Ghaziabad Fraud Case: 100 करोड़ की धोखाधड़ी में पूरा परिवार शामिल, सभी आरोपी गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 2, 2022, 02:00 PM IST

Ghaziabad Fraud case: फर्जी कंपनी बनाकर लोगों के साथ फर्जीवाड़ा करने वाले रेड एप्पल के मालिक राजकुमार को गाजियाबाद पुलिस में परिवार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि राजकुमार जैन और उसके परिवार ने फर्जीवाड़े से 100 करोड़ की धोखाधड़ी की है।

Ghaziabad Fraud Case: 100 करोड़ की धोखाधड़ी में पूरा परिवार शामिल, सभी आरोपी गिरफ्तार

Ghaziabad Fraud Case: गाजियाबाद नंदग्राम थाना पुलिस ने 100 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में मंगलवार को रेड एप्पल के मालिक राजकुमार जैन को परिवार सहित गिरफ्तार कर लिया। राजकुमार जैन समेत इन सभी लोगों पर फर्जी कंपनियां बनाकर निवेश के नाम पर ठगी करने के 29 केस शहर के थानों में दर्ज हैं। कई मामलों में धोखाधड़ी के बाद अब गैंगस्टर एक्ट भी लग चुका है।

राजकुमार फर्जी कंपनियों का मालिक है और परिवार के सदस्यों को निदेशक बना रखा था। इनसे चार लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन, 13 फर्जी आधार कार्ड, 4 पैन कार्ड, 2 चैक बुक, 1 डेबिट कार्ड और फर्जी नाम से दुबई का नागरिकता कार्ड मिले हैं। धोखाधड़ी के शिकार लोगों ने इनकी गिरफ्तारी के लिए कई बार प्रदर्शन किया।

फर्जी कंपनी के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाए

राजकुमार के साथ गिरफ्तार आरोपियों में नमन जैन, रिषभ जैन, अनुशा जैन और इंदु जैन हैं। सभी लिंक रोड पर फ्लोरा रामप्रस्थ कॉलोनी में एक साथ रहते हैं। पुलिस ने बताया कि ये लोग फर्जी कंपनी के नाम पर फर्जी दस्तावेज से प्रोजेक्ट की फाइल तैयार करते थे। इसके बाद लोगों से उसमें निवेश के नाम पर रकम ले लेते थे। इन्होंने मंजू जे होम्स, आईडिया बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड समेत कई फर्जी कंपनी बना रखी थीं। लोग जब पैसा वापस मांगते थे तो कंपनी के नुकसान में होने के बहाने बनाकर मना कर देते थे। धोखाधड़ी के शिकार लोगों की जब पैसा वापसी की उम्मीद खत्म हो गई, तब पीड़ितों ने एक एक कर केस दर्ज कराए गए। ये लोग आठ साल से धोखाधड़ी कर रहे थे।

100 करोड़ की धोखाधड़ी में वांटेड था आरोपी

पुलिस का कहना है कि गाजियाबाद पुलिस ने 100 करोड़ की धोखाधड़ी में वांटेड अपराधी राजकुमार जैन के पूरे परिवार को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी डायरेक्टर बनाकर, फर्जी दस्तावेज तैयार किए। साथ ही ऊंची ब्याज दर पर पैसे के निवेश का लालच देकर लोगों को प्लॉट और फ्लैट बेचकर 100 करोड़ से ज्यादा की ठगी की है। इन सभी के कब्जे से पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड, फर्जी पैन कार्ड के अलावा, यूनाइटेड अरब अमीरात (दुबई) का फर्जी सिटीजनशिप कार्ड और चार लैपटॉप बरामद किए हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!