LIVE

आज की ताजा खबर: वडोदरा में छात्रों से भरी नाव नदी में डूबी, 14 छात्रों और दो शिक्षकों की मौत; 22 जनवरी को देश में आधे दिन की छुट्टी

Times Now Navbharat DigitalUpdated Jan 18, 2024, 22:18 IST

आज की ताजा खबर: वडोदरा में छात्रों से भरी नाव नदी में डूबी, 14 छात्रों और दो शिक्षकों की मौत; 22 जनवरी को देश में आधे दिन की छुट्टी
आज की ताजा खबर: वडोदरा में छात्रों से भरी नाव नदी में डूबी, 14 छात्रों और दो शिक्षकों की मौत; 22 जनवरी को देश में आधे दिन की छुट्टी

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 18 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: गुजरात में वडोदरा शहर के बाहरी क्षेत्र में एक झील में बृहस्पतिवार को एक नौका के पलट जाने से 14 स्कूली बच्चों और दो शिक्षकों की मौत हो गई। ये लोग पिकनिक मनाने आए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो दर्जन छात्र और चार शिक्षक पिकनिक मनाने आए थे और हरनी झील में नाव की सवारी कर रहे थे तभी दोपहर में यह हादसा हो गया। अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए खोज अभियान शुरू कर दिया गया है। हरनी थाने के एक अधिकारी ने बताया, 'इस त्रासदी में अब तक 14 बच्चों और दो शिक्षकों की मौत हो गई। बचाए गए एक छात्र का एसएसजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।' वहीं केंद्रीय कर्मचारियों को केंद्र सरकार की ओर से बड़ा तोहफा दिया गया है। सरकार ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन पूरे देश में आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। सरकार की ओर से इस संबंध में एक पत्र भी जारी किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि कर्मचारियों की भावना और उनके अनुरोध के कारण केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरे देश में सभी केंद्र सरकारी कार्यालयों, संस्थानों व औद्योगिक प्रतिष्ठानों में 22 जनवरी को दोपहर 2:30 बजे तक आधे दिन की छुट्टी रहेगी। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 18 जनवरी की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।

JAN 18, 2024 22:16 IST

एक राष्ट्र, एक चुनाव समिति के प्रमुख कोविंद ने की चर्चा

पूर्व राष्ट्रपति और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर उच्च स्तरीय समिति के प्रमुख रामनाथ कोविंद ने एक साथ चुनाव कराने के मुद्दे पर पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्तों (सीईसी) और सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के साथ विचार-विमर्श शुरू कर दिया है। उनकी बैठकें समिति द्वारा इस मुद्दे पर जनता की राय मांगने के कुछ दिनों बाद हुई हैं। बुधवार को कोविन्द ने यहां मद्रास उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मुनीश्वर नाथ भंडारी से मुलाकात की। एक आधिकारिक बयान में कहा गया, 'आज दोपहर विचार-विमर्श जारी रखते हुए, उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष ने दिल्ली उच्च न्यायालय की पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गोरला रोहिणी और पूर्व सीईसी सुशील चंद्रा के साथ चर्चा की।' इसमें कहा गया है कि परामर्श प्रक्रिया आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी। समिति पहले ही इस मुद्दे पर आम जनता और राजनीतिक दलों से सुझाव मांग चुकी है और उनपर विचार कर चुकी है। सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालयों के पूर्व मुख्य न्यायाधीशों, संवैधानिक विशेषज्ञों और पूर्व सीईसी सहित प्रख्यात न्यायविदों से भी उनके विचार जानने के लिए संपर्क किया गया है।
JAN 18, 2024 22:15 IST

ईडी के समन के बीच केजरीवाल तीन-दिवसीय दौरे पर गोवा पहुंचे

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के उनके समकक्ष भगवंत मान बृहस्पतिवार को तीन-दिवसीय दौरे पर गोवा पहुंचे। इस दौरान वे आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) की तैयारियों का जायजा लेंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। केजरीवाल की यह यात्रा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उन्हें जारी किए गए समन के आलोक में मायने रखती है। ईडी ने उन्हें दिल्ली आबकारी नीति मामले में बृहस्पतिवार को अपने समक्ष पेश होने के लिए कहा है। केजरीवाल को पिछले हफ्ते चौथी बार ईडी ने समन जारी किया था, क्योंकि वह इससे पहले तीन बार पेश नहीं हुए थे। केजरीवाल और मान शाम सात बजे मोपा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे और फिर पणजी के लिए रवाना हुए। केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य में ‘आप’ के दो विधायक हैं और दोनों बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने बेनौलीम विधायक वेन्जी विएगास का जिक्र किया। केजरीवाल ने कहा कि विएगास सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। गोवा की 40-सदस्यीय विधानसभा में ‘आप’ के दूसरे विधायक वेलिम से क्रूज सिल्वा हैं।
JAN 18, 2024 21:04 IST

नाव पलटने से 14 स्कूली छात्रों व दो शिक्षकों की मौत

गुजरात में वडोदरा शहर के बाहरी क्षेत्र में एक झील में बृहस्पतिवार को एक नौका के पलट जाने से 14 स्कूली बच्चों और दो शिक्षकों की मौत हो गई। ये लोग पिकनिक मनाने आए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो दर्जन छात्र और चार शिक्षक पिकनिक मनाने आए थे और हरनी झील में नाव की सवारी कर रहे थे तभी दोपहर में यह हादसा हो गया। अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए खोज अभियान शुरू कर दिया गया है। हरनी थाने के एक अधिकारी ने बताया, 'इस त्रासदी में अब तक 14 बच्चों और दो शिक्षकों की मौत हो गई। बचाए गए एक छात्र का एसएसजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।' कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस घटना पर शोक प्रकट किया और कहा कि राज्य सरकार को लापता लोगों की जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। खड़गे ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'गुजरात के वडोदरा में नाव पलटने से, शिक्षकों समेत कई छात्रों की मृत्यु का समाचार बेहद हृदयविदारक है।' उन्होंने कहा, 'इस हादसे में कई छात्रों के लापता होने की खबर है। गुजरात सरकार और प्रशासन से आग्रह है कि राहत और बचाव कार्य में तेजी लाकर, हर संभव प्रयास से छात्रों की जान बचायें।'
JAN 18, 2024 21:01 IST

कांग्रेस को एक महीने में मिला 15 करोड़ रुपये का चंदा

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले चंदा एकत्र करने के उसके अभियान के तहत गत एक महीने में पार्टी को 15 करोड़ रुपये मिले हैं। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने बताया कि पार्टी ने 18 दिसंबर को ऑनलाइन दान अभियान शुरू किया था और 31 दिनों में पार्टी ने 15 करोड़ रुपये जुटाए हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'आज का दिन महत्वपूर्ण है क्योंकि हमारे अभियान का 31वां दिन है। हमने तीन लाख से अधिक वैध लेनदेन के माध्यम से सफलतापूर्वक 15 करोड़ रुपये जुटाए हैं।' कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘डोनेट फॉर देश’ नाम से 18 दिसंबर को लोगों से दान लेने का अभियान शुरू किया और पहले दिन पार्टी को 1.38 लाख रुपये का दान दिया। इस अभियान का उद्देश्य इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के वास्ते संसाधन जुटाना है।
JAN 18, 2024 21:01 IST

झारखंड में एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर चार लोगों की मौत

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्टेशन के निकट बृहस्पतिवार शाम एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी पीड़ित घटनास्थल के पास एक झुग्गी बस्ती के निवासी थे। क्षेत्रीय रेलवे प्रबंधक, टाटानगर अभिषेक सिंघल ने बताया कि सभी पीड़ित रेलवे पटरी को पार कर रहे थे, तभी शाम छह बजकर 55 मिनट पर वहां से गुजरी उत्कल एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। सिंघल ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस, दुरंतो और कुछ अन्य ट्रेनों की सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
JAN 18, 2024 20:01 IST

पीएम मोदी ने जारी किया राम मंदिर पर स्मारक डाक टिकट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को अयोध्या में राम मंदिर पर स्मारक डाक टिकट और दुनिया भर में भगवान राम पर जारी डाक टिकटों के संग्रह की एक पुस्तक जारी की और कहा कि ये टिकट सिर्फ कागज का टुकड़ा नहीं है बल्कि इतिहास की किताबों, कलाकृतियों के रूपों और ऐतिहासिक स्थलों का सबसे छोटा रूप भी हैं। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'आज पवित्र अयोध्या धाम की विरासत और भगवान श्री राम को समर्पित स्मारक डाक टिकट जारी करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर दुनियाभर में प्रभु श्री राम पर जारी टिकटों से जुड़ी एक पुस्तक का अनावरण भी किया।' उन्होंने कहा, 'मुझे विश्वास है कि स्मारक डाक टिकट और यह पुस्तक आने वाली कई पीढ़ियों को श्री राम जन्मभूमि मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के इस पावन अवसर का स्मरण कराती रहेगी।' इससे पहले, उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि डाक टिकट केवल कागज या कलाकृति का एक टुकड़ा भर नहीं हैं बल्कि यह महाकाव्यों और महान विचारों का एक लघु रूप हैं। रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मिकी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, 'जब तक पृथ्वी पर पर्वत हैं, नदियां हैं, तब तक रामायण की कथा, श्रीराम का व्यक्तित्व लोक समूह में प्रचारित होता रहेगा।' अधिकारियों ने बताया कि इसके डिजाइन में राम मंदिर, चौपाई ‘मंगल भवन अमंगल हारी’ सूर्य, सरयू नदी और मंदिर की एवं इसके आसपास की मूर्तियां शामिल हैं।
JAN 18, 2024 20:00 IST

राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले की सुनवाई 20 फरवरी को

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ सुलतानपुर की ‘एमपी-एमएलए’ अदालत में अब 20 फरवरी को सुनवाई होगी। अभियोजन पक्ष के वकील संतोष कुमार पांडेय ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस मामले में राहुल को आज अदालत में हाजिर होना था मगर उनके अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला पेश हुए और उनका पक्ष रखते हुए उन्होंने कहा कि राहुल इस वक्त पार्टी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में हैं एवं उन्हें एक दिन पहले ही अदालत का समन मिला है, इस वजह से वह आज हाजिर नहीं हो सके हैं। पांडेय ने बताया कि राहुल के वकील ने अदालत से आग्रह किया कि उनके मुवक्किल को हाजिर होने के लिये 15 से 25 फरवरी के बीच की कोई तिथि दे दी जाए। इस पर अदालत ने मामले की अगली सुनवाई की तिथि 20 फरवरी नियत कर दी। भाजपा नेता विजय मिश्रा ने राहुल के खिलाफ चार अगस्त 2018 को मानहानि का मुकदमा दायर किया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि आठ मई 2018 को कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान बेंगलूरू में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में राहुल गांधी ने भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा केन्द्रीय गृह मंत्री को हत्या का अभियुक्त बताया था।
JAN 18, 2024 19:59 IST

मोदी तमिलनाडु के मंदिरों में करेंगे पूजा, श्लोक व भजन भी सुनेंगे

अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 और 21 जनवरी को तिरुचिरापल्ली के प्रसिद्ध श्री रंगनाथस्वामी मंदिर सहित तमिलनाडु के अन्य महत्वपूर्ण मंदिरों का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उसके मुताबिक प्रधानमंत्री 20 जनवरी को सुबह लगभग 11 बजे रंगनाथस्वामी मंदिर में एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री इस मंदिर में कम्बा रामायणम के श्लोकों का पाठ करने वाले विभिन्न विद्वानों को भी सुनेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब दो बजे रामेश्वरम पहुंचेंगे और श्री अरुलमिगु रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। अगले दिन 21 जनवरी को वह धनुषकोडी के कोठांदरामास्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। पीएमओ ने कहा कि धनुषकोडी के पास प्रधानमंत्री अरिचल मुनाई भी जाएंगे, जिसे वह स्थान कहा जाता है जहां से राम सेतु का निर्माण किया गया था। राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले पिछले कुछ दिनों से प्रधानमंत्री लगातार मंदिरों में जा रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने आंध्र प्रदेश के लेपाक्षी स्थित वीरभद्र और केरल के गुरुवायूर में विश्वविख्यात भगवान कृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना की थी। इससे पहले, उन्होंने नासिक के भी एक मंदिर का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने विभिन्न भाषाओं जैसे मराठी, मलयालम और तेलुगु में रामायण मंत्रोच्चार में भाग लिया।
JAN 18, 2024 19:58 IST

लोकसभा चुनाव के लिए राजस्थान में कांग्रेस की बैठक

लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की राजस्थान इकाई ने बृहस्पतिवार को यहां बैठक की जिसमें उम्मीदवारों के चयन से लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। पार्टी प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए आज प्रदेश कांग्रेस के 'वॉर रूम' में प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई और उसमें राजस्थान के लिए नियुक्त 'छानबीन समिति' की अध्यक्ष सांसद रजनी पाटिल, राजस्थान के पार्टी मामलों के प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य महेन्द्रजीत सिंह मालवीय, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव में राजस्थान के सभी लोकसभा क्षेत्रों में प्रत्याशी चयन से लेकर चुनाव की रणनीति तक विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई जिसमें सभी उपस्थित समिति सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे।
JAN 18, 2024 18:57 IST

वडोदरा में छात्रों से भरी नाव नदी में डूबी, अब तक 6 की मौत

गुजरात के वडोदरा से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां हरणी झील में बच्चों से भरी नाव डूब गई। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की खबर है। जानकारी के मुताबिक, बोट पर निजी स्कूल के 27 छात्र सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही बचाव व राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर
JAN 18, 2024 18:40 IST

भाजपा ने सीएम केजरीवाल को बताया शराब घोटाले का सरगना

भाजपा ने ईडी के समन की बार-बार तामील नहीं करने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आलोचना की और कहा कि उन्हें गिरफ्तारी का डर है क्योंकि वह जानते हैं कि वह कथित आबकारी घोटाले के ‘सरगना’ हैं। सवाल ये उठ रहे हैं कि क्या अब केजरीवाल गिरफ्तार होने वाले हैं? पढ़ें पूरी खबर
JAN 18, 2024 18:06 IST

22 जनवरी को पूरे देश में आधे दिन की छुट्टी का ऐलान

केंद्रीय कर्मचारियों को केंद्र सरकार की ओर से बड़ा तोहफा दिया गया है। सरकार ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन पूरे देश में आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। सरकार की ओर से इस संबंध में एक पत्र भी जारी किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि कर्मचारियों की भावना और उनके अनुरोध के कारण केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरे देश में सभी केंद्र सरकारी कार्यालयों, संस्थानों व औद्योगिक प्रतिष्ठानों में 22 जनवरी को दोपहर 2:30 बजे तक आधे दिन की छुट्टी रहेगी। सरकार ने यह छुट्टी इसलिए घोषित की है कि सभी कर्मचारी अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देख सकें। पढ़ें पूरी खबर
JAN 18, 2024 17:57 IST

महुआ मोइत्रा के सरकारी बंगले पर 'बवाल'

निष्कासित लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा को एक बार फिर झटका लगा है। उन्हें सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस मिला, तो उन्होंने इसके खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। बेदखली नोटिस के खिलाफ मोइत्रा की याचिका पर न्यायमूर्ति गिरीश कठपालिया जल्द ही सुनवाई कर सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर
JAN 18, 2024 17:26 IST

सीएम योगी की मौजूदगी में दारा सिंह चौहान ने दाखिल किया नामांकन

राजनीति की कौन कब बेवफा हो जाए और किसकी किस्मत कब चमक जाए, इसका अंदाजा लगा पाना बिल्कुल वैसा ही है, जैसे रेत के भंडार में सुई को ढूंढना। घोसी विधानसभा उपचुनाव में जब दारा सिंह को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी, तो उस वक्त वो खुद को कोस रहे होंगे। हालांकि अब उनकी किस्मत पलटने वाली है। सीएम योगी की उपस्थिति में उन्होंने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के उपचुनाव के लिए नामंकन दाखिल किया है। पढ़ें पूरी खबर
JAN 18, 2024 16:19 IST

ट्रेन में यात्री को पीटने वाला टीटीई निलंबित

यात्री ये सवाल करता रह गया कि मेरी कोई गलती है क्या? बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस का टीटी अपनी गर्मी दिखाता रहा। चलती ट्रेन में उसने यात्री को कई थप्पड़ जड़ दिए। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में इस टीटी की गुंडागर्दी सामने आई तो सवाल उठने लगे। पढ़ें पूरी खबर
JAN 18, 2024 15:15 IST

सीएम केजरीवाल ने ईडी के समन को बताया षड्यंत्र

अरविंद केजरीवाल ने ईडी के नोटिस को राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है। उन्होंने कहा है कि ईडी ने मुझे चार समन भेजे लेकिन ये सभी अवैध हैं, राजनीतिक साजिश के तहत नोटिस भेजे जा रहे हैं। समन तामील कराने की पूरी कवायद लोकसभा चुनाव से पहले मुझे गिरफ्तार करने के लिए है। पढ़ें पूरी खबर
JAN 18, 2024 14:17 IST

खराब मौसम के चलते दिल्ली हवाई अड्डे पर चार उड़ानों का मार्ग परिवर्तन

खराब मौसम के कारण बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली हवाई अड्डे पर चार उड़ानों का मार्ग परिवर्तन किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि दो उड़ानों को जयपुर और एक-एक को हैदराबाद तथा मुंबई भेजा गया। उड़ानों का मार्ग परिवर्तन 01:30 बजे से 02:30 बजे के बीच हुआ।
JAN 18, 2024 13:56 IST

नौसेना ने वाणिज्यिक पोत पर हुए ड्रोन हमले का जवाब दिया

भारतीय नौसेना के युद्धपोत ‘आईएनएस विशाखापत्तनम’ ने पोर्ट अदन से 60 समुद्री मील दक्षिण में वाणिज्यिक पोत पर हुए ड्रोन हमले का जवाब दिया। नौ भारतीयों सहित चालक दल के 22 सदस्यों वाले वाणिज्यिक पोत ‘एमवी जेनको पिकार्डी’ पर बुधवार रात ड्रोन हमला हुआ था: अधिकारी
JAN 18, 2024 13:44 IST

ईडी के समन के बीच केजरीवाल तीन दिवसीय यात्रा पर आज गोवा पहुंचेंगे

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों का जायजा लेने के उद्देश्य से गोवा के अपने तीन दिवसीय दौरे के तहत बृहस्पतिवार दोपहर यहां पहुंचेंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। उनकी यह यात्रा प्रवर्तन निदेशालय द्वारा उन्हें जारी किए गए समन के आलोक में मायने रखती है। उन्हें दिल्ली आबकारी नीति मामले के संबंध में बृहस्पतिवार को ईडी ने अपने समक्ष पेश होने के लिए कहा है। केजरीवाल को पिछले हफ्ते चौथी बार ईडी ने समन जारी किया गया था क्योंकि वह इससे पहले तीन बार पेश नहीं हुए थे।
JAN 18, 2024 13:00 IST

केजरीवाल ने ईडी को भेजा जवाब

इस बीच आज केजरीवाल ने ईडी को अपना जवाब भेजा है। आप ने कहा है कि बीजेपी का मक़सद केजरीवाल को गिरफ्तार करना है। केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकना बीजेपी का लक्ष्य है। आप ने कहा कि जब ईडी ने लिखा है कि केजरीवाल आरोपी नहीं, फिर समन और गिरफ्तारी क्यों। भ्रष्ट नेता बीजेपी में चले जाते हैं, उनके मामले बंद कर दिए जाते हैं। हमने भ्रष्टाचार नहीं किया, हमारा कोई नेता बीजेपी में नहीं जाएगा।