LIVEआज की ताजा खबर, 4 अक्टूबर, 2022 LIVE: युद्ध रोकने के लिए पीएम मोदी ने जेलेंस्की से की बात

आज की ताजा खबर, 4 अक्टूबर, 2022 LIVE: युद्ध रोकने के लिए पीएम मोदी ने जेलेंस्की से की बात
आज की ताजा खबर 4 अक्टूबर 2022, Aaj Ki Taza Khabar, Hindi News Live, Hindi Samachar Today Live Updates: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को घोषणा की कि न्यायमूर्ति शर्मा आयोग की सिफारिशों के अनुसार जम्मू कश्मीर में गुर्जर, बकरवाल और पहाड़ी समुदायों को आरक्षण का लाभ मिलेगा। इस आयोग ने आरक्षण के मुद्दे पर विचार किया था। शाह ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि गुर्जर, बकरवाल और पहाड़ी समुदायों के (अनुसूचित जाति) आरक्षण में कोई कमी नहीं आएगी और सभी को उनका हिस्सा मिलेगा। बम्बई उच्च न्यायालय ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को धनशोधन के एक मामले में जमानत दी। इससे पहले, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी.आर. चौधरी ने मंगलवार को दिल्ली में एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया- LAC से लगे इलाकों में डिसइंगेजमेंट की गई है। हम चीनी वायु सेना की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। हमने रेडार और वायु रक्षा नेटवर्क की उपस्थिति बढ़ाई है। हमने उचित समय पर गैर-एस्केलेटर उपाय किए हैं। राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सांसद मनोज झा को केंद्र सरकार से पाकिस्तान जाने की इजाजत नहीं मिली। मनोज झा एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए इसी महीने अटारी-वाघा बॉर्डर से लाहौर जाना चाहते थे। मनोज झा ने खुद इजाजत नहीं मिलने की जानकारी दी। रेलवे की नयी समय-सारिणी में करीब 500 मेल एक्सप्रेस रेलगाड़ियों की रफ्तार तेज कर दी गई है। रेल मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पौड़ी में बारातियों से भरी बस 500 मीटर गहरी खाई में गिरी, कई लोगों की मौत
उत्तराखंड के पौड़ी जिले में बारातियों से भरी बस खाई में गिर गई। डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि 45 से 50 लोगों को ले जा रही एक बस 500 मीटर की खाई में गिर गई। अब तक छह लोगों को बचाकर अस्पताल भेजा जा चुका है।
पूरी खबर पढ़ेंपीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से बात कर युद्ध रोकने अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन संकट पर वहां के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ टेलीफोन पर बातचीत की है, प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक ये जानकारी सामने आई है। मोदी-जेलेंस्की की टेलीफोन वार्ता पर पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने शीघ्र युद्ध रोकने की अपील की, बातचीत और कूटनीति के रास्ते की हिमायत की।
पूरी खबर पढ़ें-अंधेरे में बांग्लादेश , ग्रिड फेल होने से गहराया भारी बिजली संकट
एएफपी के अनुसार, ढाका प्रशासन ने कहा कि ग्रिड की विफलता के बाद लगभग पूरे बांग्लादेश में बिजली नहीं थी, सरकारी बिजली कंपनी ने कहा कि ग्रिड की विफलता के कारण व्यापक रूप से ब्लैकआउट होने के बाद बांग्लादेश में लगभग 14 करोड़ लोग मंगलवार दोपहर बिजली के बिना थे।
पूरी खबर पढ़ेंJ&K:2022 में सुरक्षा बलों के 28 जवान हुए शहीद, DG जैसे बड़े ऑफिसर की हत्या नई चुनौती
मंगलवार की सुबह जम्मू और कश्मीर के डीजी (जेल) हेमंत कुमार लोहिया की मौत की खबर ने सनसनी फैला दी है। यह हत्या ऐसे समय हुई है, जब गृह मंत्री अमित शाह तीन दिन के राज्य के दौरे पर हैं। गृह मंत्री साल 2019 में अनुच्छेद-370 हटने के बाद दूसरी बार जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। और इस बात के संकेत हैं कि राज्य में जल्द चुनाव कराए जा सकते हैं।
पूरी खबर पढे़ंएलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉसर और एंटोन जिलिंगर को मिला फिजिक्स में नोबेल पुरस्कार
रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने मंगलवार को एलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉसर और एंटोन जिलिंगर को फिजिक्स में 2022 के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया। जो क्वांटम जानकारी के आधार पर नई तकनीक के लिए रास्ता साफ करने वाले उलझे हुए क्वांटम स्टेट्स का उपयोग करने वाले अभूतपूर्व प्रयोगों के लिए है।
अनिल देशमुख को मिली जमानत, लेकिन अभी जेल में ही रहना होगा
महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को जमानत मिल गई है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री अनिल देशमुख को जमानत दे दी है। जमानत एक लाख रुपये की जमानत राशि पर दी गई है। ईडी मामले में जमानत के बाद भी वह अपने खिलाफ दर्ज सीबीआई मामले में जेल में ही रहेंगे।
पूरी खबर पढ़ें-शेष भारत ने सौराष्ट्र को आठ विकेट से हराकर ईरानी कप जीता
तेज गेंदबाज कुलदीप सेन के पांच विकेट और अभिमन्यु ईश्वरन के नाबाद अर्धशतक की मदद से शेष भारत ने 2019-20 के रणजी चैंपियन सौराष्ट्र को मंगलवार को यहां आठ विकेट से हराकर 29वीं बार ईरानी कप क्रिकेट प्रतियोगिता जीती। शेष भारत ने 105 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 24 रन के अंदर दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन ईश्वरन (नाबाद 65) और विकेटकीपर बल्लेबाज श्रीकर भरत (नाबाद 27) ने इसके बाद टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया और 32वें ओवर में उसे लक्ष्य तक पहुंचाया। सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट (37 रन देकर दो विकेट) ने 89 रन की बेहतरीन पारी खेलने के बाद शेष भारत को शुरू में ही दो झटके दिए। उन्होंने मयंक अग्रवाल की जगह स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरे प्रियांक पांचाल (दो) को विकेट के पीछे कैच कराने के बाद युवा बल्लेबाज यश धुल (आठ) को पगबाधा आउट किया। इसके बाद ईश्वरन और भरत ने तीसरे विकेट के लिए 81 रन की अटूट साझेदारी की।
उत्तराखंड में हिमस्खलन में फंसे प्रशिक्षु पर्वतारोही
नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के 28 प्रशिक्षु पर्वतारोहियों का एक समूह मंगलवार को उत्तरकाशी जिले के द्रौपदी का डंडा शिखर पर हिमस्खलन में फंस गया। इसके बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए सेना की मदद मांगी। धामी ने एक ट्वीट करके कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के पर्वतारोहियों की एक टीम पहले ही बचाव अभियान शुरू कर चुकी है। मुख्यमंत्री धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बात भी की और बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए सेना की मदद मांगी।
चाय की कीमतों में तेजी से मजदूरी में बढ़ोतरी की होगी भरपाई : इक्रा
वैश्विक आपूर्ति में अड़चनों के बीच चाय की कीमतों में वृद्धि से पश्चिम बंगाल और असम में बढ़ी हुई मजदूरी दरों के प्रभाव की भरपाई होने की संभावना है। इक्रा की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर भारत, असम और पश्चिम बंगाल में मजदूरी में वृद्धि की चाय उत्पादन पर होने वाली प्राप्तियों से भरपाई होने की उम्मीद है। रिपोर्ट में पाया गया कि वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान मजदूरी की दरों में वृद्धि का चाय उत्पादन कंपनियों के मार्जिन पर असर पड़ा है। इक्रा के कॉरपोरेट क्षेत्र रेटिंग्स प्रमुख और उपाध्यक्ष सुजॉय साहा ने कहा, ‘‘मजदूरी की दरों के प्रभाव के बावजूद उत्पादकों के वित्तीय प्रदर्शन में सालाना आधार पर चालू वित्त वर्ष में सुधार की संभावना है।’’ वैश्विक स्तर पर ओडीएक्स चाय के सबसे बड़े निर्यातक श्रीलंका में मौजूदा आर्थिक संकट के कारण उत्पादन में कई दिक्कतें आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि श्रीलंका में उत्पादन में कमी कुछ और समय तक जारी रहने की आशंका है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में आपूर्ति तंग रहेगी और भारतीय ओडीएक्स चाय की कीमतों को समर्थन मिलेगा।
11 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में कोई नेत्र बैंक नहीं है : आरटीआई
गोवा और जम्मू कश्मीर समेत 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अभी कोई नेत्र बैंक नहीं है। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। बहरहाल, डॉक्टरों का कहना है कि अकेले ऐसे बैंकों से उद्देश्य पूरा नहीं होता है क्योंकि खासतौर से कोविड-19 महामारी को देखते हुए नेत्रदान करने वालों की मांग बढ़ गयी है। मध्य प्रदेश के एक सामाजिक कार्यकर्ता चंद्र शेखर गौड़ द्वारा दाखिल सूचना का अधिकार (आरटीआई) आवेदन पर मिले जवाब के अनुसार देश में अभी कुल 320 नेत्र बैंक हैं। इसमें कहा गया है कि 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश - अंडमान और निकोबार द्वीप, अरुणाचल प्रदेश, दादरा और नागर हवेली, दमन और दीव, गोवा, जम्मू कश्मीर, लक्षद्वीप, मणिपुर, मेघालय, नगालैंड और सिक्किम में कोई नेत्र बैंक नहीं है। डॉ. श्रॉफ्स चैरिटी आई हॉस्पिटल में नेत्र बैंक की चिकित्सा निदेशक डॉ. मनीषा आचार्य ने कहा कि भारत में कुल 750 नेत्र बैंक हैं लेकिन उनमें से कुछ ही पूरी तरह काम कर रहे हैं, सभी साजोसामान से लैस हैं और देशभर में 80 प्रतिशत कॉर्निया संग्रह के लिए जिम्मेदार हैं।
मुलायम सिंह यादव की हालत अब भी चिंताजनक
समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती यादव के मंगलवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक पूर्व रक्षा मंत्री की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है और उन्हें सघन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में दाखिल किया गया है। सपा द्वारा ट्वीट किए गए इस बुलेटिन के मुताबिक विशेषज्ञों की एक टीम यादव की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है। सपा संस्थापक को सांस लेने में तकलीफ और निम्न रक्तचाप की शिकायत पर पिछले महीने अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
LAC पर चीनी गतिविधियों से निपटने के लिए उपयुक्त कदम उठाए- IAF चीफ
एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय वायु सेना ने पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीनी गतिविधियों से निपटने के लिए ‘‘तनाव न बढ़ाने वाले’’ उपयुक्त कदम उठाए हैं। आठ अक्टूबर को वायु सेना दिवस के मद्देनजर एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक स्तर पर हाल के घटनाक्रम किसी भी चुनौती से निपटने के लिए मजबूत सेना की आवश्यकता को बताते हैं।एयर चीफ मार्शल चौधरी ने कहा कि भारतीय वायु सेना ‘‘सबसे खराब स्थिति’’ समेत सभी तरह की सुरक्षा चुनौतियों के लिए तैयारी कर रही है और वह किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, ‘‘हम सक्रिय रूप से तैनात और सतर्क रहते हैं।’’ उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना एलएसी पर चीन की सभी गतिविधियों पर नजर रखती रहेगी। चीन द्वारा एलएसी के समीप लड़ाकू विमान उड़ाने की हाल की घटनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि तनाव ना बढ़े, इसके लिए उपयुक्त कदम उठाए गए हैं और पड़ोसी देश को एक संदेश दिया गया है।
टी20 विश्व कप के लिये मेनन 16 अंपायरों में
भारत के नितिन मेनन समेत 16 अंपायर आस्ट्रेलिया में होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप में अंपायरिंग करेंगे। मेनन आईसीसी अंपायरों की एलीट पेनल में अकेले भारतीय हैं और आस्ट्रेलिया पहुंच चुके हैं ।आईसीसी ने टूर्नामेंट के पहले दौर और सुपर 12 चरण के लिये अधिकारियों की घोषणा कर दी। आईसीसी ने एक बयान में कहा ,‘‘ कुल 16 अंपायर टूर्नामेंट में अंपायरिंग करेंगे । रिचर्ड केटलबरो, नितिन मेनन, कुमार धर्मसेना और मराइस इरास्मस ने 2021 फाइनल में अंपायरिंग की थी जब आस्ट्रेलिया ने पहला टी20 विश्व कप जीता था।’’ आईसीसी मैच रैफरियों की पेनल के मुख्य रैफरी रंजन मदुगले भी चार पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों में से हैं जो मैच रैफरी होंगे । इनमें मदुगले के साथ जिम्बाब्वे के एंड्रयू पायक्रॉफ्ट, इंग्लैंड के क्रिस्टोफर ब्रॉड और आस्ट्रेलिया के डेविड बून शामिल हैं। पायक्रॉफ्ट 16 अक्टूबर को श्रीलंका और नामीबिया के बीच पहले दौर के मैच में रैफरी होंगे जबकि जोएल विल्सन और रॉडनी टकर अंपायरिंग करेंगे । पाल रीफेल टीवी अंपायर और इरास्मस चौथे अंपायर होंगे । इरास्मस , टकर और अलीम दर का यह सातवां टी20 विश्व कप होगा।
जातिसूचक टिप्पणी के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
नोएडा में पुलिस ने जातिसूचक टिप्पणी करने और एक दलित परिवार के दो सदस्यों के साथ मारपीट करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक राजीव बालियान ने बताया कि बाल गिरी मंदिर के पास रहने वाले दो लोगों -विजय तथा विक्की के खिलाफ इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। बालियान ने कहा कि दर्ज शिकायत के अनुसार दोनों आरोपियों ने सदरपुर कॉलोनी में रहने वाले एक दलित व्यक्ति और उसकी भाभी के साथ मारपीट तथा जातिसूचक टिप्पणी की।
दिल्ली पुलिस ने यूएपीए के तहत पीएफआई के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से कथित तौर पर जुड़े चार लोगों को कठोर गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। केंद्र सरकार ने 28 सितंबर को पीएफआई पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिसके बाद राष्ट्रीय राजधानी में पीएफआई के सदस्यों की गिरफ्तारी का यह पहला मामला है। इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने शहर के छह जिलों में फैली पीएफआई की इकाइयों पर छापेमारी कर समूह से कथित रूप से जुड़े 33 लोगों को हिरासत में लिया था। पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि दक्षिण-पूर्व जिले के शाहीन बाग थाने में यूएपीए के तहत दर्ज एक मामले में इस गैरकानूनी संगठन के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि कुछ सूचनाएं मिलने के बाद शाहीन बाग थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 120 बी, 153 ए और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 10 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विंबलडन चैंपियन रिबाकीना की कीज पर संघर्षपूर्ण जीत
विंबलडन चैंपियन इलेना रिबाकीना ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करके मेडिसन कीज को हराकर ऐजल ओपन टेनिस टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत की। रिबाकीना इस साल फ्रेंच ओपन और सिनसिनाटी में कीज से हार गई थी, लेकिन यहां वह 5-7, 6-3, 6-3 से जीत दर्ज करने में सफल रही। चेक गणराज्य के पूर्वी शहर ओस्ट्रावा में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के अन्य मैचों में ऑस्ट्रेलिया की अजला टॉमलजानोविच ने चीन की झांग शुआई को 6-3, 6-3 से और स्थानीय खिलाड़ी पेट्रा क्वितोवा ने अमेरिका की बर्नांडा पेरा को 6-3, 2-6, 6-4 से हराया।
आपूर्ति सुधरने से सितंबर में वाहनों की खुदरा बिक्री 11 प्रतिशत बढ़ी
वाहन विनिर्माताओं से डीलरों को होने वाली आपूर्ति सुधरने और त्योहारों का मौसम आने से सितंबर में वाहनों की खुदरा बिक्री 11 प्रतिशत बढ़ गई। वाहन डीलरों के संगठन फाडा ने मंगलवार को सितंबर बिक्री के आंकड़े जारी करते हुए कहा कि पिछले महीने कुल खुदरा बिक्री 14,64,001 इकाइयों की हुई जो एक साल पहले की समान अवधि में 13,19,647 इकाई रही थी। फाडा ने कहा कि अक्टूबर के महीने में खुदरा बिक्री की संख्या इससे भी अधिक रहने की संभावना है क्योंकि इस दौरान दशहरा और दिवाली के त्योहार होने से उपभोक्ताओं की मांग अधिक रहने की उम्मीद है। फाडा ने कहा, "डीलरों को इस महीने यात्री वाहन खंड में पिछले एक दशक का सबसे अच्छा त्योहारी मौसम रहने की उम्मीद है। हमें इस महीने बिक्री में और तेजी आने की स्थिति बनती हुई दिख रही है।"
बीएसएफ कर्मियों ने पंजाब के गुरदासपुर सेक्टर में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन पर गोलियां चलाई
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पंजाब के गुरदासपुर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास मंगलवार को एक ड्रोन पर गोलियां चलाई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ड्रोन के पाकिस्तानी होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि जवानों ने तड़के किसी चीज के उड़ने की आवाज सुनी और फिर उसकी ओर गोलियां चलाई। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया है, ताकि कथित ड्रोन द्वारा यदि कुछ गिराया गया हो तो उसका पता लगाया जा सके।
गुजरात: खेड़ा जिले में गरबा स्थल पर हुए हमले में छह लोग घायल
गुजरात के कच्छ जिले में कुछ लोग जबरन एक गरबा स्थल पर घुस गए और वहां हमला किया जिससे कम से कम छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात हुई इस घटना के बाद मातर तहसील के उंधेला गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। खेड़ा के पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने कहा, “आरिफ और जहीर नामक दो लोगों के नेतृत्व में एक समूह नवरात्रि गरबा स्थल में घुस गया और हंगामा करने लगा। उन्होंने पथराव भी किया।” उन्होंने कहा, “छह...
पढ़ें पूरी खबर।शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स ने लगाई 1,028 अंक की छलांग
वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों के मानक सूचकांकों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में जोरदार उछाल देखा गया। बीएसई के मानक सूचकांक सेंसेक्स में 1,028.28 अंकों की तगड़ी बढत देखी गई। इस तरह सेंसेक्स कारोबारी दिवस की शुरुआत में ही 57,817.09 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह एनएसई के मानक सूचकांक निफ्टी में भी शुरुआती कारोबार के दौरान 320.3 अंकों की उछाल देखी गई और यह 17,207.65 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, एसबीआई, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, टीसीएस, टाटा स्टील और बजाज फिनसर्व के शेयरों में तगड़ी बढ़त रही। दूसरी तरफ पावरग्रिड के शेयर नुकसान के साथ कारोबार कर रहे थे।