दुनिया

लेबनान पर इजरायली हमलों से भड़का ईरान, होर्मुज को फिर कर दिया बंद; अब जहाजों पर बरसेंगी मिसाइलें!

Iran US Israel War: ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर लागू होने के कुछ घंटों बाद ही पश्चिम एशिया में तनाव गहराता नजर आया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने बुधवार को होर्मुज को फिर से बंद कर दिया।

Image

ईरान ने होर्मुज को फिर किया बंद (फोटो साभार: AI)

Iran US Israel War: ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर लागू होने के कुछ घंटों बाद ही पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने बुधवार को होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को फिर से बंद कर दिया। ईरान ने यह कदम लेबनान में इजरायली हमलों के जवाब में उठाया है। ईरानी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ईरान ने एक बार फिर से होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल टैंकरों की आवाजाही को रोक दिया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कई जहाजों को ईरानी नौसेना की ओर से चेतावनी संदेश भेजे गए हैं, जिसमें कहा गया है कि अगर किसी इस समुद्री इलाके में एंट्री की तो उसे निशाना बनाकर तबाह कर दिया जाएगा।

इजरायल ने बरपाया कहर

ईरान के साथ सीजफायर की घोषणा के कुछ घंटों बाद इजरायल ने बुधवार की दोपहर बिना किसी चेतावनी के मध्य बेरूत के घनी आबादी वाले रिहायशी और वाणिज्यिक इलाकों पर कहर बरपाया। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इन हमलों में कम से कम 89 लोगों की मौत हो गई, जबकि 700 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

इजरायल ने कहा कि ईरान के साथ हुआ सीजफायर समझौता लेबनान में तेहरान के समर्थन वाले उग्रवादी समूह हिजबुल्लाह के साथ उसकी लड़ाई पर लागू नहीं होता। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा कि लेबनानी उग्रवादी समूह हिजबुल्लाह की वजह से लेबनान को सीजफायर समझौते में शामिल नहीं किया गया।

'अभी खत्म नहीं हुआ युद्ध'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सीजफायर की घोषणा किए जाने के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने अपनी सेना को गोलीबारी रोकने का आदेश दिया, लेकिन उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि अभी युद्ध समाप्त नहीं हुआ है। बयान में कहा गया, ''यह युद्ध का अंत नहीं है। हमारे हाथ ट्रिगर पर हैं और दुश्मन की छोटी सी गलती का भी पूरी ताकत के साथ जवाब दिया जाएगा।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article