Dengue In Children: बारिश का मौसम बच्चों के लिए जितना मजेदार होता है, उतना ही बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देता है। खासकर डेंगू के मामले इस मौसम में तेजी से बढ़ते हैं। कई माता-पिता सोचते हैं कि रात में मच्छरदानी लगा देने से बच्चा पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगा। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि सिर्फ मच्छरदानी के भरोसे रहना सही नहीं है। डेंगू फैलाने वाला मच्छर अलग तरीके से हमला करता है। इसलिए बच्चों को बचाने के लिए दिनभर कुछ छोटी-छोटी सावधानियां रखना भी जरूरी है।
डेंगू से बचाव में मच्छर दानी कितनी सेफ है?
डेंगू का मच्छर रात से ज्यादा दिन में काटता है
बाल रोग विशेषज्ञों के अनुसार, डेंगू फैलाने वाला मच्छर ज्यादातर सुबह और शाम के समय काटता है। यानी जब बच्चे स्कूल में हों, पार्क में खेल रहे हों या घर के बाहर हों, तब भी उन्हें खतरा रहता है। ऐसे में सिर्फ रात की मच्छरदानी बच्चों को पूरी सुरक्षा नहीं दे सकती।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बरसात में बच्चों का रेनकोट और स्कूल बैग भी बन सकते हैं बैक्टीरिया का घर, ऐसे बना सकते हैं बीमार
पूरे दिन बचाव करना है जरूरी - dengue prevention
डॉक्टर सलाह देते हैं कि बच्चों को ऐसे कपड़े पहनाएं, जिनसे हाथ और पैर ढके रहें। अगर बच्चा बाहर खेलता है, तो बच्चों के लिए सुरक्षित मच्छर भगाने वाली क्रीम या लोशन लगाया जा सकता है। साथ ही घर की खिड़कियों और दरवाजों पर जाली लगवाने से भी मच्छर कम आते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या मलेरिया सिर्फ गांवों की बीमारी है, शहरों में भी कैसे तेजी से बढ़ रहा खतरा, डॉक्टर से जानिए
घर के आसपास पानी जमा न होने दें
बारिश के दिनों में गमलों, कूलर, बाल्टी, पुराने टायर या छत पर जमा पानी में डेंगू के मच्छर पनपते हैं। इसलिए हफ्ते में कम से कम एक बार इन जगहों की सफाई करें और कहीं भी पानी जमा न रहने दें। यह डेंगू से बचने का सबसे आसान और असरदार तरीका है।
बुखार को हल्के में न लें
अगर बच्चे को तेज बुखार आए, शरीर टूटे, कमजोरी लगे या बच्चा बहुत सुस्त दिखे, तो घर पर दवा देकर इंतजार न करें। तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। समय पर जांच और इलाज शुरू होने से बीमारी गंभीर होने का खतरा काफी कम हो जाता है।
सिर्फ मच्छरदानी नहीं पूरी सावधानी जरूरी
डॉक्टरों का कहना है कि मच्छरदानी जरूर इस्तेमाल करें, लेकिन सिर्फ उसी पर भरोसा न करें। साफ-सफाई रखें, पानी जमा न होने दें, बच्चों को दिन में भी मच्छरों से बचाएं और कोई भी लक्षण दिखे तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। यही छोटी-छोटी आदतें आपके बच्चे को डेंगू जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में सबसे ज्यादा मदद करती हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
