LIVE

20 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज़: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हुआ हमला, मौसम की मार झेल रहे हिमाचल में भूकंप के डबल झटके

Shashank Shekhar MishraUpdated Aug 20, 2025, 18:16 IST

20 अगस्त 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: दिल्ली सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान एक हादसा हुआ। दिल्ली भाजपा ने कहा है कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। पुलिस जांच से मामले का खुलासा होगा। मौसम की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश में आज भूकंप के दो झटके महसूस हुए। बुधवार तड़के चंबा जिले में 10 किमी और 20 किमी की गहराई में भूकंप आए। पहला भूकंप 3.3 तीव्रता का आया और दूसरे भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4 मापी गई। हालांकि अभी तक इसमें किसी नुकसान की सूचना नहीं है। मुंबई में फंसी दो मोनोरेल ट्रेन से 700 से अधिक यात्रियों को निकाला गया। मैसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क के बीच एक मोनोरेल ट्रेन में फंसे 582 यात्रियों को बचाया गया। वहीं एक अन्य मोनोरेल ट्रेन से 200 से यात्रियों को निकाला गया।

20 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज़: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हुआ हमला, मौसम की मार झेल रहे हिमाचल में भूकंप के डबल झटके
20 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज़: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हुआ हमला, मौसम की मार झेल रहे हिमाचल में भूकंप के डबल झटके

20 अगस्त 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: दिल्ली सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान एक हादसा हुआ। दिल्ली भाजपा ने कहा है कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। पुलिस जांच से मामले का खुलासा होगा। मौसम की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश में आज भूकंप के दो झटके महसूस हुए। बुधवार तड़के चंबा जिले में 10 किमी और 20 किमी की गहराई में भूकंप आए। पहला भूकंप 3.3 तीव्रता का आया और दूसरे भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4 मापी गई। हालांकि अभी तक इसमें किसी नुकसान की सूचना नहीं है। मुंबई में फंसी दो मोनोरेल ट्रेन से 700 से अधिक यात्रियों को निकाला गया। मैसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क के बीच एक मोनोरेल ट्रेन में फंसे 582 यात्रियों को बचाया गया। वहीं एक अन्य मोनोरेल ट्रेन से 200 से यात्रियों को निकाला गया।

  • मौसम की मार झेल रहे हिमाचल में भूकंप का डबल अटैक, 3.3 और 4 तीव्रता से हिला चंबा

  • मुंबई में फंसी दो मोनोरेल ट्रेन से 700 से अधिक यात्रियों को निकाला गया

  • यूक्रेन की रक्षा के लिए अमेरिकी सैनिक नहीं भेजे जाएंगे: ट्रंप

  • किश्तवाड़ बादल हादसा: दो शव बरामद, मृतकों की संख्या 65 हुई

  • महाराष्ट्र: नांदेड़ में बाढ़ में बहकर तीन लोगों की मौत, एक लापता

AUG 20, 2025 18:16 IST

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दोषी व्यक्ति की उम्रकैद की सजा बरकरार

दिल्ली उच्च न्यायालय ने सात साल पहले एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और अप्राकृतिक यौनाचार से जुड़े मामले में दोषी करार दिए गए व्यक्ति की उम्रकैद की सजा बुधवार को बरकरार रखी। न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह और न्यायमूर्ति रजनीश कुमार गुप्ता की पीठ ने याचिकाकर्ता की इस दलील को खारिज कर दिया कि सामूहिक बलात्कार के मामले में केवल उसे ही दोषी ठहराया गया है और सह-आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पीठ ने कहा, “अपराध को सामूहिक बलात्कार का मामला करार देने के लिए यह जरूरी है कि पीड़िता का एक से अधिक व्यक्ति ने यौन उत्पीड़न किया हो। यह दलील बेबुनियाद है, क्योंकि अगर दूसरा अपराधी भागने में सफल रहा हो और उसे पकड़ा न जा सका हो, तो एक अपराधी को सामूहिक बलात्कार के लिए दोषी ठहराया जा सकता है।”
AUG 20, 2025 18:15 IST

नफरती भाषण देने के मामले में अब्बास अंसारी की दोषसिद्धि रद्द

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने वर्ष 2022 में नफरत भरा भाषण देने संबंधी मामले में पूर्व सांसद मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी की दोषसिद्धि बृहस्पतिवार को रद्द कर दी। अदालत के इस फैसले के साथ ही अब्बास की विधानसभा सदस्यता बहाल होने का रास्ता भी लगभग साफ हो गया है। न्यायमूर्ति समीर जैन ने विशेष सांसद-विधायक अदालत के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें अब्बास को दो साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई थी। मऊ की विशेष अदालत ने भाषण मामले में 31 मई को अब्बास को दोषी ठहराते हुए यह सजा सुनाई थी। अब्बास को भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए (विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाना) और 189 (लोक सेवक को चोट पहुंचाने की धमकी), धारा 506 (आपराधिक धमकी) और धारा 171एफ (चुनाव में अनुचित प्रभाव डालना) के तहत सजा सुनाई गई थी।
AUG 20, 2025 18:15 IST

हरियाणा सरकार ने वन की परिभाषा अधिसूचित की

हरियाणा सरकार ने वन के ‘‘शब्दकोशीय अर्थ’’ को परिभाषित किया है, तथा वन विशेषज्ञ ने चिंता व्यक्त की है कि इस परिभाषा से अरावली के संभावित वन का ज्यादातर भाग वन संरक्षण अधिनियम के दायरे से बाहर हो जायेगा। हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग ने वन की परिभाषा अधिसूचित कर दी है। राज्य सरकार ने 18 अगस्त की अधिसूचना में ‘‘वन शब्द को शब्दकोष के अर्थ के अनुसार परिभाषित किया है।’’

अधिसूचना में कहा गया है कि भूमि का कोई टुकड़ा ‘‘शब्दकोश अर्थ के अनुसार वन’’ माना जाएगा, बशर्ते यह कुछ शर्तें पूरी करता हो। अधिसूचना में कहा गया है कि परिभाषा के अनुसार वन क्षेत्रों में न्यूनतम आच्छादित घनत्व 40 प्रतिशत होना चाहिए तथा पृथक होने पर कम से कम पांच हेक्टेयर क्षेत्र में फैला होना चाहिए, या सरकार द्वारा अधिसूचित वनों से सटे होने पर दो हेक्टेयर क्षेत्र में फैला होना चाहिए। आच्छादित घनत्व का मतलब है किसी जंगल या वन क्षेत्र में पेड़ों के पत्तों और टहनियों से ढके हुए क्षेत्र का अनुपात।
AUG 20, 2025 14:43 IST

एशिया कप के लिये भारतीय हॉकी टीम का ऐलान, लाकड़ा और दिलप्रीत को जगह

बिहार के राजगीर में होने वाले एशिया कप के लिये 18 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान बुधवार को किया गया जिसमें फॉरवर्ड शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह ने अपनी जगह बरकरार रखी है ।
टूर्नामेंट 29 अगस्त से सात सितंबर तक खेला जायेगा जिसके विजेता को अगले साल एफआईएच पुरूष विश्व कप में सीधे प्रवेश मिलेगा जो 14 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम में होना है ।
ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह टीम के कप्तान हैं । राजिंदर सिंह, लाकड़ा और दिलप्रीत आस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा थे । राजिंदर को शमशेर सिंह की जगह चुना गया जबकि लाकड़ा ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय हॉकी को अलविदा कहने वाले ललित उपाध्याय की जगह ली है । दिलप्रीत को गुरजंत सिंह पर तरजीह मिली है ।
AUG 20, 2025 14:27 IST

फर्जी मामले दर्ज कराने को लेकर लखनऊ के वकील को आजीवन कारावास

लखनऊ की एक विशेष अदालत ने एक वकील को दलित महिला की पहचान का दुरुपयोग करके अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ कई फर्जी मामले दर्ज कराने का दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई तथा 5.10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। विशेष न्यायाधीश (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम) विवेकानंद शरण त्रिपाठी ने मंगलवार को फैसला सुनाते हुए परमानंद गुप्ता को अपने प्रतिद्वंद्वियों को निशाना बनाने के लिए एक दलित महिला पूजा रावत के माध्यम से झूठे मुकदमे दर्ज कराने की साजिश रचने और कानून के दुरुपयोग का दोषी करार दिया। विशेष लोक अभियोजक अरविंद मिश्रा ने बताया कि गुप्ता ने रावत के साथ मिलीभगत करके अपने नाम से कम से कम 18 और रावत के माध्यम से 11 मामले दर्ज कराए थे। उन्होंने बताया कि इनमें से कई मामले उनके प्रतिद्वंद्वी अरविंद यादव और उनके परिवार के खिलाफ संपत्ति विवाद के सिलसिले में दर्ज कराए गए थे।
AUG 20, 2025 13:44 IST

तेलंगाना के भद्राचलम में गोदावरी नदी का जलस्तर बढ़ा, पहली बाढ़ चेतावनी जारी

तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडम जिले के भद्राचलम में गोदावरी नदी का जलस्तर बुधवार को 43 फुट तक पहुंच गया, जिसके बाद जिला प्रशासन ने पहली बाढ़ चेतावनी जारी की। अधिकारियों ने बताया कि सुबह आठ बज कर 15 मिनट पर नदी का जल चेतावनी स्तर पर पहुंच गया और पूर्वानुमान के अनुसार इसमें और वृद्धि होने की संभावना है। भद्राद्री कोठागुडम जिले के जिलाधिकारी जितेश वी पाटिल ने कहा कि बाढ़ राहत कार्यों के लिए सभी अधिकारी भद्राचलम उपमंडल में तैनात हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नदी के किनारे बसे लोगों को सतर्क किया जाए और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को राहत शिविरों में स्थानांतरित किया जाए।
AUG 20, 2025 12:28 IST

SIR के मुद्दे पर राज्य सभा में हंगामा जारी, बैठक दो बजे तक स्थगित

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण बुधवार को राज्यसभा की बैठक एक बार बाधित होने के बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। हंगामे की वजह से उच्च सदन में आज भी शून्यकाल और प्रश्नकाल नहीं हो पाया। एसआईआर के मुद्दे पर हंगामे की वजह से एक बार के स्थगन के बाद जब उच्च सदन की बैठक दोपहर बारह बजे पुन: आरंभ हुई तो सदन में वही नजारा था। विपक्षी दलों के कुछ सदस्य अपने स्थानों पर खड़े हो कर एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग कर रहे थे वहीं कुछ सदस्य अपने स्थानों से आगे आ कर नारेबाजी कर रहे थे।
AUG 20, 2025 12:17 IST

लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं: केजरीवाल

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की चौतरफा निंदा हो रही है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस घटना की निंदा की। अरविंद केजरीवाल ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा का कोई स्थान नहीं होने की बात कही। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में विचारों का मतभेद और विरोध स्वीकार्य है, लेकिन हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता।" उन्होंने इस घटना पर दिल्ली पुलिस से उचित कार्रवाई करने की बात करते हुए लिखा, "मुझे विश्वास है कि दिल्ली पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। आशा है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हों।" दिल्ली 'आप' के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, "लोकतंत्र और सभ्य समाज में हिंसा की कोई जगह नहीं है। कोई भी हिंसा , हर तरह की हिंसा की सिर्फ़ और सिर्फ़ निंदा होनी चाहिए। हम वो नहीं जो किसी भी हिंसा को उचित ठहराएं। आशा है सभी दल अनुसरण करेंगे। हम रेखा गुप्ता के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं।"
AUG 20, 2025 11:51 IST

लोकसभा में विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के कारण कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर विपक्षी दलों के सांसदों के विरोध-प्रदर्शन के कारण बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही क्षणों बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। बैठक शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू कराया, विपक्षी दलों के सदस्य अपने-अपने स्थान पर खड़े होकर एसआईआर के मुद्दे नी नारेबाजी करने लगे। कुछ सदस्यों के हाथों में तख्तियां थीं। अध्यक्ष बिरला ने विपक्षी सदस्यों से सदन चलाने में सहयोग करने का आग्रह किया और कहा कि तख्तियां लेकर आना सदन के लिए उचित नहीं है। उन्होंने नारेबाजी कर रहे विपक्षी सदस्यों से कहा, ‘‘आप प्रश्नकाल के दौरान रोज नारेबाजी करते हैं। सदन में तख्तियां लेकर आते हैं। यह सदन के लिए उचित नहीं है। आप राजनीतिक दल के सदस्य हैं। सदन और प्रश्नकाल चलाने में सहयोग करें।’’ हंगामा नहीं थमने पर उन्होंने सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजकर एक मिनट पर दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
AUG 20, 2025 11:23 IST

सांसदों, मंत्रियों ने सीएम रेखा गुप्ता पर हुए 'कायराना' हमले की कड़ी निंदा की

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। भाजपा ने इस हमले की निंदा की और इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला एवं कायराना बताया। उन्होंने मामले की जांच की मांग की। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले को कायराना हरकत बताया। उन्होंने आईएएनएस से कहा, "दिल्ली की मुख्यमंत्री के ऊपर हुआ हमला एक कायराना हरकत है, जिसकी हम कड़ी निंदा करते हैं। लेकिन यह हमला दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का जज्बा नहीं तोड़ पाएगा। वह जमीन से जुड़ी हुई नेता हैं और लोगों के बीच में जाकर उनका काम करती हैं। उनके हौसले को यह हमला नहीं हिला पाएगा। सुरक्षा में जो चूक हुई है, उसकी जांच होगी। जो शख्स पकड़ा गया है, उसने क्यों ऐसा किया है, उसकी भी जांच होगी। ऐसे हमलों से रेखा गुप्ता डरने वाली नहीं हैं, और वह दिल्ली के हित में लगातार काम करती रहेंगी।"
AUG 20, 2025 11:23 IST

महाराष्ट्र में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, 5 दिनों में 21 मौतें

महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश का कहर लगातार जारी है। इस बीच राज्यभर में अलग-अलग जिलों से दुर्घटनाओं और हादसों की खबरें आ रही हैं। 15 अगस्त से लेकर 19 अगस्त तक के 5 दिनों में राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 21 लोगों की मौत हुई है, जबकि 10 लोग घायल हुए। इसके अलावा 11 पशुओं की भी मौत हुई है।
AUG 20, 2025 10:56 IST

भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज करने का आदेश

वाराणसी की एक अदालत ने एक स्थानीय होटल व्यवसायी की शिकायत पर कैंटोनमेंट थाने को भोजपुरी फिल्म अभिनेता-गायक पवन सिंह और तीन अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-द्वितीय की अदालत ने व्यवसायी विशाल सिंह की याचिका पर सुनवाई के बाद 13 अगस्त को आदेश पारित किया। विशाल सिंह के वकील आशीष सिंह ने कहा कि उनके मुवक्किल को 2018 की फिल्म बॉस में निवेश के नाम पर ठगा गया। वकील के अनुसार, विशाल सिंह की मुलाकात 2017 में मुंबई के फिल्म निर्देशक प्रेम शंकर राय से हुई थी, जिसके बाद उन्हें इस फिल्म से जुड़े कई लोगों से मिलवाया गया। आरोप है कि सिंह को मुनाफे का वादा करके फिल्म में निवेश करने के लिए राजी किया गया था, और उन्हें मनाने के लिए पवन सिंह के साथ एक बैठक भी आयोजित की गई थी।
AUG 20, 2025 10:52 IST

राजीव गांधी की जयंती पर प्रियंका गांधी ने दी श्रद्धांजलि

दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें वीर भूमि पर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके पति, व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा और उनके बेटे रेहान वाड्रा ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी श्रद्धांजलि अर्पित दी।
AUG 20, 2025 10:50 IST

मणिपुर में जबरन वसूली के लिए तीन उग्रवादी गिरफ्तार

पूर्वी इंफाल जिले में सुरक्षाबलों ने जबरन वसूली में संलिप्तता के आरोप में एक प्रतिबंधित संगठन के विभिन्न गुटों के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि उनमें से दो को मंगलवार को पकड़ा गया, जबकि एक को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (एमएफएल गुट) के एक स्वयंभू ‘कॉर्पोरल’ को मंगलवार को वांगखेई स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि 26 वर्षीय व्यक्ति घाटी क्षेत्र में आम लोगों से कथित तौर पर जबरन वसूली करता था। पुलिस ने कहा कि सुरक्षा बलों ने मंगलवार को कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) के 33 वर्षीय कार्यकर्ता को खुरई हेइकरू मखोंग में स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया।
AUG 20, 2025 10:47 IST

यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना का जलस्तर बुधवार सुबह खतरे के निशान से नीचे आ गया और सरकार स्थिति पर करीब से नजर रख रही है। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि सुबह छह बजे पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर 204.76 मीटर था जो खतरे के निशान से नीचे है। दिल्ली के लिए यमुना में खतरे का निशान 205.33 मीटर है। मंगलवार से नदी में जलस्तर कम होना शुरू हो गया था। उन्होंने कहा, ‘‘संतोष की बात है कि यमुना का जलस्तर अब खतरे के निशान से काफी नीचे है। जल निकासी की दर, आवक से अधिक बनी हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘आश्वस्त रहें, हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। हमारी निगरानी और प्रबंधन प्रणाली चौबीसों घंटे सक्रिय है तथा हर स्थिति पर गहन नजर रखी जा रही है।’’
AUG 20, 2025 10:09 IST

राजनीति में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है: कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी

AUG 20, 2025 09:59 IST

सीएम रेखा गुप्ता पर हमला विरोधियों की साज़िश है: मनजिंदर सिंह सिरसा

AUG 20, 2025 09:57 IST

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की हालत स्थिर: वीरेंद्र सचदेवा

AUG 20, 2025 09:22 IST

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हुआ हमला

दिल्ली सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई के दौरान एक हादसा हुआ। दिल्ली भाजपा ने कहा है कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। पुलिस जांच से मामले का खुलासा होगा। यहां पढ़ें पूरी खबर
AUG 20, 2025 08:42 IST

मुंबई बारिश : हार्बर लाइन पर लोकन ट्रेन सेवाएं 15 घंटे बाद बहाल

मुंबई में मध्य रेलवे की हार्बर लाइन पर 15 घंटे से अधिक समय बाद बुधवार तड़के तीन बजे लोकल ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी गयीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मुंबई में भारी बारिश के बाद पटरियों के जलमग्न होने के कारण शहर की जीवनरेखा कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं ठप हो गयी थीं। अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने के एक दिन बाद बुधवार सुबह मुंबई में लोकल ट्रेन सहित सभी सार्वजनिक परिवहन सेवाएं सामान्य रूप से बहाल हो गईं। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला के अनुसार, तड़के तीन बजे पटरियों से पानी कम होने के बाद हार्बर लाइन पर ट्रेन सेवाएं पूरी तरह से बहाल कर दी गईं। मंगलवार सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं। भारी बारिश के बाद पटरियों के जलमग्न होने के कारण मंगलवार दोपहर को रेलवे अधिकारियों को पहले हार्बर लाइन पर तथा बाद में मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर रेल परिचालन स्थगित करना पड़ा।