LIVE

हिंदी समाचार, 11 जून 2024: मोहन चरण मांझी होंगे ओडिशा के नए मुख्यमंत्री; मंत्रालय आवंटन के बाद केंद्रीय मंत्रियों ने संभाला कार्यभार

LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 11 जून 2024

हिंदी समाचार, 11 जून 2024: मोहन चरण मांझी होंगे ओडिशा के नए मुख्यमंत्री; मंत्रालय आवंटन के बाद केंद्रीय मंत्रियों ने संभाला कार्यभार

हिंदी न्यूज़ 11 जून 2024 और बड़ी खबरें: ओडिशा के होने वाले नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी गई है। मोहन चरण मांझी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया। यानी ओडिशा में भाजपा के पहले सीएम मोहन मांझी होंगे। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव भी इस बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। वहीं मोदी सरकार 3.0 में मंत्रालयों के बंटवारे के बाद मंगलवार को सभी मंत्रियों ने अपना-अपना प्रभार संभाल लिया है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के ताजा अपडेट्स...

JUN 11, 2024 20:02 IST

राजस्थान के मुख्यमंत्री ने बिजली समझौतों को समय पर पूरा करने को कहा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि विभिन्न विद्युत निगमों एवं केंद्रीय उपक्रमों के साथ हुए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) को समय पर पूरा किया जाए ताकि आम लोगों को सुचारू रूप से निर्बाध बिजली मिल सके। शर्मा ने यहां ऊर्जा विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं की दैनिक आधार पर निगरानी की जाए। इसके साथ ही विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए ताकि आमजन, किसान तथा उद्यमी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि राजस्थान की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए कुछ महीनों तक राज्य में बिजली की मांग उपलब्धता से कहीं अधिक रहती है। लेकिन अब राज्य सरकार द्वारा ऊर्जा क्षेत्र में हाल ही में किए गए एमओयू से राजस्थान की बिजली मांग को पूरा किया जाएगा और राज्य बिजली उत्पादन में 'अधिशेष' की श्रेणी में आ जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने के संकल्प के साथ काम कर रही है तथा पीएम कुसुम योजना के माध्यम से इस लक्ष्य को पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए मिशन मोड पर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से सिंचाई हेतु न केवल सोलर पंप लगाए जाएंगे बल्कि स्थानीय क्षेत्र में रोजगार सृजन भी होगा।
JUN 11, 2024 20:00 IST

सुप्रीम कोर्ट ने नीट-पीजी 2022 के खिलाफ याचिका खारिज की

सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को वह याचिका खारिज कर दी, जिसमें चिकित्सा विज्ञान की विभिन्न शाखाओं के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 2022 में आयोजित नीट-पीजी परीक्षा में विसंगतियों का आरोप लगाया गया था और उत्तर कुंजी तथा उत्तर पुस्तिकाओं को सार्वजनिक किए जाने का अनुरोध किया गया था। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह की अवकाशकालीन पीठ ने 2022 में प्रीतिश कुमार नामक एक अभ्यर्थी और अन्य द्वारा दायर याचिका को खारिज कर दिया। पीठ ने कहा, "समय बीत जाने के कारण ये याचिकाएं निरर्थक हो गई हैं।" कुमार और अन्य के वकील ने कहा कि याचिका निरर्थक नहीं हुई है, क्योंकि छह याचिकाकर्ताओं में से दो इस साल 23 जून को राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर (नीट-पीजी) में शामिल होंगे। राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड चिकित्सा विज्ञान की विभिन्न शाखाओं के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए नीट-पीजी का आयोजन करता है। वकील ने कहा, "परेशानी यह है कि वे (परीक्षा बोर्ड) हमें उत्तर कुंजी, उत्तर पुस्तिकाओं, प्रश्न पत्रों (नीट-पीजी 2022) तक पहुंच की अनुमति नहीं दे रहे हैं।" पीठ ने याचिका को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि वह इसे "अनावश्यक रूप से" लंबित नहीं रख सकती। प्रीतीश कुमार और अन्य ने याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि उनके नीट-पीजी 2022 अंकों में विसंगतियां हैं लेकिन परीक्षा बोर्ड पुनर्मूल्यांकन की अनुमति नहीं दे रहा है।
JUN 11, 2024 19:54 IST

भाजपा नेता मोहन चरण माझी ओडिशा के नए मुख्यमंत्री होंगे

भाजपा नेता मोहन चरण माझी ओडिशा के नए मुख्यमंत्री होंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को यहां इस बारे में घोषणा की। उन्होंने कहा कि के.वी. सिंह देव और प्रभाती परिदा को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। माझी क्योंझर सीट से विधायक हैं। ये निर्णय भाजपा विधायक दल की बैठक में लिए गए, जिसमें सिंह और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए थे।
JUN 11, 2024 19:52 IST

कौन हैं मोहन चरण मांझी? जो बनेंगे ओडिशा के नए मुख्यमंत्री

मोहन चरण माझी को भारतीय जनता पार्टी के उन दिग्गज नेताओं में गिना जाता है, जिन्होंने ओडिशा में पार्टी की पकड़ मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। वो पहली बार वर्ष 2000 में ओडिशा के क्योंझर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। ओडिशा के मुख्यमंत्री का चयन करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दल की बैठक में मंगलवार को ये फैसला हुआ कि मोहन चरण मांझी ओडिशा में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री होंगे। पढ़ें पूरी खबर
JUN 11, 2024 19:47 IST

बंदूक की दुकान में विस्फोट होने पर दो लोगों की मौत

राजस्थान के उदयपुर में मंगलवार को बंदूकों की एक दुकान में विस्फोट होने पर दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उदयपुर के पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि लाइसेंसधारी बंदूक एवं गोली आदि बेचने की एक दुकान में यह हादसा हुआ। उनके अनुसार यह दुकान दो मंजिला छोटी इमारत की पहली मंजिल पर स्थित थी। उन्होंने बताया कि विस्फोट पहली मंजिल पर जाने वाली सीढ़ियों पर हुआ जिसमें दुकान के मालिक राजेंद्र और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि विस्फोट इतना तेज था कि राजेंद्र का क्षत-विक्षत शरीर करीब 30 फीट दूर सड़क पर जा गिरा। गोयल ने बताया, 'विस्फोट के बाद कई कारतूस सीढ़ियों के पास बिखरे हुए पाये गये। विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है । एफएसएल की एक टीम सबूत इकट्ठा करने के लिए मौके पर पहुंच गई है।' पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मरने वाले दूसरे युवक की पहचान की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, आसपास कोई नुकसान नहीं हुआ। उसके मुताबिक यह एक अकेली इमारत थी जिसके अगल-बगल कोई अन्य भवन नहीं था।
JUN 11, 2024 19:45 IST

ओडिशा में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में पटनायक को आमंत्रण

ओडिशा में अपनी पहली सरकार बनाने के लिए तैयारी में जुटी भाजपा ने मंगलवार को बीजद अध्यक्ष और निवर्तमान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को 12 जून को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया। हालांकि, समारोह के लिए पहला निमंत्रण कार्ड पुरी में भगवान जगन्नाथ को दिया गया था, और इसे देने के लिए कुछ नवनिर्वाचित विधायक 12वीं शताब्दी के मंदिर गए। भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पटनायक के आवास ‘नवीन निवास’ गया और उन्हें बुधवार शाम पांच बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया। सामल के साथ प्रतिनिधिमंडल में सुरेश पुजारी, बसंत पांडा, समीर मोहंती और नित्यानंद गोंड जैसे वरिष्ठ नेता शामिल थे। भाजपा नेता ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, 'नवीन बाबू ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है और हमें आश्वासन दिया है कि वह समारोह में शामिल होंगे।' इस बीच, निर्वाचित विधायकों का एक समूह एक कार्ड, दो नारियल, सुपारी और चावल लेकर पुरी के जगन्नाथ मंदिर गए और भगवान को समारोह में आमंत्रित किया। परीदा ने कहा, 'हमारी उडिया परंपरा है कि सभी शुभ अवसरों पर भगवान जगन्नाथ को आमंत्रित किया जाए। इसलिए, हम भगवान को आमंत्रित करने आए हैं। पार्टी उनका आशीर्वाद चाहती है।' भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने शपथ ग्रहण समारोह में ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष और अन्य राजनीतिक दलों को भी आमंत्रित करेगी।
JUN 11, 2024 19:44 IST

सामाजिक न्याय मंत्रालय ने 100 दिवस की कार्ययोजना बनायी

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने मंगलवार को अपने मंत्रालय की 100 दिवसीय कार्ययोजना की रूपरेखा पेश की और ‘सुगम्य भारत 2.0’ तथा नशा मुक्त भारत अभियान की पहुंच बढ़ाने जैसी पहल पर जोर दिया। कुमार ने यह भी निर्देश दिया कि आकांक्षी जिलों में पहले 100 दिनों में दिव्यांग लोगों के लिए 100 शिविर आयोजित किए जाने चाहिए। मंत्री ने कहा, 'हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि हम अपनी सौ दिन की कार्ययोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करें। हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि हम जो भी काम करें, वह समाज और राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे। हमारा काम ऐसा होना चाहिए कि उसे देश के भीतर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिले।' उन्होंने कहा कि दिव्यांगता-अनुकूल बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए सुगम्य भारत अभियान का सख्ती से क्रियान्वयन होना चाहिए।
JUN 11, 2024 17:29 IST

जम्मू से माता वैष्णो देवी भवन तक सीधी हेलिकॉप्टर सेवा 18 जून से शुरू होगी

जम्मू से रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों में स्थित माता वैष्णो देवी के भवन गुफा मंदिर तक आने-जाने के लिए 18 जून से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीबी) ने सोमवार को यह घोषणा की। यह कदम तीर्थयात्रा को सुव्यवस्थित करने और दुनिया भर से गुफा मंदिर में पूजा करने के लिए आने वाले भक्तों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के निरंतर प्रयासों के तहत उठाया गया है। एसएमवीडीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अंशुल गर्ग ने कहा, "बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए बोर्ड ने 18 जून से जम्मू से भवन तक सीधे हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है।" गर्ग ने कहा कि पैकेज के तहत भक्तों को बैटरी कार सेवा, प्राथमिकता पर दर्शन, प्रसाद और रोपवे सेवा सहित अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा, "ये सभी सुविधाएं एक पैकेज के रूप में दी जा रही हैं। लोग हमारी वेबसाइट के माध्यम से हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग कर सकते हैं और सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।" अधिकारियों के अनुसार, श्रद्धालुओं को मंदिर के पास पंछी हेलीपैड पर उतरने के बाद भवन ले जाया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों को एक विशेष दर्शन पर्ची, प्रसाद, 'भैरव मंदिर' में पूजा करने के लिए प्राथमिकता टिकट, केबल कार और पंछी हेलीपैड पर पहुंचने और जम्मू हवाई अड्डे के लिए हेलीकॉप्टर में सवार होने के लिए बैटरी कार सेवा प्रदान की जाएगी। गौरतलब है कि वर्तमान में हेलीकॉप्टर सेवा केवल कटरा और सांझीछत के बीच ही उपलब्ध है। रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों में स्थित माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर जम्मू और कश्मीर के सबसे पूजनीय स्थलों में से एक है। यहां प्रतिवर्ष लगभग एक करोड़ भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
JUN 11, 2024 17:28 IST

महाराष्ट्र ATS ने चार बांग्लादेशियों को किया गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज बरामद

महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के लिए जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करने के आरोप में चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि एक गोपनीय सूचना के आधार पर 'एटीएस' की जुहू इकाई ने हाल ही में रियाज हुसैन शेख (33), सुल्तान सिद्दीक शेख (54), इब्राहिम शफीउल्ला शेख (44) और फारुक उस्मानगनी शेख (39) को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के रहने वाले चारों आरोपी शहर के अलग-अलग हिस्से में रहते हैं। ये कई सालों पहले गैरकानूनी रुप से देश में दाखिल हुए थे। अधिकारी ने कहा कि जांच में पाया गया कि आरोपियों ने भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के लिए गुजरात के सूरत के निवासी होने का जाली दस्तावेज इस्तेमाल किया था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों के अलावा, यह भी पता चला है कि पांच और लोगों ने इसी तरह पासपोर्ट हासिल किए थे और उनमें से एक काम के लिए सऊदी अरब गया था। जांच में यह भी पता चला है कि कुछ लोगों ने इसी फर्जी पासपोर्ट की मदद से हाल के चुनावों में मतदान भी किया। अधिकारी ने कहा कि बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि क्या वे आतंकवाद से संबंधित गतिविधियों में शामिल थे।
JUN 11, 2024 17:26 IST

गुजरात में भाजपा के पांच नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ली

गुजरात में हालिया विधानसभा उपचुनाव में जीतने वाले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पांच विधायकों ने मंगलवार को गांधीनगर में पद की शपथ ली। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, नवनिर्वाचित विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी ने अपने कार्यालय में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में पद की शपथ दिलाई। इन नवनिर्वाचित विधायकों में, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए चार नेता भी शामिल हैं। विधायक अर्जुन मोधवाडिया, सीजे चावड़ा, अरविंद लडानी, चिराग कुमार पटेल और धर्मेंद्र सिंह वाघेला ने शपथ ली। दिसंबर 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 182 में से 156 सीट जीतकर सत्ता बरकरार रखी और अब पांच और विधायकों के साथ सदन में पार्टी का संख्या बल बढ़कर 161 हो गया है।उपचुनाव सात मई को हुए थे। वाघेला वाघोडिया सीट से निर्दलीय विधायक थे, जबकि शेष चार ने 2022 के विधानसभा चुनावों में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों एवं भाजपा उम्मीदवारों को हराकर कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी।
JUN 11, 2024 17:26 IST

मलावी के उपराष्ट्रपति और 9 अन्य लोगों की विमान हादसे में मौत

मलावी के उपराष्ट्रपति सोलोस चिलिमा और नौ अन्य लोगों की एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई। देश के राष्ट्रपति लाजारस चकवेरा ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जिस सैन्य विमान में चिलिमा यात्रा कर रहे थे, उसका मलबा देश के उत्तर में एक पहाड़ी क्षेत्र में मिला। एक दिन से अधिक समय तक चली खोज के बाद विमान का मलबा मिला। राष्ट्रपति चकवेरा ने सरकारी टेलीविजन पर कहा कि इस दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा है। उपराष्ट्रपति चिलिमा और आठ अन्य लोगों को लेकर विमान इस दक्षिणी अफ्रीकी देश की राजधानी लिलोंग्वे से सोमवार सुबह 9.17 बजे रवाना हुआ था और इसे करीब 45 मिनट बाद राजधानी से 370 किलोमीटर दूर मजुजु अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरना था। राष्ट्रपति ने कहा कि हवाई यातायात नियंत्रक ने खराब मौसम के कारण विमान को मजुजु हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास नहीं करने और वापस लिलोंग्वे की ओर मुड़ने के लिए कहा। इसके बाद हवाई यातायात नियंत्रक का विमान से संपर्क टूट गया और विमान रडार से गायब हो गया। विमान में सात यात्री और सैन्य चालक दल के तीन सदस्य सवार थे।
JUN 11, 2024 17:23 IST

ओडिशा का मुख्यमंत्री चुनने के लिए भाजपा विधायक दल की बैठक शुरू

ओडिशा के मुख्यमंत्री का चयन करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दल की बैठक यहां मंगलवार शाम शुरू हो गई। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में हिस्सा ले रहे हैं।
JUN 11, 2024 16:04 IST

यूपी के प्रतापगढ़ में युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की

प्रतापगढ़ जिले में थाना कोतवाली पट्टी क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को एक युवक ने खुद को गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित थाना कोतवाली पट्टी क्षेत्र के पूरे भीखा गांव में आज सुबह यह घटना हुई। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि गांव में सुनील यादव (28) का शव उसके घर से 200 मीटर की दूरी पर एक खेत में मिला। शव के पास से एक मोबाइल फोन और तमंचा बरामद किया गया। सिंह ने बताया कि युवक की गोली लगने से मौत हुई है और प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला जान पड़ता है। उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार, वह घरेलू समस्याओं से परेशान रहता था, जिस वजह से उसने यह कठोर कदम उठाया। उन्‍होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
JUN 11, 2024 16:03 IST

बिहार की जेल में आत्महत्या की कोशिश करने वाले चीनी नागरिक की मौत

भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोपी एक चीनी व्यक्ति की मंगलवार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की एक जेल में कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास करने के बाद मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। चीन के शांदोंग प्रांत के रहने वाले ली जियाकी को छह जून को ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक के पास से गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से चीन का नक्शा, एक मोबाइल फोन और चीन, नेपाल तथा भारत की मुद्राएं बरामद की गई थीं। अधिकारियों ने बताया कि विदेशी अधिनियम, 1946 के तहत मामला दर्ज किया गया और बाद में ली जियाकी को जेल भेज दिया गया था। उसे अमर शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारागार में रखा गया। अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया, "सात जून को चीनी नागरिक ली जियाकी जेल के अस्पताल के शौचालय में घायल और बेहोश पाया गया था। उसने टूटे हुए चश्मे से अपने शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को काटने की कोशिश की थी। जेल अधिकारियों ने उसे तुरंत श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर पहुंचाया, जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई।"
JUN 11, 2024 16:02 IST

पिलखुवा के टोल प्लाजा पर जेसीबी चालक ने तोड़फोड़ की, गिरफ्तार

जिले के थाना पिलखुवा क्षेत्र में मंगलवार सुबह छिजारसी टोल प्लाजा पर टोलकर्मी द्वारा टोल मांगने से क्षुब्ध नशे में धुत जेसीबी चालक ने कथित तौर पर तोड़फोड़ की जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बदायूं निवासी आरोपी धीरज पिलखुवा ईंट भट्टे पर काम करता था और जेसीबी लेकर छिजारसी टोल प्लाजा पर हापुड़ की ओर से आया था, तभी टोलकर्मी ने उससे टोल शुल्क की मांग की। पुलिस के मुताबिक, टोल मांगने से क्षुब्ध चालक ने टोल प्लाजा के केबिन पर जेसीबी बुलडोजर से तोड़फोड़ शुरू कर दी और देखते ही देखते दो केबिन नष्ट कर दिए। घटना के बाद टोलकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इसके उपरांत चालक जेसीबी लेकर मौके से भाग गया, हालांकि बाद में सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर जेसीबी की तलाश शुरू की और चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस को एक वीडियो प्राप्त हुआ जिसमें देखा गया कि जेसीबी चालक अनियंत्रित होकर पिलखुवा टोल पर तोड़फोड़ कर रहा है और टोल कर्मियों को चोट पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
JUN 11, 2024 16:01 IST

मनसुख मांडविया ने संभाला खेल मंत्रालय का कार्यभार

मनसुख मांडविया ने मंगलवार को यहां खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय का कार्यभार संभाला और देश के खेल परिदृश्य को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने का वादा किया। गुजरात के पोरबंदर लोकसभा क्षेत्र से जीत दर्ज करने वाले 52 वर्षीय मांडविया 2021 में जब कोविड-19 महामारी अपने चरम पर थी तब स्वास्थ्य मंत्री थे। पिछली सरकार ने वह रसायन और उर्वरक मंत्री भी रहे थे। मांडविया ने कार्यभार संभालने के बाद एक्स पर पोस्ट किया, 'देश के युवाओं को सशक्त बनाने और खेलों के क्षेत्र में देश को मजबूत बनाने के लिए आज मैंने शास्त्री भवन में खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय का कार्यभार संभाला। हम इन क्षेत्रों में मजबूती हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ मिलकर काम करेंगे।' मांडविया ने भाजपा नेता अनुराग ठाकुर की जगह खेल मंत्रालय संभाला। इसके अलावा उन्होंने श्रम और रोजगार मंत्रालय का कार्यभार भी संभाला। मांडविया के साथ खेल मंत्रालय में रक्षा खडसे राज्य मंत्री हैं।
JUN 11, 2024 16:00 IST

अन्नपूर्णा देवी ने संभाला महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का कार्यभार

अन्नपूर्णा देवी ने मंगलवार को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का कार्यभार संभाला और कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के सपने को पूरा करने की दिशा में काम करेंगी। अन्नपूर्णा देवी (55) ने कार्यभार संभालने से पहले पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, 'निवर्तमान महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी जी से उनके आवास पर आत्मीय मुलाकात हुई, मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बहन स्मृति ईरानी जी द्वारा स्नेहसिक्त अगवानी और पूरे अपनेपन के साथ बधाई देने के उनके अंदाज ने अभिभूत किया। मंत्रालय के दायित्वों के निर्वहन में उनका प्रेरक मार्गदर्शन सदैव मेरे लिए प्रकाश पुंज की भांति उपयोगी होगा।' महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने भी मंगलवार को कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने कार्यभार संभालने से पहले अपने कार्यालय में पूजा-अर्चना की। अन्नापूर्णा देवी की राजनीतिक यात्रा बिहार विधानसभा के लिए 1998 में हुए उपचुनाव में जीत से हुई। बाद में उन्होंने अविभाजित बिहार की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सरकार में खान और भूविज्ञान राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। वह 2005 से 2014 तक झारखंड विधानसभा की सदस्य रहीं और 2012 में राज्य कैबिनेट मंत्री बनीं। अन्नापूर्णा देवी 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हो गईं और पार्टी के टिकट पर कोडरमा से चुनाव लड़ीं। उन्होंने झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के बाबूलाल मरांडी को 4.55 लाख मतों के भारी अंतर से हराया। इस बार उन्होंने भाकपा (माले) के विनोद कुमार सिंह को 3.77 लाख मतों के अंतर से हराकर कोडरमा सीट बरकरार रखी।
JUN 11, 2024 16:00 IST

गिरिराज सिंह ने कपड़ा मंत्री का कार्यभार संभाला

बिहार के वरिष्ठ भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने मंगलवार को नई नरेन्द्र मोदी सरकार में केंद्रीय कपड़ा मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। बेगूसराय लोकसभा सीट से चुनाव जीतने वाले सिंह ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की जगह ली है। कपड़ा मंत्री के रूप में, सिंह इस क्षेत्र से निर्यात के पुनरुद्धार की चुनौती का सामना कर रहे हैं। कपड़ा निर्यात वित्त वर्ष 2022-23 में 35.5 अरब डॉलर था और यह 2023-24 में 3.24 प्रतिशत घटकर 34.4 अरब डॉलर रह गया। वित्त वर्ष 2021-22 में कपड़ा और परिधान निर्यात 41 अरब डॉलर से अधिक था। मंत्री ने कार्यभार संभालने के बाद संवाददाताओं से कहा, 'देश के कपड़ा क्षेत्र में रोजगार सृजन की सबसे अधिक क्षमता है। वैश्विक निर्यात में भी इसकी अच्छी खासी हिस्सेदारी है। आने वाले दिनों में हम प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश की आकांक्षाओं के अनुरूप प्रदर्शन करेंगे, क्योंकि यह क्षेत्र किसानों से भी जुड़ा हुआ है।' सिंह पिछली सरकार में पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन मंत्री थे। बाद में, उन्हें ग्रामीण विकास मंत्रालय में भेजा गया।
JUN 11, 2024 15:13 IST

बिहार के जमुई में भीषण सड़क हादसा, तीन युवकों की मौत

बिहार के जमुई में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे ईंट के ढेर से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना चकाई-देवघर मुख्य मार्ग के अंडीडीह मोड़ के पास घटी है। हादसे में कार के परखच्चे भी उड़ गए। घटना के बाद चंद्रमंडी पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। बताया जा रहा है कि देर रात को तीनों युवक पटना से देवघर जा रहे थे। इसी दौरान अंडीडीह गांव के पास कार चला रहे युवक को नींद आ गई। जिससे तेज रफ्तार कार सड़क किनारे रखे ईंट से टकराते हुए पलट गई। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि युवक तेज रफ्तार से कार चलते हुए देवघर की तरफ जा रहे थे। सड़क किनारे ईंट रखी हुई थी, उससे टक्कर गई और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की सूचना ग्रामीणों ने चंद्रमंडी थाने को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जेसीबी और गैस कटर की मदद से गाड़ी में फंसे तीन युवकों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें स्थानीय रेफरल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गोरेलाल यादव, अमन कुमार और संतोष कुमार यादव के रूप में हुई है। चंद्रमंडी थाने के पुलिस अधिकारी लक्ष्मण कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में तीन युवक की मौत हो गई है। सभी पटना के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया है।
JUN 11, 2024 15:06 IST

यूपी कैबिनेट में तबादला नीति को मिली मंजूरी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में तबादला नीति 2024-25 को मंजूरी दे दी गई है। लोकसभा चुनाव के बाद योगी कैबिनेट की पहली बैठक हुई। इसमें नई तबादला नीति समेत 41 प्रस्तावों पर मुहर लगी है। इसमें से 26 प्रस्ताव जल संसाधन मंत्रालय के हैं। सरकार की यह पहली पेपरलेस कैबिनेट बैठक रही। सभी मंत्री टैबलेट के साथ पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि सरकार ने नई तबादला नीति को मंजूरी दे दी है। इस नीति के तहत 30 जून तक ट्रांसफर हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि ऐसे कर्मचारी जो जिले में 3 साल, मंडल में 7 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, उन्हें ट्रांसफर की कैटेगरी में शामिल किया जाएगा। समूह क और ख के 20 प्रतिशत अधिकारियों का तबादला हो सकता है। समूह ग और घ के 10 फीसद कर्मचारियों का ट्रांसफर विभाग अध्यक्ष करेंगे। इससे ज्यादा संख्या में ट्रांसफर के लिए मंत्री की अनुमति अनिवार्य होगी। पहले उन कर्मचारियों का तबादला किया जाएगा, जो लंबे समय से एक ही जगह पर तैनात हैं। कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र की 50 में से 26 परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिनकी कुल लागत 10858 करोड़ रुपये है। इसमें 1394 करोड़ रुपये की वृद्धि की गई है। दो महीने में सभी परियोजनाओं को पूरा कर दिया जाएगा।