मजोशी से स्वागत किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ दोनों नेता 2019 से दस बार मुलाकात कर चुके हैं, जिससे रिश्तों में अभूतपूर्व बदलाव आया है।’’ बांग्लादेश की प्रधानमंत्री हसीना ने सुबह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री के साथ वार्ता से पहले हसीना का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में रस्मी स्वागत किया गया। अधिकारियों ने बताया कि मोदी-हसीना वार्ता का मुख्य उद्देश्य व्यापार, संपर्क और ऊर्जा के क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय संबंधों को नई गति प्रदान करना है। हसीना भारत के पड़ोसी और हिंद महासागर क्षेत्र के उन सात शीर्ष नेताओं में शामिल थीं, जो नौ जून को राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। पिछले कुछ वर्षों में भारत और बांग्लादेश के बीच समग्र सामरिक संबंध तेजी से बढ़े हैं।
JUN 22, 2024 16:21 IST
चीन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने लिया हिस्सा
पूर्वी लद्दाख में 2020 के सैन्य गतिरोध के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में आए तनाव के बावजूद चीन के सैकड़ों उत्साही लोगों ने शनिवार को 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। अधिकारियों ने बताया कि साल दर साल विभिन्न शहरों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है, और इसमें खासकर युवाओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। बीजिंग में भारतीय दूतावास की ओर से शनिवार को आयोजित दो घंटे के लंबे कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोगों ने योग किया। यह कार्यक्रम अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के एक दिन बाद सप्ताहांत की छुट्टी के दौरान आयोजित किया गया। चीन में भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत, उनकी पत्नी श्रुति रावत और उप राजदूत अभिषेक शुक्ला के अलावा दूतावास के अधिकारी भी पुराने दूतावास परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए। दूतावास से भारतीय संस्कृति के शिक्षक लोकेश शर्मा ने सामान्य योग शिष्टाचार का नेतृत्व किया, पुणे स्थित प्रसिद्ध कैवल्यधाम योग संस्थान के ध्यान विशेषज्ञ प्रो. डॉ. आरएस भोगल ने ध्यान पर विशेष सत्र आयोजित किए। कार्यक्रम चार संस्थानों - योगीयोग, वी योग, ओम शिव योग और हेमंत योग के सहयोग से आयोजित किया गया। भारतीय दूतावास में संस्कृति मामलों के प्रभारी (प्रथम सचिव) टी.एस. विवेकानंद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ‘अष्टवक्रासन’ (आठ कोण वाली मुद्रा) में हाथ आजमाने वाले विजेता को पुरस्कृत किया गया।
JUN 22, 2024 14:01 IST
ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पार्टी की सभी इकाई को किया भंग
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को अपनी पार्टी की सभी इकाइयों को भंग कर दिया।पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर ने एक पत्र जारी कर बताया कि उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी के साथ-साथ पूर्वांचल, मध्यांचल, बुंदेलखंड और पश्चिमांचल (प्रदेश, मंडल, जिला, विधानसभा, ब्लॉक) की मुख्य इकाई के साथ सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है।लोकसभा चुनाव में हार के बाद अब पार्टी का फोकस आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर है।
JUN 22, 2024 13:16 IST
स्वाति मालीवाल केस: बिभव कुमार की न्यायिक हिरासत 6 जुलाई तक बढ़ी
स्वाति मालीवाल मारपीट मामले में तीस हजारी कोर्ट ने बिभव कुमार की न्यायिक हिरासत 6 जुलाई तक बढ़ा दी है। न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया। उन्हें 18 मई को गिरफ्तार किया गया था।
JUN 22, 2024 13:15 IST
भारत-बांग्लादेश ने कई समझौतों पर किए हस्ताक्षर
भारत और बांग्लादेश ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की उपस्थिति में समझौता ज्ञापनों और समझौतों का आदान-प्रदान किया।
JUN 22, 2024 12:17 IST
यूपी में आईपीएस के तबादले, लखनऊ और प्रयागराज के कमिश्नर बदले
लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद यूपी में एक बार फिर शासन ने कई आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। लखनऊ और प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर बदल दिए गए हैं।शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, लखनऊ के पुलिस कमिश्नर एस. बी. शिराडकर को अब लखनऊ का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है, जबकि प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब बरेली जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।लखनऊ के नए कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर होंगे। वह अभी तक एडीजी लखनऊ जोन रहे हैं। इसके अलावा प्रयागराज के नए कमिश्नर तरुण गाबा होंगे। वह अभी तक आईजी लखनऊ जोन के पद पर रहे हैं।
JUN 22, 2024 12:15 IST
आतिशी का अनशन दूसरे दिन भी जारी
राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर दिल्ली की जल मंत्री आतिशी का अनिश्चितकालीन अनशन दूसरे दिन, शनिवार को भी जारी है।दक्षिणी दिल्ली के भोगल में अपने ‘जल सत्याग्रह’ स्थल से एक वीडियो संदेश में आतिशी ने कहा कि जब तक हरियाणा दिल्ली वासियों के लिए और पानी नहीं छोड़ता, तब तक वह कुछ नहीं खाएंगी। उन्होंने कहा कि शहर में 28 लाख लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।
JUN 22, 2024 12:13 IST
तेदेपा के सी. अय्यन्नापतरुदू आंध्र प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए
तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नरसीपट्टनम से विधायक सी. अय्यन्नापतरुदू को शनिवार को आंध्र प्रदेश विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया।चूंकि किसी अन्य विधायक ने सदन के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया था, इसलिए यह चुनाव महज औपचारिकता था।
JUN 22, 2024 12:11 IST
