Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Explained: अमेरिका-ईरान सीजफायर: 'कूटनीति या मजबूरी...' अमेरिका ने क्यों बदला रुख?

US Iran Ceasefire: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर होने वाले विनाशकारी हमलों को दो सप्ताह के लिए टालने का ऐलान किया है। इसे लेकर कयास लग रहे हैं कि US ने इतना बड़ा स्टैंड लिया क्यों, इसकी वजहों को तलाशने का कोशिश...

Image
अमेरिका ने क्यों बदला रुख?
Authored by: Ravi Vaish
Updated Apr 9, 2026, 15:30 IST
Follow on Google News

US Iran Ceasefire Diplomacy: अमेरिका-ईरान युद्ध पर दो हफ्तों का 'ब्रेक' लग चुका है। ट्रंप ने सोशल मीडिया हैंडल ट्रूथ सोशल पर जानकारी देते हुए कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत के बाद सीजफायर का फैसला लिया गया। अमेरिका के इस फैसले पर ईरान ने भी मुहर लगा दी है। ईरान की सरकारी मीडिया ने भी सीजफायर की पुष्टि कर दी है। इसके अलावा, ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि अगले दो हफ्तों तक ईरानी सैन्य प्रबंधन के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से आवागमन की अनुमति दी जाएगी।

हालांकि, ईरान ने कहा कि युद्धविराम का मतलब युद्ध की समाप्ति नहीं है। ईरान ने कहा कि यह स्पष्ट किया जाता है कि सीजफायर का अर्थ युद्ध की समाप्ति नहीं है। हमारे हाथ अभी भी तैयार हैं, और यदि दुश्मन से जरा सी भी गलती हुई, तो उसका पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा।

US Iran Ceasefire News

US Iran Ceasefire News

अब सवाल यह उठ रहे हैं कि आखिर अमेरिका जो ईरान की तुलना में सैन्य बल में, हथियारों में और आर्थिक रूप से बहुत आगे है उसे ऐसा फैसला लेने की क्या आवश्यकता आन पड़ी। यानी ईरान के साथ दशकों से दुश्मनी, प्रतिबंध और टकराव और फिर अचानक नरमी क्यों?

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव की जड़ें दशकों पुरानी-

साल 1953 में तनाव की पहली चिंगारी (The CIA Coup)

बताते हैं कि साल 1953 से पहले अमेरिका और ईरान के संबंध अच्छे थे। लेकिन जब ईरान के प्रधानमंत्री मोहम्मद मोसादेघ ने तेल का राष्ट्रीयकरण किया, तो अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA ने ब्रिटेन के साथ मिलकर तख्तापलट कर दिया। अमेरिका ने अपनी पसंद के 'शाह' (राजा) को गद्दी पर बिठाया, जिससे ईरानी जनता के मन में अमेरिका के प्रति नफरत भर गई।

साल 1979 'ग्रेट शैतान' और बंधक संकट

यह आधुनिक इतिहास का सबसे बड़ा मोड़ था, कट्टरपंथी नेता अयातुल्ला खुमैनी सत्ता में आए और उन्होंने अमेरिका को 'ग्रेट शैतान' घोषित कर दिया। ईरानी छात्रों ने तेहरान में अमेरिकी दूतावास पर कब्जा कर लिया और 52 अमेरिकियों को 444 दिनों तक बंधक बनाकर रखा। इसके बाद अमेरिका ने ईरान से सारे राजनयिक रिश्ते तोड़ लिए।

ईरान के साथ दशकों से दुश्मनी, प्रतिबंध और टकराव

ईरान के साथ दशकों से दुश्मनी, प्रतिबंध और टकराव

1980 के दशक का 'टैंकर वॉर' और विमान हादसा

विमान हादसा (1988)- अमेरिकी युद्धपोत ने गलती से ईरान के एक नागरिक विमान (IR655) को मार गिराया, जिसमें 290 निर्दोष लोग मारे गए। ईरान इसे आज भी एक सोची-समझी हत्या मानता है। वहीं ईरान-इराक युद्ध में अमेरिका ने सद्दाम हुसैन (इराक) का साथ दिया, जिससे ईरान और भड़क गया।

ताजा तनाव (2026) - अमेरिकी और इजरायली हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता और परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिससे क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात पैदा हो गए। और इसे जारी रहते करीब 40 दिन बीत गए हैं। जिसमें अब यानी 8 अप्रैल को ट्रंप ने ईरान पर होने वाले विनाशकारी हमलों को दो सप्ताह के लिए टालने का ऐलान किया।

क्या यह रहीं वजहें जिनके चलते अमेरिका ने लिया ये स्टैंड?

हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) का खुलना

यह सबसे बड़ा कारण था। ईरान ने दुनिया के इस सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग को बंद कर दिया था, जिससे वैश्विक तेल सप्लाई का बड़ा हिस्सा रुक गया था।जिसके चलते दुनिया भर में तेल की कीमतें आसमान छू रही थीं और शेयर बाजार गिर रहे थे।सीजफायर की शर्त ही यह थी कि ईरान तुरंत इस मार्ग को जहाजों के लिए खोल देगा।

वैश्विक अर्थव्यवस्था का दबाव

इस जंग ने वैश्विक ऊर्जा सप्लाई को बहुत बुरी स्थिति में पहुंचा दिया था और चीन, जापान और यूरोपीय देशों का अमेरिका पर भारी दबाव था कि वे युद्ध रोकें, क्योंकि इन देशों की अर्थव्यवस्थाएं ईंधन की कमी के कारण चरमरा रही थीं।मध्य पूर्व में किसी भी तनाव का सीधा असर तेल की कीमतों और वैश्विक बाजार पर पड़ता है।इसलिए अमेरिका चाहता है कि क्षेत्र में स्थिरता बनी रहे, ताकि आर्थिक झटकों से बचा जा सके।

हमलों को दो सप्ताह के लिए टालने का ऐलान

हमलों को दो सप्ताह के लिए टालने का ऐलान

'परमाणु विनाश' का खतरा

ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान नहीं माना, तो वे ऐसी कार्रवाई करेंगे जिससे 'पूरी सभ्यता मिट सकती है।' इस बड़े खतरे को टालने के लिए दोनों पक्षों ने 14 दिन के इस 'प्रोविजनल' युद्धविराम को बेहतर समझा।

क्षेत्रीय संतुलन और सहयोगी दबाव

मध्य पूर्व में Israel अमेरिका का बड़ा सहयोगी है। ईरान-इजरायल के बीच तनाव जारी रहने पर अस्थिरता बनी रहेगी ऐसे में अमेरिका को दोनों पक्षों के बीच संतुलन बनाना पड़ता है।

अमेरिका में आर्थिक बोझ बढ़ाया

खुद अमेरिका में ही घरेलू स्तर पर विरोध खड़ा होने लगा, ऐसे में US अब सीधे टकराव से बचकर तनाव कम करने की रणनीति अपना रहा है।

ईरान के साथ नरमी दिखाना इस बड़े 'रणनीतिक शिफ्ट' का हिस्सा

आज अमेरिका की सबसे बड़ी रणनीतिक प्राथमिकताएं मध्य पूर्व नहीं, बल्कि चीन के साथ आर्थिक और सैन्य प्रतिस्पर्धा के साथ ही रूस के साथ भू-राजनीतिक टकराव हैं। ऐसे में अमेरिका के लिए यह जरूरी हो गया है कि वह मध्य पूर्व में नया बड़ा युद्ध न खोले। ईरान के साथ नरमी दिखाना इस बड़े रणनीतिक शिफ्ट का हिस्सा माना जाता है।

अमेरिका का यह संतुलन हमेशा आसान नहीं होता

अगर इतिहास देखें, तो Iran-Contra Affair एक बड़ा उदाहरण है, जब अमेरिका ने सार्वजनिक रूप से विरोध करते हुए भीपर्दे के पीछे ईरान से डील की थी। पर अमेरिका का यह संतुलन हमेशा आसान नहीं होता क्योंकि कोई छोटी घटना भी बड़े संघर्ष में बदल सकती है ईरान के क्षेत्रीय नेटवर्क तनाव बढ़ा सकते हैं। इजरायल–ईरान टकराव नियंत्रण से बाहर जा सकता है। इसलिए कह सकते हैं कि यह 'शांति' हमेशा अस्थायी और नाजुक रहती है। यानी अमेरिका का बदला हुआ रुख किसी एक वजह का परिणाम नहीं है। अब देखने की बात यह है कि दोनों पक्ष इसे किस तरीके से और कितनी संजीदगी से लेते हैं...

End of Article