देश

सक्रिय राजनीति से सोनिया गांधी का संन्यास? रायपुर अधिवेश में कर दिया इशारा, कहा- मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त...

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 25, 2023, 03:54 PM IST

85th Congress Session: सोनिया गांधी ने अपील की कि व्यक्तिगत हितों को परे रखकर पार्टी के लिए त्याग करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पार्टी की जीत देश की जीत होगी और हम मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में सफल होंगे। इस दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने बीजेपी सरकार पर भी जमकर हमला बोला।

85th congress Session: रायपुर में हो रहे कांग्रेस के अधिवेशन में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने का इशारा कर दिया है। सोनिया गांधी ने अपने संबोधन में भारत जोड़ो यात्रा की तारीफ करते हुए कहा कि मेरी पारी इसी के साथ समाप्त हो सकती है। हालांकि उन्होंने इस मामले में पूरी तरफ से साफ नहीं किया कि वो आगे चुनाव लड़ेंगी या नहीं?

क्या कहा सोनिया गांधी ने

राजनीति से संन्यास लेने की अटकलों को हवा देते हुए, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने कहा कि वह खुश हैं कि उनकी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है। सोनिया गांधी ने कहा- "2004 और 2009 में डॉ मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व में हमारी जीत ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी, लेकिन मुझे खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है, जो कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ था। इसने साबित कर दिया है कि देश की जनता अत्यधिक सद्भाव, सहिष्णुता और समानता चाहती है।

भारत जोड़ो यात्रा की तारीफ

सोनिया गांधी ने अपने संबोधन में भारत जोड़ो यात्रा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा- "राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा सफल रही है। राहुल गांधी ने एक कठिन यात्रा को संभव बनाया है। इसने हमारी पार्टी और लोगों के बीच संपर्क को पुन: मजबूत करने में बड़ा योगदान दिया है। सभी कार्यकर्ताओं को बधाई।"

भाजपा पर हमला

सोनिया गांधी ने इस दौरान मोदी सरकार पर भी जमकर हमला बोला। अडानी पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर भी सोनिया गांधी ने इशारों ही इशारों में पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक विशेष व्यवसायी का पक्ष लेकर सरकार भारत को आर्थिक बर्बादी की ओर ले जा रही है। यह विशेष रूप से देश के लिए एक चुनौतीपूर्ण समय है, क्योंकि पीएम मोदी और भाजपा ने हर एक संस्थान पर लगातार कब्जा कर रखा है। यह किसी भी विरोध की आवाज को निर्दयतापूर्वक खामोश कर देते हैं।

कार्यकर्ताओं को संदेश

उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण समय में प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता की पार्टी और देश के प्रति विशेष जिम्मेदारी है। सोनिया ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि यह सभी धर्मों और जातियों के लोगों की आवाज को दर्शाती है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article