नूंह जिले के पुन्हाना खंड के गांव सिंगार में प्रजापति समाज के दो युवा पहली बार सरकारी नौकरी के लिए चयनित हुए हैं। जिससे पूरे गांव में खुशी का माहौल है। गांव के अन्य युवाओं को उनसे प्रेरणा मिल सके, इसके लिए गांव के सरपंच सहित समाज के लोगों ने उनके लिए एक सम्मान समारोह आयोजित किया। जिसमें हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए गांव के लोग दोनों युवाओं को बैंड-बाजे के साथ घर लेकर पहुंचे, जहां उनका फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया।गांव के सरपंच साकित ने बताया कि गांव में प्रजापति समाज के करीब 50 परिवार रहते हैं, प्रजापति समाज के करीब 300-400 मतदाता हैं, जो सभी बर्तन बनाने का कार्य करते हैं। पहली बार गांव से प्रजापति समाज के दो युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
गांव के दो युवाओं में से दिनेश प्रजापति का हरियाणा पुलिस में चयन हुआ है तो वहीं भगत सिंह प्रजापति पोस्ट मास्टर जीडीएस पर चयनित हुए हैं। यह उनके समाज और गांव के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि इन युवाओं ने अपने काम के साथ-साथ पढ़ाई पर काफी ध्यान दिया है। गांव के लोगों ने दोनों युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि इनकी सफलता पूरे गांव के लिए प्रेरणा है और यह उपलब्धि इनकी शिक्षा और मेहनत की पहचान है। सबसे खास बात यह है कि सिंगार गांव जिले का सबसे बड़ा गांव है। गांव में करीब 25 हजार से अधिक मतदाता हैं।
हरियाणा सरकार भी लगातार हरियाणा में बिना पर्ची और खर्ची के सरकारी नौकरियां देने का दावा करती रही है। इसी का नतीजा है कि हरियाणा में हर जिले में और हर वर्ग में सरकारी नौकरियों में लोगों का चयन हो रहा है प्रजापति समाज जोकि पिछड़ा वर्ग श्रेणी में आता है उसे समाज से आने वाले युवाओं को भी पारदर्शी चयन प्रक्रिया का लाभ मिला है। नूंह के सिंगार गांव के इन दो युवाओं का चयन इस बात को साबित करता है।
