दुनिया

Trump Tariff: 'ईरान को हथियार देने वाले देशों पर 50 फीसदी टैरिफ', सीजफायर के बाद ट्रंप का नया 'टैरिफ अटैक'

Trump Tariff News: सीजफायर के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का नया टैरिफ अटैक सामने आया है। उन्होंने कहा कि ईरान को हथियार देने वाले देशों पर 50% अधिक टैरिफ लगेगा।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो:Facebook)

Trump Tariff News: अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान को सैन्य हथियार सप्लाई करने वाले देशों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि जो भी देश ईरान को सैन्य हथियार सप्लाई करेगा, अमेरिका को बेचे जाने वाले उसके सभी सामानों पर तत्काल प्रभाव से 50% टैरिफ लगा दिया जाएगा। इसमें कोई छूट या रियायत नहीं मिलेगी।'

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'जो भी देश ईरान को सैन्य हथियार सप्लाई करेगा, उसके द्वारा अमेरिका को बेचे जाने वाले सभी तरह के सामानों पर तुरंत 50% का टैरिफ (शुल्क) लगा दिया जाएगा।'

ट्रंप ने आगे लिखा, 'यह नियम तत्काल प्रभाव से लागू होगा। इसमें किसी भी तरह की कोई छूट या रियायत नहीं दी जाएगी।'

'संवर्द्धित यूरेनियम को 'खोदकर निकालने' का काम करेगा'

वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अमेरिका ईरान के साथ मिलकर उसके उस संवर्द्धित यूरेनियम को 'खोदकर निकालने' का काम करेगा, जो पिछले साल गर्मियों में अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों के दौरान जमीन में दब गया था।राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर कहा कि 'यूरेनियम का संवर्धन नहीं किया जायेगा' और जून में हुए हमलों के बाद से इस सामग्री को छुआ तक नहीं गया है।

हालांकि ईरान ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि यदि अमेरिका ईरान के साथ समझौता कर लेता है तो वह जमीन में दबी इस सामग्री को निकाल लेगा और इसके एक बड़ा अभियान होने की उम्मीद है। ट्रंप ने कहा, 'हम ईरान के साथ शुल्क (टैरिफ) और प्रतिबंधों में राहत के बारे में बातचीत कर रहे हैं।'

अमेरिका-ईरान के बीच 2 सप्ताह के लिए युद्धविराम

इससे पहले के घटनाक्रम में ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच करीब 39 दिनों से चला आ रहा युद्ध फिलहाल थम गया है। अमेरिका-ईरान के बीच दो सप्ताह के लिए युद्धविराम पर समझौता हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को घोषणा की कि अमेरिका, ईरान पर किसी भी हमले को दो सप्ताह के लिए रोक देगा। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर यह फैलसा अपनी कार्रवाई के लिए तय 48 घंटे की समय सीमा समाप्त होने से लगभग 1.5 घंटे पहले साझा किया।

'मैं ईरान पर बमबारी और हमले रोकने पर सहमत'

ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 'पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने बातचीत कर अनुरोध किया कि मैं आज रात ईरान के खिलाफ होने वाली विनाशकारी कार्रवाई को रोक दूं लेकिन इस शर्त पर कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित तरीके से खोलने पर सहमत हो।' ट्रंप ने कहा, 'मैं दो सप्ताह की अवधि के लिए ईरान पर बमबारी और हमले रोकने पर सहमत हूं।' उन्होंने कहा कि यह दोनों पक्षों का संघर्षविराम होगा।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article