LIVE
Aaj ki Taza Khabar, 15 December 2023: इनकम टैक्स के छापे पर पहली बार बोले धीरज साहू- हिसाब दूंगा, चीन के बीजिंग में बड़ा हादसा; 100 से अधिक घायल
Aaj ki Taza Khabar, 15 December 2023: कांग्रेस सांसद धीरज साहू ने इनकम टैक्स के छापों पर पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बरामद पैसे उनके फर्म के हैं। इसका कांग्रेस पार्टी से कोई संबंध नहीं है। वो सभी पैसे का हिसाब देंगे। बता दें कि आज 10वें दिन इनकम टैक्स की रेड खत्म हुई है, जिसमें 351 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं। चीन के बीजिंग में बर्फीले मौसम के कारण मेट्रो लाइन पर दो मेट्रो ट्रेनों की टक्कर में गुरुवार को सौ से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से कई की हड्डियां टूट गईं। शहर के परिवहन प्राधिकरण ने ये जानकारी साझा की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ये हादसा शाम करीब 7 बजे चीन की राजधानी के उत्तर-पश्चिम तक फैली चांगपिंग सबवे लाइन पर हुई। नीचे, कार्ड सेक्शन में जानिए आज की अहम खबरें:
DEC 15, 2023 22:56 IST
चीन के बीजिंग में दो सबवे ट्रेनों की आपस में टक्कर; 100 से अधिक घायल
चीन के बीजिंग में बर्फीले मौसम के कारण मेट्रो लाइन पर दो मेट्रो ट्रेनों की टक्कर में गुरुवार को सौ से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से कई की हड्डियां टूट गईं। शहर के परिवहन प्राधिकरण ने ये जानकारी साझा की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ये हादसा शाम करीब 7 बजे चीन की राजधानी के उत्तर-पश्चिम तक फैली चांगपिंग सबवे लाइन पर हुई। पढ़ें पूरी खबर
DEC 15, 2023 22:54 IST
इनकम टैक्स के छापे पर पहली बार बोले धीरज साहू- हिसाब दूंगा
कांग्रेस सांसद धीरज साहू ने इनकम टैक्स के छापों पर पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बरामद पैसे उनके फर्म के हैं। इसका कांग्रेस पार्टी से कोई संबंध नहीं है। वो सभी पैसे का हिसाब देंगे। बता दें कि आज 10वें दिन इनकम टैक्स की रेड खत्म हुई है, जिसमें 351 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर
DEC 15, 2023 22:51 IST
महिला आरक्षण कानून पर सुनवाई से दिल्ली हाईकोर्ट ने किया इनकार
महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू करने वाली याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई से इनकार कर दिया है। न्यायमूर्ति प्रसाद ने याचिकाकर्ता को लागू नियमों के अनुसार जनहित याचिका दायर करने की स्वतंत्रता के साथ याचिका वापस लेने की अनुमति दी। पढ़ें पूरी खबर
DEC 15, 2023 22:49 IST
जेल में सुरक्षा की मांग संबंधी अली अहमद की याचिका खारिज
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को जेल में सुरक्षा मुहैया कराने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। प्रयागराज के नैनी सेंट्रल जेल में निरुद्ध अली अहमद ने अपनी याचिका में कहा है कि जेल में उसकी जान को खतरा है। अपनी याचिका में अली ने अदालत से यह निर्देश जारी करने की मांग की कि सुरक्षा कारणों से उसके मामले की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जाए तथा यदि जरूरी हो तो पूछताछ जेल में ही की जाए। बुधवार को जब इस मामले में अदालत द्वारा सुनवाई शुरू की गई तो याचिकाकर्ता की ओर से पैरवी करने कोई अधिवक्ता नहीं आया।
DEC 15, 2023 19:13 IST
BJP विधायक को 25 साल की कैद, गंवानी पड़ेगी सदस्यता
सोनभद्र की एक एमपी-एमएलए अदालत ने शुक्रवार को दुद्धी विधानसभा क्षेत्र (अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट) से भाजपा विधायक रामदुलार गोंड को एक नाबालिग लड़की से नौ साल पहले बलात्कार करने के मामले में 25 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराया जाना तय है। दरअसल जनप्रतिनिधित्व कानून के अनुसार, कोई भी जनप्रतिनिधि को दो या उससे अधिक साल की कैद होने पर ‘दोषसिद्धि’ की तारीख से सदन की सदस्यता के लिए अयोग्य माना जाएगा। इतना ही नहीं, सजा पूरी होने के बाद अगले छह साल के लिए वह सदन की सदस्यता के लिए पात्र नहीं होगा।
DEC 15, 2023 18:16 IST
जम्मू में भूमि विवाद को लेकर दो लोगों ने गोलीबारी की, गिरफ्तार
जम्मू जिले के आरएस पुरा सीमावर्ती क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर गोलबारी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी की इस घटना में घायल दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि अपने रिश्तेदारों के साथ आरोपियों ने बृहस्पतिवार शाम फिलोरा गांव में विजय कुमार तथा सुरेश कुमार को एक खेत से चारा लेने से रोकने की कोशिश की। अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद आरोपियों ने गोलियां चला दीं, जिससे विजय और सुरेश घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिये अस्पताल भेजा गया है।
DEC 15, 2023 17:11 IST
राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने संभाला कार्यभार
राजस्थान के नए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार शाम यहां सचिवालय में कार्यभार संभाल लिया। यहां सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में शर्मा ने अपराह्न चार बजे विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद कार्यभार संभाला। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कैलाश चौधरी एवं गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया एवं पार्टी के अनेक नवनिर्वाचित विधायक उपस्थित थे। पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी भी इस अवसर पर मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि शर्मा ने शुक्रवार को यहां ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल के सामने आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल कलराज मिश्र ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की तथा दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।
DEC 15, 2023 17:09 IST
तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, एक श्रमिक की मौत
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में शुक्रवार को एक पटाखा बनाने की फैक्टरी में विस्फोट से 36 वर्षीय एक श्रमिक की मौत हो गई। मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने मृतक के परिजनों को तीन लाख रुपये की सहायता देने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि विरुधुनगर जिले के वेम्बक्ककोट्टई तालुक के पनायदीपपट्टी गांव में स्थित पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के बाद श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि मरने वाले श्रमिक की पहचान बी षणमुगराज के तौर पर की गई है। स्टालिन ने दुख्या जताते हुये शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को मृतक के परिजनों को तीन लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया।
DEC 15, 2023 17:08 IST
अदालत में दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने संसद की सुरक्षा चूक मामले में अदालत से ललित झा की 15 दिन की हिरासत देने का अनुरोध किया। पुलिस ने दिल्ली की अदालत को बताया कि संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की घटना का मुख्य साजिशकर्ता ललित झा है। हालांकि अदालत ने इस मामले में गिरफ्तार ललित झा को सात दिन की पुलिस हिरासत में ही भेजा।
DEC 15, 2023 17:02 IST
शपथ के तुरंत बाद राजस्थान की ब्यूरोक्रेसी में फेरबदल
राजस्थान में सत्ता परिवर्तन होते ही और मुख्यमंत्री पद की कमान भजनलाल शर्मा के हाथों में आते ही शासन-व्यवस्था में बदलाव शुरू हो गया है। राज्य की नौकरशाही के शीर्ष स्तर में बड़ा बदलाव हुआ है। अब टी रविकांत मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव होंगे जबकि IAS आनंदी मुख्यमंत्री की सचिव होंगी। आईएएस डॉ.सौम्या झा मुख्यमंत्री की संयुक्त सचिव होंगी। भजनलाल ने शुक्रवार को राजस्थान के 14वें सीएम के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उनके साथ राजकुमारी दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई गई। पढ़ें पूरी खबर
DEC 15, 2023 17:00 IST
ललित झा को 7 दिन की पुलिस हिरासत
दिल्ली की अदालत ने संसद की सुरक्षा चूक मामले में गिरफ्तार ललित झा को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा। बृहस्पतिवार शाम को ललित झा एक व्यक्ति के साथ दिल्ली के कर्तव्य पथ पुलिस थाने पहुंचा था, जहां उसे विशेष प्रकोष्ठ को सौंप दिया गया। पढ़ें पूरी खबर
DEC 15, 2023 16:19 IST
निलंबित सांसदों ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन
शीतकालीन सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किए गए विपक्षी सांसदों ने शुक्रवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इन सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष और संसद भवन के मकर द्वार के निकट धरना दिया। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी भी निलंबित सांसदों के प्रदर्शन में शामिल हुईं। मौजूदा सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित राज्यसभा सदस्य और तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओब्रायन भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने टी-शर्ट पहन रखी थी जिस पर ‘साइलेंट प्रोटेस्ट’ (मौन प्रदर्शन) लिखा हुआ था। इस सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित लोकसभा सदस्य और कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने कहा, 'हमारी मांग रही है कि गृह मंत्री अमित शाह को सदन में बयान देना चाहिए। वह सदन में नहीं आ रहे हैं। उन्हें वक्तव्य देना चाहिए। वह ऐसा नहीं कर रहे हैं क्योंकि वह संसद में आने से डरे हुए हैं।'
DEC 15, 2023 15:53 IST
महाराष्ट्र के विधायकों की अयोग्यता पर SC सख्त
सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र के विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, शिवसेना विधायकों के खिलाफ अयोग्यता याचिकाओं पर निर्णय लेने के लिए 10 जनवरी तक का समय दिया।
DEC 15, 2023 15:47 IST
तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर को अस्पताल से मिली छुट्टी
तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव को कूल्हा प्रतिरोपण सर्जरी के बाद शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। उनके एक करीबी सूत्र ने बताया कि राव अस्पताल से यहां नंदी नगर स्थित अपने आवास पर जा रहे हैं। केसीआर के नाम से मशहूर भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) प्रमुख राव का आठ दिसंबर को यहां एक निजी सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में बाएं कूल्हे का सफल प्रतिरोपण हुआ था। इससे पहले अपने निवास पर गिर जाने से उनके कूल्हे में ‘फ्रैक्चर’ हो गया था। बीआरएस की विधान परिषद सदस्य और राव की बेटी के. कविता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उनके पिता को सफलतापूर्वक सर्जरी होने के बाद आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। चिकित्सकों, नर्स और अस्पताल कर्मियों का आभार जताते हुए उन्होंने कहा, 'इस मुश्किल वक्त के दौरान देशभर से जो प्यार हमें मिला, वह केसीआर जी और पूरे परिवार के लिए काफी सुखद है। पूरे बीआरएस परिवार की ओर से मेरा प्यार और आभार।'
DEC 15, 2023 15:46 IST
अब धीरज साहू पर कसेगा ईडी का शिकंजा?
क्या आयकर विभाग की छापेमारी के बाद प्रवर्तन निदेशालय भी कांग्रेस सांसद धीरज साहू पर शिकंजा कसेगा? साहू के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी 10वें दिन जारी है। छापेमारी में 350 करोड़ रुपये से अधिक कैश की बरामदगी लगातार हो चुकी है। पढ़ें पूरी खबर
DEC 15, 2023 15:13 IST
अशोक गहलोत और गजेंद्र सिंह शेखावत के बीच हुई गुफ्तगू
अशोक गहलोत और गजेंद्र सिंह शेखावत अगल-बगल बैठकर एक दूसरे से बात करते नजर आए। मौका था सीएम के शपथ ग्रहण समारोह का, जहां गजेंद्र सिंह शेखावत की एक तरफ वसुंधरा राजे बैठी थी और दूसरी ओर अशोक गहलोत। तीनों आपस में गुफ्तगू कर खिलखिलाते दिखे। पढ़ें पूरी खबर
DEC 15, 2023 13:43 IST
बीजिंग में भारी हिमपात के बीच रेल दुर्घटना में 515 यात्री घायल
चीन की राजधानी बीजिंग में भारी हिमपात के बीच दो सबवे ट्रेन में भिड़ंत होने से 515 लोग घायल हो गए। प्राधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि घायलों में से 102 लोगों की हड्डियां टूट गयी हैं।यह हादसा बीजिंग के पश्चिमी पर्वतीय क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम को चांगपिंग लाइन पर हुआ। शहर के परिवहन प्राधिकरण ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बयान में कहा कि पटरियों पर फिसलन के कारण आगे चल रही ट्रेन खुद रुक गयी। पीछे से आ रही ट्रेन समय रहते ब्रेक नहीं लगा पायी और वह फिसल गयी।
DEC 15, 2023 13:26 IST
मथुरा शाही ईदगाह परिसर सर्वे पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार
मथुरा शाही ईदगाह परिसर सर्वे पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाने से इनकार किया। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 14 दिसंबर 2023 को इसका सर्वे करने के निर्देश दिए थे। इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी।
DEC 15, 2023 13:07 IST
भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के सीएम पद की शपथ ली
पहली बार विधायक बने भजन लाल शर्मा ने शुक्रवार को अपने जन्मदिन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा दो उपमुख्यमंत्री- दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा के साथ शपथ ले रहे हैं। राज्यपाल कलराज मिश्र ने भजनलाल शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 15 दिसंबर को शर्मा का जन्मदिन भी है। उनके परिवार ने उनका जन्मदिन चंबल पावर हाउस के गेस्ट हाउस में मनाया। शपथ ग्रहण समारोह से पहले मनोनीत डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने मोती डूंगरी गणेश मंदिर में दर्शन किए। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी प्रमुख जे.पी.नड्डा, 16 केंद्रीय मंत्री और 17 सीएम और डिप्टी सीएम भी पहुंचे।
DEC 15, 2023 12:54 IST
धोनी की जर्सी रिटायर करेगा बीसीसीआई : रिपोर्ट
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर के रूप में संन्यास लेने के तीन साल बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की प्रतिष्ठित नंबर 7 जर्सी को रिटायर करने का फैसला किया है। यह कदम भारतीय क्रिकेट में धोनी की विरासत के सम्मान का प्रतीक है, जो उनके संन्यास के साथ एक युग के अंत का प्रतीक होगा। यह एक संकेत है जो खेल पर उनके विशाल प्रभाव को स्वीकार करता है। साथ ही यह सुनिश्चित करता है कि उनका जर्सी नंबर हमेशा मैदान पर उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों और नेतृत्व के साथ जुड़ा रहेगा। पूर्व कप्तान ने नंबर 7 पर रहते हुए भारत को सफेद गेंद में तीनों आईसीसी खिताब टी20 विश्व कप 2007, वनडे विश्व कप 2011 और चैंपियंस ट्रॉफी 2013 जीताया।
