7th Pay Commission Latest News in Hindi: त्यौहारी सीजन आने से पहले ही पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में कुछ सरकारी कर्मचारियों को अच्छी खबर मिली है। वन निगम के कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार (13 सितंबर, 2023) को उन्होंने इन कर्मियों को एक जनवरी, 2022 से तीन प्रतिशत डीए देने को मंजूरी दे दी। हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम के निदेशक मंडल की 213वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम ने निगम के उन पात्र कर्मियों की सेवाओं को नियमित करने को भी अनुमति दे दी, जिन्होंने दिहाड़ी श्रमिकों के रूप में चार साल की सेवा पूरी कर ली है।
जारी एक बयान के मुताबिक, निदेशक मंडल ने वर्ष 2022-23 के लिए निगम के कर्मचारियों को बोनस देने का फैसला किया है, जिससे लगभग 253 कर्मचारियों को फायदा होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वन निगम को मजबूत कर इसे आत्मनिर्भर एवं लाभकारी संगठन बनाने में पूरा सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि वन निगम में कर्मचारियों की कमी की समस्या को दूर करने के लिए 100 वन मित्रों की नियुक्ति की जाएगी।
