Why Do Crave More Sweets After Eating Sweets: कई लोगों के साथ ऐसा होता है कि उन्होंने सिर्फ एक मिठाई या एक टुकड़ा चॉकलेट खाने का सोचा था, लेकिन देखते ही देखते दो-तीन मिठाइयां या पूरी चॉकलेट खत्म हो जाती है। बाद में खुद भी हैरानी होती है कि आखिर ऐसा क्यों हुआ। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो इसका मतलब यह नहीं कि आपकी इच्छाशक्ति कमजोर है। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन और डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. जी. कृष्ण मोहन रेड्डी बताते हैं कि एक बार मीठा खाने के बाद और मीठा खाने की इच्छा होने के पीछे शरीर और दिमाग में होने वाली कई प्राकृतिक प्रक्रियाएं जिम्मेदार होती हैं। अच्छी बात यह है कि इन कारणों को समझकर इस आदत पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है।
मीठा खाने के बाद और मीठा खाने की वजह डॉक्टर से जानिए
मीठा खाते ही दिमाग क्यों मांगता है एक और मिठाई
डॉ. रेड्डी बताते हैं कि मीठा खाने पर दिमाग को अच्छा महसूस होता है। यही सुखद एहसास दिमाग को दोबारा उसी स्वाद की चाह पैदा करने लगता है। इसलिए कई बार एक मिठाई खाने के तुरंत बाद दूसरी मिठाई खाने का मन (Sweet Craving) करता है। यह सिर्फ मन की बात नहीं, बल्कि शरीर की एक सामान्य प्रक्रिया भी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: घर से काम करने पर वजन क्यों बढ़ने लगता है, ये छिपी वजहें भी वर्क फ्रॉम होम के दौरान बना देती हैं आपका मोटा
शरीर में शुगर का उतार-चढ़ाव बढ़ा सकता है क्रेविंग
ज्यादा चीनी वाली चीजें खाने से शरीर में शुगर का स्तर तेजी से बढ़ता है। इसके कुछ समय बाद यह जल्दी नीचे भी आ सकता है। तब शरीर को फिर से तुरंत ऊर्जा की जरूरत महसूस होती है और मीठा खाने की इच्छा दोबारा होने लगती है। यही वजह है कि कई लोग एक बार मीठा शुरू करने के बाद आसानी से रुक नहीं पाते।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भूख नहीं फिर भी खाने का करता है मन, बोर होते ही कुछ न कुछ खाने की इच्छा क्यों होती है, एक्सपर्ट से समझें इसकी वजह
हर किसी में यह इच्छा एक जैसी नहीं होती
अगर आपके खाने में दाल, दूध, दही, अंडा, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और दूसरी पौष्टिक चीजें कम हैं, तो शरीर जल्दी भूख महसूस कर सकता है। वहीं, कम नींद और ज्यादा तनाव भी मीठा खाने की इच्छा बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा अगर रोज मीठा खाने की आदत बन जाए, तो दिमाग बिना जरूरत के भी बार-बार मीठा मांगने लगता है।
बार-बार मीठा खाने की आदत कैसे कम करें
डॉ. जी. कृष्ण मोहन रेड्डी के अनुसार, हर भोजन में प्रोटीन, फाइबर, साबुत अनाज और हेल्दी फैट शामिल करें। इससे पेट ज्यादा देर तक भरा रहता है और मीठा खाने की इच्छा कम हो सकती है। इसके साथ रोज थोड़ा व्यायाम करें, पूरी नींद लें और ज्यादा प्रोसेस्ड व मीठी चीजों का सेवन सीमित रखें। छोटे-छोटे बदलाव भी लंबे समय में बड़ा फर्क ला सकते हैं।
कब इस संकेत को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए
कभी-कभी मीठा खाने का मन होना सामान्य बात है। लेकिन अगर हर बार मीठा शुरू करने के बाद खुद को रोकना मुश्किल हो जाए या इसके साथ बहुत ज्यादा प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, हमेशा थकान रहना या बिना वजह वजन में बदलाव जैसे लक्षण भी दिखें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। डॉ. रेड्डी के अनुसार, ऐसे लक्षण शरीर में शुगर से जुड़ी किसी छिपी हुई समस्या का संकेत हो सकते हैं। समय पर जांच कराने से कारण का पता लगाया जा सकता है और सही इलाज शुरू किया जा सकता है।
