LIVE

ताजा खबर, 2 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज़ : असम पहुंचे अमित शाह ने राहुल-मनमोहन को घेरा, AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप नेता के पद से हटाया

ताजा खबर लाइव, 2 अप्रैल 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [ईरान युद्ध अपडेट], [IPL में आज का मैच], [बंगाल विधानसभा चुनाव] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद राष्ट्र के नाम अपने पहले संबोधन का इस्तेमाल, अमेरिका और दुनिया पर पड़ रहे इसके खर्चों को सही ठहराने के लिए किया। साथ ही उन्होंने यह दावा भी दोहराया कि वे इस संघर्ष को खत्म करने के करीब हैं। वहीं, कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 2 अप्रैल 2026 को IPL के छठे मुकाबले में KKR का सामना SRH से होगा। उधर, चुनाव आयोग ने बंगाल में 483 अधिकारियों का तबादला किया है, जबकि अन्य चुनावी राज्यों में 23 को बदला है।

Nitin AroraUpdated Apr 2, 2026, 18:20 IST
Follow on Google News
ताजा खबर, 2 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज़ : असम पहुंचे अमित शाह ने राहुल-मनमोहन को घेरा, AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप नेता के पद से हटाया

ताजा खबर, 2 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज़ : असम पहुंचे अमित शाह ने राहुल-मनमोहन को घेरा, AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप नेता के पद से हटाया

ताजा खबर (Aaj Ki Taja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [ईरान युद्ध अपडेट], [IPL में आज का मैच], [बंगाल विधानसभा चुनाव] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस से दिए गए अपने प्राइमटाइम टीवी संबोधन में कहा कि ईरान में उनके मुख्य उद्देश्य पूरे होने के करीब हैं। ट्रंप ने बुधवार शाम को कहा कि ईरान पूरी तरह से तबाह हो चुका है और युद्ध का मुश्किल हिस्सा अब खत्म हो गया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अगले दो से तीन हफ्तों तक ईरान पर बेहद जोरदार हमले करेगा। उन्होंने कहा कि आज रात, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे ये मुख्य रणनीतिक लक्ष्य अब पूरे होने के करीब हैं... पिछले चार हफ्तों में, हमारी सेनाओं ने युद्ध के मैदान में तेज, निर्णायक और ज़बरदस्त जीत हासिल की है – ऐसी जीत, जो बहुत कम लोगों ने पहले कभी देखी होगी। वहीं, IPL में आज कोलकाता और हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला जाएगा। साल 2024 में दोनों टीमों फाइनल में भिड़े थे। तब KKR जीती थी। इसके अलावा देश में कई राज्यों में विधानसभा चुनाव आने वाले हैं। इस बीच चुनाव आयोग ने बंगाल में तमाम अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं।

-IPL में आज किसका मैच

-देश में कई राज्यों में विधानसभा चुनाव

-ईरान युद्ध पर क्या बोले ट्रंप?

APR 02, 2026 18:18 IST

चुनाव आयोग चला रहा राज्य...' मालदा के मुद्दे पर बोलीं भड़कीं ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बड़ा बयान सामने आया है। उनका कहना है कि प्रशासन मेरे हाथ में नहीं है, कानून-व्यवस्था अब चुनाव आयोग के नियंत्रण में है और वे अमित शाह की सुनते हैं। डीजी से लेकर एसपी तक सभी को बदल दिया गया है। मेरी शक्तियां चुनाव आयोग को सौंप दी गई हैं, यह एक तरह से सुपर राष्ट्रपति शासन जैसा है।
APR 02, 2026 18:17 IST

असम पहुंचे अमित शाह ने राहुल-मनमोहन को घेरा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राज्य में अपने 15 साल के शासनकाल में असम के विकास के लिए कुछ नहीं किया। असम के कलियाबोर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विश्व प्रसिद्ध काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान को घुसपैठियों के हवाले कर दिया, जिन्होंने वन भूमि पर अतिक्रमण किया और एक सींग वाले गैंडे को खतरे में डाल दिया।
APR 02, 2026 13:52 IST

देश में ईंधन या गैस की कोई कमी नहीं है : राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि ’’देश में ईंधन या गैस की कोई कमी नहीं है’’ और भारत पश्चिम एशिया संघर्ष के परिणामस्वरूप उत्पन्न होने वाले किसी भी ऊर्जा संकट से निपटने के लिए तैयार है।

चुनावी राज्य केरल में एक सैनिक सम्मान सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भारतीय नौसेना के जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले देश के टैंकरों की सुरक्षा कर रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खाड़ी क्षेत्र में भारतीय हितों की रक्षा के लिए अपने कूटनीतिक कौशल का उपयोग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ’’हम पश्चिम एशिया की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।’’

सिंह ने अपने भाषण के दौरान सभी से विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनने का आग्रह किया और कहा कि यह राज्य में बदलाव लाने के लिए सही राजनीतिक दल है और यह ’’मोदी की गारंटी’’ के साथ आता है।
APR 02, 2026 13:50 IST

घुसपैठ के कारण बंगाल का अस्तित्व खतरे में: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठ इतनी बढ़ गई है कि राज्य का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है।

शाह ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि उसने राज्य को अराजकता की स्थिति में पहुंचा दिया है, जहां गोलीबारी और बमबाजी की घटनाएं लगभग रोजाना होती हैं।

शाह ने कहा, ’’बंगाल में हर जगह तूफान चल रहा है। यह तूफान परिवर्तन लाने और ममता बनर्जी को अलविदा कहने के लिए है।’’

उन्होंने कहा, ’’हर तरफ भ्रष्टाचार है। हर तरफ सिंडिकेट राज है। अब समय आ गया है कि कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय और अन्य लोगों के सपनों के ’सोनार बांग्ला’ की स्थापना की जाए।’’

उन्होंने लोगों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।

शाह ने भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के नामांकन पत्र दाखिल करते समय उनके साथ मौजूद रहने से पहले इस रैली को संबोधित किया
APR 02, 2026 13:50 IST

जम्मू-कश्मीर में बिजली बकाया 3,747 करोड़ रुपये से अधिक : उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर बिजली का बकाया 3,747 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
बिजली विकास विभाग (पीडीडी) के प्रभारी मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) से विधायक आगा सैयद मुन्तजिर मेहदी के सवाल के जवाब में विधानसभा में यह जानकारी दी।

आंकड़ों के अनुसार कुल बकाया 3,74,735.42 लाख रुपये है जिसमें कश्मीर पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (केपीडीसीएल) के अंतर्गत 2,31,022.41 लाख रुपये और जम्मू पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेपीडीसीएल) के अंतर्गत 1,43,713.01 लाख रुपये शामिल हैं।

पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग (पीएचई) विभाग सबसे अधिक 1,30,043 लाख रुपये और इसके बाद सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग पर 58,059.72 लाख रुपये का बकाया है।

सुरक्षा एजेंसियों की बात करें तो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) पर 29,638.45 लाख रुपये, सेना पर 19,719.94 लाख रुपये और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पर 1,116.87 लाख रुपये बकाया है।
इसके अलावा गृह विभाग पर 22,306.46 लाख रुपये और आवास एवं शहरी विकास विभाग पर 14,449.47 लाख रुपये का बकाया है।

बिजली विकास विभाग पर स्वयं 10,756.53 लाख रुपये तथा ’पावर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन’ पर 2,277.51 लाख रुपये का बकाया है।
नगर निकायों का भी इसमें बड़ा हिस्सा है, जिन पर 24,163.80 लाख रुपये बकाया है। वहीं राजस्व एवं राहत विभाग पर 8,227.62 लाख रुपये और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग पर 11,989.31 लाख रुपये की देनदारी है।

अन्य विभागों में पर्यटन विभाग पर 4,759.05 लाख रुपये, शिक्षा विभाग पर 2,866.40 लाख रुपये, लोक निर्माण (आरएंडबी) विभाग पर 1,951.21 लाख रुपये और ग्रामीण विकास विभाग पर 1,062.95 लाख रुपये बकाया है।
APR 02, 2026 13:49 IST

एयरटेल 65 करोड़ ग्राहकों के साथ बना दुनिया का दूसरे सबसे बड़ा मोबाइल सेवा प्रदाता

भारती एयरटेल 65 करोड़ ग्राहकों के साथ दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी बन गई है। कंपनी ने जीएसएमए के आंकड़ों का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

ग्लोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशंस (जीएसएमए) दुनिया भर के मोबाइल संचालकों और संबंधित कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाला एक प्रमुख संगठन है।

कंपनी बयान के अनुसार, ’जीएसएमए इंटेलिजेंस’ के मुताबिक मोबाइल ग्राहक आधार के लिहाज से भारती एयरटेल वैश्विक स्तर पर दूसरे स्थान पर है। कंपनी भारत तथा अफ्रीका में सेवाएं देती है।

भारती एयरटेल के कार्यकारी वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा, ’’ हम नवाचार, विश्वसनीयता एवं सेवाओं के अनुभव के स्तर को और ऊंचा करने का प्रयास करेंगे, ताकि हर ग्राहक के साथ संपर्क भरोसा जीतने तथा मूल्य प्रदान करने का अवसर बने।’’

कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि यह संख्या 31 मार्च तक उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित हैं।

एयरटेल ने कहा कि भारत में उसके 36.8 करोड़ से अधिक मोबाइल ग्राहक हैं, जबकि अफ्रीका के 14 देशों में 17.9 करोड़ से अधिक ग्राहक हैं।

कंपनी के अनुसार, अपने क्षेत्रीय बाजारों से आगे बढ़ते हुए एयरटेल ’यूटेलसैट वनवेब’ और ’स्पेसएक्स’ के साथ रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से डिजिटल खाई को पाटने का प्रयास कर रही है।
APR 02, 2026 13:48 IST

भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में भवानीपुर सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में पश्चिम बंगाल के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

शाह और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ अधिकारी ’जय श्री राम’ और ’भाजपा जिंदाबाद’ के नारों के बीच भवानीपुर और आसपास के इलाकों में रोड शो के बाद सर्वे बिल्डिंग कार्यालय पहुंचे।

अधिकारी नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से वह दो बार विधायक रह चुके हैं।

भाजपा भवानीपुर में होने वाले इस मुकाबले को 2026 के विधानसभा चुनाव की सबसे चर्चित चुनावी जंग के रूप में पेश करने की कोशिश कर रही है, जहां अधिकारी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके गृह क्षेत्र में चुनौती देने के लिए तैयार हैं।

राज्य में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल होंगे। मतों की गिनती चार मई को होगी।
APR 02, 2026 13:48 IST

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रासी वान डेर डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रासी वान डेर डुसेन ने इस साल केंद्रीय अनुबंध में जगह नहीं मिलने के बाद गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की, लेकिन कहा कि वह अपनी घरेलू टीम लायंस की तरफ से खेलते रहेंगे।

जोहानिसबर्ग के 37 वर्षीय खिलाड़ी वान डेर डुसेन ने पिछले साल मार्च से दक्षिण अफ्रीका की तरफ से कोई मैच नहीं खेला था। उन्होंने 2018 में 29 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था तथा 18 टेस्ट, 71 वनडे और 57 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।

वान डेर डुसेन ने एक्स पर जारी किए गए बयान में कहा, ’’मैं अत्यंत गर्व और कृतज्ञता के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर रहा हूं।’’

उन्होंने कहा, ’’दक्षिण अफ्रीका की जर्सी पहनना एक ऐसी उपलब्धि है जिसमें आपकी दृढ़ता और समर्पण की परीक्षा होती है और आपको इसका इनाम भी मिलता है। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से खेलना मेरे लिए अपने खेल जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।’’
APR 02, 2026 13:47 IST

हिमंत 'सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री'; मोदी, शाह के साथ मिलकर असम में ‘लैंड एटीएम' चला रहे :राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को भारत का ’’सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री’’ बताते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि शर्मा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलकर राज्य में ’’लैंड एटीएम’’ चला रहे हैं और आम लोगों से जमीन छीनकर बड़े उद्योगपतियों को दे रहे हैं।

बोकाजान विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार रतन इंगती के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग असम और उसके लोगों के लिए खड़े थे और कांग्रेस पार्टी राज्य में सत्ता में आने के 100 दिनों के भीतर उनकी मौत के मामले में न्याय दिलाएगी।

राहुल ने कहा, ’’भारत के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा हैं और उनका परिवार भी भ्रष्टाचार के मामले में पहले नंबर पर है। कांग्रेस सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। अभी वह चाहे जितनी डींगें मार लें, उसके बाद वह पूरी तरह चुप हो जाएंगे।’’

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने दावा किया कि असम में तीन बड़े कॉरपोरेट घरानों को कुल 98,400 बीघा जमीन सौंप दी गई है।

उन्होंने कहा, ’’ये जमीनें जनता से छीनी गई हैं। नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और हिमंत विश्व शर्मा ने असम में एक ’लैंड एटीएम’ बना दिया है। वे लोगों से जमीन छीनते हैं और बड़े उद्योगपतियों को दे देते हैं।’’

प्रसिद्ध संगीतकार जुबिन गर्ग का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह पूरे राज्य और उसके लोगों का प्रतिनिधित्व करते थे। गर्ग की पिछले साल सितंबर में सिंगापुर में डूबने से मौत हो गई थी।
APR 02, 2026 13:40 IST

AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप नेता के पद से हटाया

आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में अपने नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया है। उनकी जगह पर अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त किया गया है। जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने गुरुवार को राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता के पद से हटाने का फैसला लिया। वहीं राघव चड्ढा की जगह अशोक मित्तल अब राज्यसभा में पार्टी की रणनीति और सदन के भीतर मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
APR 02, 2026 12:19 IST

मिजोरम में सात दिन में 25 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, आठ लोग गिरफ्तार

मिजोरम पुलिस ने पिछले सप्ताह कई तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया और राज्य के विभिन्न स्थानों से 25.01 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ, विशेष रूप से हेरोइन और मेथम्फेटामाइन जब्त की हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) एच रामथलेंग्लियाना ने बताया कि 25 मार्च से 31 मार्च तक चलाए गए इस अभियान के दौरान म्यांमा के दो नागरिकों, मणिपुर के चार और असम के एक नागरिक सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।

प्रमुख अभियान 25 मार्च की सुबह हुआ, जब सीआईडी ​​(विशेष शाखा) के अभियान दल ने आइजोल के पास तुइरियल ब्रिज पर एक ट्रक को रोका।
बुधवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि सैतुअल जिले के सेइलिंग से आइजोल की ओर आ रहे एक ट्रक की गहन तलाशी में 19.836 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन (याबा) की गोलियां बरामद हुईं, जिनकी कीमत 15.86 करोड़ रुपये है।

पुलिस ने अमेरिका निर्मित एक पिस्तौल, दो मैगज़ीन और 40 कारतूस भी बरामद किए।

उन्होंने बताया कि भारत-म्यांमा सीमा पर स्थित पूर्वी मिजोरम के चम्फाई जिले के निवासी 23 वर्षीय चालक को हिरासत में लिया गया है।

रामथलेंग्लियाना ने कहा कि 27 मार्च से 29 मार्च के बीच सैतुअल जिले के कीफांग के पास तीन अभियानों में पुलिस दलों ने तीन वाहनों को रोका, जिससे कुल 8.93 करोड़ रुपये मूल्य की 4.46 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।

कीफांग में मणिपुर के चार और असम के एक निवासी को गिरफ्तार किया गया।

आईजोल के जेम्बॉक इलाके में 31 मार्च को चलाए गए अभियान में म्यामां के दो नागरिक पकड़े गए जिनके पास से 20.4 लाख रुपये मूल्य की 104 ग्रामी हेरोइन मिली।
APR 02, 2026 12:18 IST

राजग ने विश्वासघात किया, पश्चिम एशिया में संकट के बीच एमएसएमई का गला घोंटा: स्टालिन

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बृहस्पतिवार को राजग पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने मौजूदा पश्चिम एशिया संकट के दौरान सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) का ’गला घोंटा’ है।

इरोड में एक चुनावी रैली में ऑल इंडिया अन्‍ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन के कथित विश्वासघातों को गिनाते हुए स्टालिन ने कहा कि राजग नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) को रद्द करने में नाकाम रहा और संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) लाना जनता के खिलाफ था।

उन्होंने राजग पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा, ’’राजग अमेरिकी शुल्क के संबंध में बुनकरों की रक्षा करने में नाकाम रहा और पश्चिम एशिया संकट के दौरान उसने एमएसएमई का गला घोंटा।’’

उन्होंने ई. के. पलानीस्वामी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने ’अपने करीबी रिश्तेदार (संबंधी) को ठेका दिया’। स्टालिन ने टीटीवी दिनाकरन, अंबुमणि रामदास एवं अन्नाद्रमुक के अन्य नेताओं का सीधे तौर पर नाम लिए बिना उन्हें भ्रष्ट बताया।

उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के ’डबल इंजन’ के नारे का उपहास उड़ाते हुए इसे ’डब्बा इंजन’ बताया और कहा कि विधानसभा चुनाव में राजग की करारी हार होगी।
APR 02, 2026 12:18 IST

यूडीएफ ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया

कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने केरल में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपना घोषणापत्र जारी किया जिसमें राज्य परिवहन बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, कल्याण पेंशन बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह करने और कॉलेज जाने वाली छात्राओं को एक-एक हजार रुपये मासिक सहायता देने का वादा किया गया है।

कांग्रेस नेता वी डी सतीशन ने घोषणापत्र का ब्योरा देते हुए कहा कि केरल के हर परिवार को 25-25 लाख रुपये की बीमा योजना उपलब्ध कराई जाएगी और छोटे कारोबारों को पांच-पांच लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा।

घोषणापत्र में राज्य में विमानन क्षेत्र के विकास, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं जैसे कर्मियों के वेतन में संशोधन, 100 करोड़ रुपये के कारोबार वाले सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को वित्तीय सहायता तथा वायनाड में एक जनजातीय विश्वविद्यालय की स्थापना का भी वादा किया गया है।
APR 02, 2026 12:17 IST

एक लाख दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम के निर्माण के लिए अधिकारियों से मिले एमसीए अध्यक्ष

मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने मुंबई महानगर क्षेत्र में एक लाख दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम के निर्माण के लिए राज्य सरकार के अधिकारियों से मुलाकात की।

नाइक ने हाल ही में महाराष्ट्र नगर एवं औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (सीआईडीसीओ) के अधिकारियों से मुलाकात कर स्टेडियम के निर्माण को लेकर चर्चा की।

इस स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव काफी समय पहले रखा गया था।

नाइक ने बयान में कहा, ’’यह पहल महाराष्ट्र के खेल जगत के लिए एक निर्णायक क्षण है। मुंबई महानगर क्षेत्र में एक लाख दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम न केवल मुंबई क्रिकेट को बढ़ावा देगा बल्कि महाराष्ट्र को वैश्विक खेल मानचित्र पर मजबूती से स्थापित भी करेगा।’’
APR 02, 2026 12:17 IST

पंजाब किंग्स के खिलाफ लय हासिल करने की कोशिश करेगा चेन्नई सुपर किंग्स

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए अपना घरेलू मैदान मजबूत गढ़ रहा है, लेकिन पंजाब किंग्स के खिलाफ शुक्रवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में जीत हासिल करने के लिए उसे खेल के प्रत्येक विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

सीएसके की राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले मैच में शुरुआत निराशाजनक रही थी। युवा खिलाड़ियों से भरी उसकी टीम गुवाहाटी में किसी भी विभाग में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। सीएसके अब उस हार को भुलाकर नए सिरे से अपना अभियान शुरू करने की कोशिश करेगा।

हाल ही में हुए टी20 विश्व कप के दौरान चेन्नई की पिच के व्यवहार को को देखते हुए यह बल्लेबाजी के लिए अच्छा विकेट होना चाहिए।

सीएसके के स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी गुवाहाटी नहीं गए थे क्योंकि वह पिंडली की चोट से उबर रहे हैं। उनका हालांकि पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान डगआउट में रहने की संभावना है जिससे कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को काफी फायदा मिलेगा।

संजू सैमसन सीएसके के लिए अपने पहले मैच में खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे और वह इसकी भरपाई करने के लिए बेताब होंगे। सीएसके को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में डेवाल्ड ब्रेविस की सेवाएं नहीं मिल पाई थी और अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह साइड स्ट्रेन से पूरी तरह उबर चुके हैं या नहीं।
शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के नहीं चल पाने के कारण सरफराज खान को इंपैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतारा गया लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए हालांकि वह सहज नजर आ रहे थे।

टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ-साथ कार्तिक शर्मा जैसे युवा खिलाड़ियों से और अधिक उम्मीदें की जाएंगी।

गेंदबाजी की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी के आगे मैट हेनरी और नूर अहमद जैसे गेंदबाज फीके पड़ गए। वे इससे उबरने के लिए बेताब होंगे।

जहां तक पंजाब किंग्स का सवाल है तो उसने कुछ विषम परिस्थितियों से गुजरने के बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत हासिल की। उसे ऑस्ट्रेलिया के कूपर कॉनॉली के रूप में तीसरे नंबर का भरोसेमंद बल्लेबाज मिल गया है। उन्होंने पिछले मैच में टीम को खराब शुरुआत से उबारकर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

पंजाब किंग्स की गेंदबाजी भी मजबूत नजर आ रही है। अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टाइटंस के खिलाफ अपनी लाइन और गति में विविधता से प्रभावित किया। उन्होंने बीच के ओवरों में रन प्रवाह रोका और दो महत्वपूर्ण विकेट लिए। उन्हें तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाक का अच्छा सहयोग मिला।
APR 02, 2026 12:16 IST

मिजोरम में सात दिन में 25 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, तीन गिरफ्तार

मिजोरम पुलिस ने पिछले सप्ताह कई तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया और राज्य के विभिन्न स्थानों से 25.01 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ, विशेष रूप से हेरोइन और मेथम्फेटामाइन जब्त की हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) एच रामथलेंग्लियाना ने बताया कि 25 मार्च से 31 मार्च तक चलाए गए इस अभियान के दौरान म्यांमा के दो नागरिकों, मणिपुर के चार और असम के एक नागरिक सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।

प्रमुख अभियान 25 मार्च की सुबह हुआ, जब सीआईडी ​​(विशेष शाखा) के अभियान दल ने आइजोल के पास तुइरियल ब्रिज पर एक ट्रक को रोका।
बुधवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि सैतुअल जिले के सेइलिंग से आइजोल की ओर आ रहे एक ट्रक की गहन तलाशी में 19.836 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन (याबा) की गोलियां बरामद हुईं, जिनकी कीमत 15.86 करोड़ रुपये है।

पुलिस ने अमेरिका निर्मित एक पिस्तौल, दो मैगज़ीन और 40 कारतूस भी बरामद किए।

उन्होंने बताया कि भारत-म्यांमा सीमा पर स्थित पूर्वी मिजोरम के चम्फाई जिले के निवासी 23 वर्षीय चालक को हिरासत में लिया गया है।

रामथलेंग्लियाना ने कहा कि 27 मार्च से 29 मार्च के बीच सैतुअल जिले के कीफांग के पास तीन अभियानों में, पुलिस दलों ने तीन वाहनों को रोका, जिससे कुल 8.93 करोड़ रुपये मूल्य की 4.46 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।

कीफांग में मणिपुर के चार और असम के एक निवासी को गिरफ्तार किया गया।

आईजोल के जेम्बॉक इलाके में 31 मार्च को चलाए गए अभियान में म्यामां के दो नागरिक पकड़े गए जिनके पास से 20.4 लाख रुपये मूल्य की 104 ग्रामी हेरोइन मिली।
APR 02, 2026 12:14 IST

बलिया में बिजली का तार चोरी करने वाले गिरोह के सात शातिर अपराधी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

बलिया जिले में पुलिस ने बिजली का तार चोरी करने वाले एक गिरोह से संबंद्ध सात शातिर अपराधियों को बुधवार देर रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इनमें से दो बदमाश गोली लगने से घायल भी हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को बताया कि सहतवार व बांसडीह पुलिस की संयुक्त टीम अकबरपुर गांव के निकट बुधवार देर रात एक बजे वाहनों की जांच कर रही थी तभी दो वाहन समर्थपुर की तरफ से आते हुए दिखाई दिए।

शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने वाहनों को रुकने का इशारा किया लेकिन दोनों वाहन पीछे मुड़कर जाने लगे, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दी।

उन्होंने बताया कि वाहन में सवार लोग नीचे उतरे और कथित तौर पर उन्होंने पुलिस पर गोलियां चलाईं।
APR 02, 2026 12:14 IST

स्पेसएक्स ने आईपीओ लाने के लिए प्रारंभिक दस्तोवज किए दाखिल

उद्योगपति एलन मस्क नीत अंतरिक्ष अन्वेषण कंपनी स्पेसएक्स ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए प्रारंभिक दस्तावेज दाखिल किए हैं। इस घटनाक्रम से अवगत दो सूत्रों ने यह जानकारी दी।

यह एक बहुचर्चित पेशकश है, जो संभवतः अब तक की सबसे बड़ी पेशकश साबित हो सकती है। यह निर्गम इसके संस्थापक को दुनिया का पहला खरबपति भी बना सकता है।

सूत्रों ने नाम न उजागर न करने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि वे अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (एसईसी) के साथ की गई गोपनीय पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में सार्वजनिक रूप से बात करने के लिए अधिकृत नहीं हैं।
APR 02, 2026 12:13 IST

चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने से मुझे आत्मविश्वास मिला: रिजवी

दिल्ली कैपिटल्स के युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के मौके का पूरा फायदा उठाया और अब उनका ध्यान इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने पर है।

रिजवी ने अपने कौशल का शानदार नमूना पेश करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को लखनऊ सुपर जायंट्स पर छह विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वह ’इम्पैक्ट प्लेयर’ के रूप में बल्लेबाजी करने के लिए उतरे थे।

दिल्ली की टीम ने 142 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट 26 रन पर गंवा दिए थे। इसके बाद रिजवी ने जिम्मेदारी संभाली और 47 गेंद पर नाबाद 70 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स (32 गेंदों पर नाबाद 39 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 119 रन की अटूट साझेदारी की।

रिजवी ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ’’कोच ने मुझे पहले ही बता दिया था कि तुम नंबर चार पर खेलोगे और हम तुम्हारा साथ देंगे। बस अपना स्वाभाविक, सकारात्मक खेल खेलो।’’

उन्होंने कहा, ’’जब भी मैं उत्तर प्रदेश के लिए या यूपीटी20 लीग में खेलता हूं तो चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करता हूं। अगर आपको आईपीएल में भी उसी नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका मिले तो इससे काफी आत्मविश्वास मिलता है। यह मेरे लिए एक बड़ा अवसर है और कोच भी मुझे अपना स्वाभाविक खेल खेलने की आजादी दे रहे हैं। इसलिए मैं इन अवसरों को भुनाने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं।’’

रिजवी ने कहा, ’’मैंने अभी तक आईपीएल में ज्यादा मैच नहीं खेले हैं लेकिन मैं अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने की कोशिश करूंगा और इस पारी को भूलकर अगले मैच पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करूंगा।’’
APR 02, 2026 12:13 IST

केरल के खेल मंत्री ने कहा, अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम ने धोखा दिया

केरल के खेल मंत्री वी अब्दुरहीमान ने गुरुवार को कहा कि अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम ने पैसे लेने के बावजूद यहां मैच खेलने के लिए नहीं आकर राज्य को धोखा दिया।

अब्दुरहीमान ने कहा कि वह वास्तव में चाहते थे कि अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम और लियोनेल मेस्सी केरल आएं और राज्य में एक मैच खेलें।

उन्होंने यहां एक टीवी चैनल से कहा, ’’इसके लिए मैंने कई बार बातचीत की थी। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टीम को देने के लिए 250 करोड़ रुपये की धनराशि जुटाने के लिए प्रायोजक ढूंढना आसान काम नहीं था।’’

अब्दुरहीमान ने कहा, ’’लेकिन पैसे मिलने के बावजूद अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम ने हमें धोखा दिया। हमें उनसे ऐसे विश्वासघात की उम्मीद नहीं थी। वादा करने के बावजूद उसकी टीम यहां नहीं आई।’’

केरल के खेल मंत्री ने कहा कि जब उन्होंने इस संबंध में पूछताछ की तो पता चला कि अर्जेंटीना ने पांच अन्य देशों के साथ भी ऐसा ही किया था।

अब्दुरहीमान ने कहा, ’’उन्होंने उन देशों से पैसे तो लिए लेकिन वहां खेलने नहीं गए। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम के खिलाफ मामला दर्ज करना होगा और उन्हें हमें मुआवजा देना होगा।’’