LIVEहिंदी समाचार, 17 मई 2024: आतिशी का दावा- केजरीवाल को फंसाना चाहती थीं स्वाति मालीवाल; AAP सांसद ने भी दिया करारा जवाब

हिंदी समाचार, 17 मई 2024: आतिशी का दावा- केजरीवाल को फंसाना चाहती थीं स्वाति मालीवाल; AAP सांसद ने भी दिया करारा जवाब
हिंदी न्यूज़ 17 मई 2024 और बड़ी खबरें LIVE: आम आदमी पार्टी ने अपनी ही सांसद स्वाति मालीवाल पर बड़ा आरोप लगा दिया है। आप ने दावा किया है कि स्वाति मालीवाल कथित मारपीट वाले दिन भाजपा के इशारे पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को फंसाने आईं थीं। वो बिना अनुमति के केजरीवाल के घर आईं थीं। तो वहीं आप सांसद स्वाति मालीवाल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार पर लगे कथित 'मारपीट' के आरोपों को पार्टी द्वारा निराधार बताकर खारिज किये जाने पर शुक्रवार को निशाना साधते हुए कहा कि एक 'गुंडे के दबाव' में झुकी 'आप' अब उनके चरित्र पर सवाल उठा रही है। वहीं अधिकारी ने बताया है कि अपराध को समझने के लिए उसके नाट्य रूपांतरण के वास्ते दिल्ली पुलिस ‘आप’ की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास ले गई। मालीवाल ने दिल्ली सीएम हाउस में उनके साथ हुई मारपीट मामले में केजरीवाल के पीए बिभव कुमार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के अपडेट्स...
Jharkhand Board 9th, 11th Result in Hindi
साइबर हमलों से निपटने के लिए जोखिम नियंत्रण उपायों की जरूरत: आरबीआई
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के डिप्टी गवर्नर स्वामीनाथन जे ने कहा कि बैंक के संचालन, प्रतिष्ठा और वित्तीय स्थिरता पर साइबर हमले के जोखिम को बढ़ने नहीं दिया जा सकता है। उन्होंने इसके लिए सक्रिय जोखिम नियंत्रण उपायों की जरूरत पर जोर दिया। डिप्टी गवर्नर ने बृहस्पतिवार को यहां शहरी सहकारी बैंकों के आश्वासन प्रमुखों के सम्मेलन में कहा कि बैंकिंग के लगातार बदलते परिदृश्य में, नए जोखिम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि साथ ही ऋण, बाजार और नकदी जोखिम जैसे पारंपरिक जोखिम भी अहम बने हुए हैं। दूसरी ओर साइबर सुरक्षा खतरे और परिचालन संबंधी व्यवधान जैसी नई चुनौतियां सामने आई हैं। स्वामीनाथन जे ने कहा कि डिजिटल प्रौद्योगिकियों के प्रसार और वित्तीय प्रणालियों के आपस में जुड़ाव के कारण बैंक आंकड़ों में सेंध से लेकर रैंसमवेयर हमलों तक का सामना कर रहे हैं। डिप्टी गवर्नर ने कहा, 'किसी बैंक के संचालन, प्रतिष्ठा और वित्तीय स्थिरता पर साइबर हमले के जोखिम को बढ़ने नहीं दिया जा सकता है। ऐसे में मजबूत साइबर सुरक्षा उपायों और सक्रिय जोखिम नियंत्रण रणनीतियों का महत्व बढ़ सकता है।'
पीएम मोदी ने मुंबई में चुनावी रैली से पहले आम्बेडकर और सावरकर को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम को मुंबई में डॉ. बी आर आम्बेडकर के समाधि स्थल 'चैत्यभूमि' पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा मोदी हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर के स्मारक स्वातंत्र्यवीर सावरकर पर भी गए और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने शिवाजी पार्क में महायुति गठबंधन की एक चुनावी रैली को संबोधित किया। दादर में स्थित चैत्यभूमि ही वह जगह है, जहां आम्बेडकर का अंतिम संस्कार किया गया था। आम्बेडकर और सावरकर का स्मारक विशाल शिवाजी पार्क मैदान के करीब स्थित है। मोदी शिवाजी पार्क में चुनावी रैली के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे के साथ मंच साझा करेंगे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार के अलावा केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले भी रैली में शामिल हो रहे हैं। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को होने वाले मतदान के लिए मुंबई में सभी शिवसेना-भाजपा के सभी छह उम्मीदवारों के लिए वोट मांगने के लिए यह प्रचार रैली आयोजित की जा रही है।
पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास से साक्ष्य एकत्र किये, बिभव की तलाश शुरू
दिल्ली पुलिस की एक टीम ने फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ शुक्रवार को यहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास का दौरा किया और वहां पार्टी सांसद स्वाति मालीवाल पर हुए कथित हमले के संबंध में साक्ष्य एकत्र किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की एक टीम मुख्यमंत्री के सहयोगी एवं मामले में आरोपी बिभव कुमार के घर भी गई, लेकिन वह मौजूद नहीं थे। बिभव पर मालीवाल के साथ मारपीट करने का आरोप है। मुख्यमंत्री के सिविल लाइंस आवास का दौरा करने वाली पुलिस टीम का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर) अंजिता चेप्याला ने किया और तीन अन्य अधिकारी भी उनके साथ थे। टीम के साथ पांच फोरेंसिक विशेषज्ञ भी थे। एक अधिकारी ने बताया कि वे शाम करीब 4:45 बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और देर शाम तक वहां रुके। उन्होंने बताया कि वे मालीवाल को घटना के नाटकीय रूपांतरण के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर लेकर गए थे। अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने घटनाक्रम की पुष्टि के लिए मुख्यमंत्री के आवास से आठ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एकत्र की है। उन्होंने कुछ सुरक्षाकर्मियों के बयान भी दर्ज किए, जो घटना के समय वहां मौजूद थे। दिल्ली पुलिस इस सप्ताह की शुरुआत में मुख्यमंत्री आवास पर मालीवाल के साथ हुई कथित मारपीट मामले की जांच कर रही है।
स्वाति मालीवाल का छलका दर्द, बोलीं- एक गुंडे के दबाव में झुकी AAP
आम आदमी पार्टी (आप) की सांसद स्वाति मालीवाल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार पर लगे कथित 'मारपीट' के आरोपों को पार्टी द्वारा निराधार बताकर खारिज किये जाने पर शुक्रवार को निशाना साधते हुए कहा कि एक 'गुंडे के दबाव' में झुकी 'आप' अब उनके चरित्र पर सवाल उठा रही है।
पढ़ें पूरी खबरभाजपा जीती तो शरद पवार, उद्धव ठाकरे को भेज देगी जेल- केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दावा किया कि अगर भाजपा लोकसभा चुनाव जीतती है तो वह राकांपा (शरदचंद्र पवार) अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे को जेल भेज देगी। महाराष्ट्र के भिवंडी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें इसलिए गिरफ्तार कराया क्योंकि वह गरीबों को उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान करने और राष्ट्रीय राजधानी में बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रणाली बनाने के लिए काम कर रहे थे। आम आदमी पार्टी नेता ने कहा, 'मैं अपने लिए वोट नहीं मांग रहा हूं, बल्कि आपसे देश बचाने की भीख मांग रहा हूं।' केजरीवाल ने दावा किया, 'भाजपा नहीं जीतेगी, लेकिन अगर वह चार जून को जीतती है तो वह सुप्रिया सुले, शरद पवार, उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे को जेल में डाल देगी।' मधुमेह से पीड़ित दिल्ली के मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह जेल में थे तो भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने 15 दिनों के लिए उनकी दवाएं रोकने की कोशिश की। यह रैली राकांपा (शरदचंद्र पवार) उम्मीदवार सुरेश म्हात्रे के समर्थन में थी, जो निर्वाचन क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
मुजफ्फरनगर में ट्रक की चपेट में आकर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी थाना क्षेत्र में एक ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार नई मंडी थाना इलाके के भोपा रोड पर आज एक तेज रफ़्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दिया। थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों की पहचान सिद्धबली पेपर मिल के कर्मचारी अंकित (22) और मोनू (26) के रूप में हुई जो हादसे के समय मिल से अपने गांव लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक अपना ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
इजराइल ने ICJ में सुनवाई के दौरान गाजा में नरसंहार के आरोपों से किया इनकार
इजराइल ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) में सुनवाई के दौरान गाजा में नरंसहार के आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि वह सैन्य कार्रवाई के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हरसंभव प्रयास कर रहा है। दक्षिण अफ्रीका द्वारा गाजा में तत्काल संघर्ष विराम के लिए संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष अदालत में अपील किए जाने के बाद इजराइल ने गाजा में नरसंहार के आरोपों का जवाब दिया। दक्षिण अफ्रीका ने इजराइल पर नरसंहार का आरोप लगाते हुए अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में दिसंबर में याचिका दायर की थी जिसके बाद न्यायालय ने गाजा में जारी संघर्ष को लेकर तीसरी बार सुनवाई की। बृहस्पतिवार को दक्षिण अफ्रीका ने अदालत को बताया कि गाजा में स्थिति एक नए और भयावह चरण पर पहुंच गई है। दक्षिण अफ्रीका ने 15 न्यायाधीशों की पीठ से तत्काल कार्रवाई की अपील की।
केजरीवाल को फंसाना चाहती थी स्वाति मालीवाल- आतिशी का दावा
आम आदमी पार्टी ने अपनी ही सांसद स्वाति मालीवाल पर बड़ा आरोप लगा दिया है। आप ने दावा किया है कि स्वाति मालीवाल कथित मारपीट वाले दिन भाजपा के इशारे पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को फंसाने आईं थीं। वो बिना अनुमति के केजरीवाल के घर आईं थीं।
पढ़ें पूरी खबरदेश के भीतर और बाहर जमकर हवाई यात्रा कर रहे हैं भारतीयः रिपोर्ट
पहले से कहीं अधिक भारतीय अब देश के भीतर या बाहर की हवाई यात्रा कर रहे हैं। इस साल के पहले तीन महीनों में ही 9.7 करोड़ यात्रियों ने भारतीय हवाईअड्डों से यात्रा की। एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। मास्टरकार्ड इकोनॉमिक्स इंस्टीट्यूट (एमईआई) की तरफ से जारी "यात्रा रुझान 2024: सीमाओं से परे" रिपोर्ट में एशिया-प्रशांत क्षेत्र के 13 बाजारों समेत कुल 74 बाजारों में यात्रा उद्योग के विकसित परिदृश्य को लेकर व्यापक नजरिया दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2024 में बढ़ते मध्यम वर्ग और हवाई मार्गों की क्षमता बढ़ने से पहले से कहीं अधिक भारतीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यात्रा कर रहे हैं। साल के पहले तीन महीनों में ही 9.7 करोड़ यात्रियों ने भारतीय हवाईअड्डों से यात्रा की। महज 10 साल पहले इस आंकड़े तक पहुंचने में पूरा साल लग गया था। रिपोर्ट कहती है कि घरेलू हवाई यात्री यातायात 2019 के स्तर से 21 प्रतिशत अधिक बढ़ गया जबकि अंतरराष्ट्रीय यात्रा में चार प्रतिशत की वृद्धि हुई। भारतीय यात्री तेजी से प्रमुख बाजारों का रुख कर रहे हैं। वर्ष 2019 की तुलना में जापान की यात्राओं में 53 प्रतिशत, वियतनाम की यात्राओं में 248 प्रतिशत और अमेरिका की यात्राओं में 59 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ऐसा अमेरिकी डॉलर के मजबूत रहने के बावजूद देखा गया है। इसके अलावा एम्स्टर्डम, सिंगापुर, लंदन, फ्रैंकफर्ट और मेलबर्न शीर्ष पांच गंतव्य हैं जहां भारतीय यात्री इस साल की गर्मियों में जा रहे हैं। रिपोर्ट में उड़ानों की बुकिंग के आंकड़ों से यह आकलन पेश किया गया है।
स्वाति मालीवाल केस में आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया
आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर स्वाति मालीवाल पर हमला बोला है। स्वाति मालीवाल वाले मामले पर आम आदमी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट किया है। कहा- 'स्वाति मालीवाल का सच'।
बिभव कुमार राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष नहीं हुए पेश
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल पर कथित हमले के सिलसिले में शुक्रवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के समक्ष पेश नहीं हुए। एनसीडब्ल्यू ने कुमार को सुबह 11 बजे पेश होने के लिए बुलाया था। एनसीडब्ल्यू प्रमुख रेखा शर्मा ने कहा कि आयोग की एक टीम बृहस्पतिवार को कुमार को नोटिस देने उनके आवास पर गयी थी, लेकिन वह घर पर नहीं थे। शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, "कुमार की पत्नी ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। मेरी टीम आज फिर पुलिस के साथ उनके आवास पर गई है और अगर वह कल तक (एनसीडब्ल्यू के समक्ष) पेश नहीं होते हैं, तो हम पूछताछ करने के लिए व्यक्तिगत रूप से जाएंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि वह मालीवाल से मिलेंगी। एनसीडब्ल्यू प्रमुख ने कहा, "मैं ट्विटर पर स्वाति जी (अब एक्स) से कह रही थी कि वे अपनी बात रखें, लेकिन मुझे लगता है कि वे सदमे में हैं, क्योंकि यह घटना उनके (पार्टी) नेता के घर पर हुई... एक सांसद, जो हमेशा महिलाओं से जुड़े मुद्दे उठाती रही हैं, उन्हें पीटा गया।" उन्होंने कहा, "हमारे मतभेदों के बावजूद, हम हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं... एक बार जब वह थोड़ा बेहतर महसूस करेंगी, तो मैं व्यक्तिगत रूप से स्वाति से मिलूंगी। मुझे उम्मीद है कि अब वह बेहतर होंगी, लेकिन मैं समझती हूं कि उन्हें इस सदमे से बाहर आने में समय लगेगा।"
कारोबारी पर हमला करने के आरोप में कांग्रेस उम्मीदवार गिरफ्तार
ओडिशा के गंजाम जिले की दिगपहांडी विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार साका सुजीत कुमार को एक बिल्डर पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि यह घटना व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता का नतीजा थी जो बुधवार को बेरहामपुर पुलिस थाने के पास हुई और कुमार को बृहस्पतिवार को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अधीक्षक सार्थक सारंगी ने कहा कि हमले में सिहाला के सुधांशु संग्राम पाढ़ी नामक एक बिल्डर सहित तीन लोग घायल हो गए। सुधांशु के कर्मचारियों की उस समय पिटाई की गई जब वे कुकुदाखंडी में एक भूखंड पर काम कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि इसके बाद सुधांशु अपने कुछ सहयोगियों के साथ शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस थाने जा रहे थे, तभी कांग्रेस उम्मीदवार ने कथित तौर पर अपने कारिंदों के साथ उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि उम्मीदवार के साथ-साथ उनके सहयोगी अमित कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि कुमार रियल एस्टेट कारोबार से भी जुड़े हुए हैं और घटना के पीछे पेशेवर प्रतिद्वंद्विता होने का संदेह है।
झींगा प्रसंस्करण के दौरान गैस के संपर्क में आने से 15 लोग बीमार
ओडिशा के बालासोर जिले में खांटापाड़ा पुलिस थानाक्षेत्र के नीलगिरी के पास एक झींगा प्रसंस्करण इकाई से निकलने वाली जहरीली गैस के कारण 15 लोग बीमार पड़ गये। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बृहस्पतिवार रात को इकाई में प्रसंस्करण कार्य में लगे कुछ श्रमिकों ने उन्हें उल्टी, जी घबराना और सांस लेने में कठिनाई होने की शिकायत की। इन श्रमिकों में ज्यादातर महिलाएं थीं। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि सहकर्मियों द्वारा उन्हें तुरंत नीलगिरी अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। खांटापाड़ा पुलिस ने कहा, “इस संबंध में पुलिस थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।”
जनघोष बन गया अबकी बार 400 पार का नारा: CM योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि देश में लोकसभा चुनाव के सात चरणों में से अभी चार चरण ही संपन्न हुए हैं लेकिन जनता चार जून को आने वाले परिणामों को लेकर आश्वस्त है कि इस बार भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जीत होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बाराबंकी लोकसभा क्षेत्र में एक जनसभा में कहा, 'यही वजह है कि पूरे देश में एक बार फिर मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार का नारा गूंज रहा है। यह उद्घोष अब जनघोष बन गया है।' उन्होंने कहा, 'यह पूरे देश में कांग्रेस और इंडी गठबंधन के विभाजनकारी एवं तुष्टिकरण तथा अराजक नीतियों के खिलाफ देश की आम जनमानस की उद्घोषणा का शंखनाद है।' योगी के संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बाराबंकी की लोकसभा प्रत्याशी राजरानी रावत और मोहनलालगंज के लोकसभा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के पक्ष में लेगों से मतदान करने की अपील की। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना की विजय का अबकी बार 400 पार का नारा एक नया उद्घोष भी है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, कौशल किशोर, प्रदेश सरकार के मंत्री सतीश चंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे।
इज्जत बचाने के लिए अब कांग्रेस का लक्ष्य 'मिशन 50': पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव को कांग्रेस के लिए अस्तित्व का संकट करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि अब कांग्रेस का लक्ष्य किसी भी तरह 50 सीट जीतने का है ताकि वह अपनी इज्जत बचा सके। मोदी आज यहां केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी प्रत्याशी साध्वी निरंजन ज्योति के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे । उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, 'मैंने कहा था कि ये शहजादे केरल के वायनाड से भागेंगे। मैंने कहा था कि वो अमेठी की तरफ जाने की हिम्मत नहीं करेंगे- ये खबर भी पक्की निकली। आगे की खबर ये है कि इज्जत बचाने के लिए अब कांग्रेस ने ‘मिशन 50’ रखा है। मतलब- कैसे भी करके पूरे देश में 50 सीट मिल जाएं, ये कांग्रेस का लक्ष्य है।' राहुल गांधी 2019 के आम चुनाव में अमेठी सीट भाजपा नेता स्मृति ईरानी के हाथों गंवा बैठे थे। इस बार वह वायनाड के साथ ही उप्र की रायबरेली सीट से भी चुनाव मैदान में हैं।
पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में टीएमसी नेता को गोली मारी
पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता को गोली मार दी गई। अस्पताल में भर्ती टीमएसी नेता की हालत गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार को पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सीतलकूची के लालबाजार के पंचायत प्रधान अनिमेष रॉय बृहस्पतिवार रात को एक सहयोगी के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान रॉय पर हमला किया गया। उन्होंने बताया कि हथियारबंद लोगों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। रॉय की दाहिनी जांघ में गोली लगी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले में रॉय का सहयोगी भी घायल हो गया। उन्होंने कहा कि जांच चल रही है और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा, 'हम उसके परिवार से भी बात कर रहे हैं। वे ज्यादा कुछ नहीं कह रहे हैं।' अधिकारी ने कहा कि रॉय का इलाज जिले के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत बहुत गंभीर है।
दिल्ली: मुकरबा चौक पर चलती बस में लगी आग
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में शुक्रवार को मुकरबा चौक पर एक चलती बस में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद पूरी बस धू-धू कर जल गई। गनीमत रही कि हादसे के समय चालक और कंडक्टर के अलावा बस में कोई और मौजूद नहीं था।
बयान दर्ज कराने कोर्ट पहुंची स्वाति मालीवाल
रनवे पर उड़ान भरते समय टकराया एयर इंडिया का विमान
एयर इंडिया विमान के साथ एक गुरुवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पुणे एयरपोर्ट पर फ्लाइट की टक्कर रनवे पर खड़े टग ट्रैक्टर से हो गई। इस दौरान विमान में 180 यात्री सवार थे। घटना उस वक्त घटी जब फ्लाइट पुणे से दिल्ली के लिए उड़ान भर रही थी। अधिकारियों ने बताया कि टक्कर के बावजूद सभी यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित हैं और चिंता की कोई बात नहीं है।
विकास की तेज रफ्तार भाजपा सरकार ही दे सकती है- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी के बाराबंकी में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 100 सीसी के इंजन से आप 1,000 सीसी की रफ्तार ले सकते हैं क्या? आपको विकास की तेज रफ्तार चाहिए तो वो सिर्फ भाजपा की दमदार सरकार ही दे सकती है।