Treadmill Running Tips: ट्रेडमिल पर रनिंग करना वजन कम करने के लिए जिम में सबसे आसान और सुविधाजनक विकल्पों में से एक है। लेकिन सिर्फ ट्रेडमिल पर चढ़कर तेज दौड़ने से ही वजन कम हो जाएगा अगर आप ऐसा सोचते हैं तो यहां आप बड़ी भूल कर रहे हैं। ये बात आपको जानना बेहद जरूरी है कि अगर रनिंग का तरीका सही नहीं है तो आपकी मेहनत का पूरा फायदा नहीं मिलेगा और चोट लगने का खतरा भी बढ़ सकता है। आइए जानते हैं ट्रेडमिल पर रनिंग करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए जिससे आपको आपकी मेहनत का ज्यादा से ज्यादा फायदा मिल सके।
ट्रेडमिल पर रनिंग करते समय रखें इन बातों का ध्यान
रनिंग से पहले वार्मअप जरूर करें
शरीर को रनिंग के लिए तैयार करें। ट्रेडमिल पर सीधे तेज दौड़ना मत शुरू कर दें। करीब 5 से 10 मिनट हल्की वॉक या धीमी स्पीड पर ट्रेडमिल चलाने से शुरुआत कर सकते हैं। इससे शरीर का तापमान धीरे-धीरे बढ़ता है और आपका शरीर वर्कआउट के लिए तैयार हो जाता है। शुरुआत से ही बहुत तेज स्पीड रखने की जरूरत नहीं है। धीरे-धीरे अपनी स्पीड बढ़ाएं। शरीर की क्षमता के हिसाब से स्पीड तय करना ज्यादा जरूरी है। सिर्फ ज्यादा कैलोरी बर्न करने के चक्कर में जरूरत से ज्यादा तेज दौड़ना थकान और चोट का कारण बन सकता है।
हैंडल पकड़कर रनिंग न करें
सबसे बड़ी भूल जो जिम में ज्यादातर लोग करते हैं वो ये है कि ट्रेडमिल पर बैलेंस बनाए रखने के लिए लगातार हैंडल पकड़कर ही वो दौड़ते हैं। अगर आप बैलेंस नहीं बना पा रहे हैं तो स्पीड कम करना बेहतर विकल्प है। लगातार हैंडल पकड़ने से आपकी रनिंग की नेचुरल मूवमेंट प्रभावित हो सकती है और इससे रनिंग से मिलने वाला फायदा भी आधा हो जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मीठा खाने के बाद फिर मीठा खाने का मन क्यों करता है? डॉक्टर से जानिए इसके पीछे छिपी बड़ी वजहें
ट्रेडमिल पर पोश्चर सही रखें
अगर आप रनिंग कर रहे हैं तो शरीर को बहुत ज्यादा आगे या पीछे झुकाने से बचें। पीठ सीधी रखें, कंधों को रिलैक्स रखें और नजरें सामने की तरफ रखें। ट्रेडमिल पर बहुत लंबे कदम लेने की कोशिश न करें। अपने कदमों को स्वाभाविक रखें और पैरों को शरीर के बहुत आगे जोर से पटकने से बचें। शुरुआत में स्पीड से ज्यादा अपनी टेक्निक पर ध्यान देना फायदेमंद हो सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: घर से काम करने पर वजन क्यों बढ़ने लगता है, ये छिपी वजहें भी वर्क फ्रॉम होम के दौरान बना देती हैं आपका मोटा
सही रनिंग शूज पहनना जरूरी है
चप्पल पहनकर या फिर बिना जूतों को नंगे पैर ट्रेडमिल पर रनिंग भूलकर भी न करें। ऐसे रनिंग शूज पहनें जिनमें पैरों को पर्याप्त सपोर्ट और आराम मिले। पुराने, घिसे हुए या गलत साइज के जूतों में लगातार से पैरों में परेशानी हो सकती है। जूते पहनने के बाद यह भी देख लें कि पैर उनमें आराम से मूव कर पा रहे हैं या नहीं। इसके अलावा रनिंग खत्म करते ही ट्रेडमिल को अचानक बंद करके उतरने से बचें। पहले स्पीड को धीरे-धीरे कम करें और कुछ मिनट हल्की वॉक करें। इसके बाद आराम करें। वर्कआउट के बाद शरीर को सामान्य स्थिति में आने के लिए थोड़ा समय देना जरूरी है।
