कभी आपने सोचा है कि सोशल मीडिया पर स्क्रॉल करते समय आपको बार-बार अपनी पसंद के वीडियो ही क्यों दिखाई देते हैं? मसलन, अगर आपको क्रिकेट देखना पसंद है तो आपकी फीड में क्रिकेट से जुड़े वीडियो की भरमार हो जाती है। अगर आप खाना बनाने की रेसिपी देखते हैं तो कुछ ही दिनों में आपको तरह-तरह के फूड वीडियो दिखने लगते हैं। हैरानी की बात यह है कि इसके लिए आपको हर बार अपनी पसंद बताने की जरूरत नहीं पड़ती। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म खुद समझने लगते हैं कि आपको क्या देखना अच्छा लगता है और किस तरह का कंटेंट आप नजरअंदाज करते हैं।
सोशल मीडिया कई सारी तकनीक के साथ काम करता है। (फोटो क्रेडिट-AI Image)
दरअसल, इसके पीछे एक खास तकनीक काम करती है, जिसे सोशल मीडिया एल्गोरिद्म कहा जाता है। यही तय करता है कि आपकी स्क्रीन पर कौन-सी पोस्ट, फोटो या वीडियो दिखाई देंगे। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि सोशल मीडिया एल्गोरिद्म क्या है, यह कैसे काम करता है और अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर इसकी भूमिका क्या होती है।
सोशल मीडिया एल्गोरिद्म क्या होता है?
आसान शब्दों में कहें तो एल्गोरिद्म कुछ नियमों और निर्देशों का ऐसा सिस्टम है, जो कंप्यूटर को बताता है कि उसे कौन-सा काम किस तरीके से करना है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हर दिन करोड़ों पोस्ट, फोटो और वीडियो अपलोड किए जाते हैं। लेकिन इनमें से हर कंटेंट हर यूजर के काम का नहीं होता। ऐसे में एल्गोरिद्म यह तय करने में मदद करता है कि किस व्यक्ति को कौन-सा कंटेंट दिखाया जाना चाहिए।
इसके लिए प्लेटफॉर्म यूजर की गतिविधियों को समझता है। जैसे वह किस तरह के वीडियो देखता है, किन पोस्ट को लाइक करता है, किसे शेयर करता है और किन अकाउंट्स पर ज्यादा समय बिताता है। इन जानकारियों के आधार पर प्लेटफॉर्म आपकी पसंद का अनुमान लगाता है और उसी हिसाब से फीड तैयार करता है।
एल्गोरिद्म की जरूरत क्यों पड़ती है?
सोशल मीडिया पर कंटेंट की कोई कमी नहीं है। हर सेकेंड हजारों नए वीडियो और पोस्ट अपलोड होते हैं। अगर किसी यूजर को बिना किसी छंटाई के ये सभी पोस्ट दिखने लगें तो उसके लिए काम की चीजें ढूंढना काफी मुश्किल हो जाएगा।
मान लीजिए, आपको क्रिकेट में दिलचस्पी है, लेकिन किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रैवल वीडियो देखना पसंद है। दोनों की सोशल मीडिया फीड एक जैसी नहीं हो सकती। एल्गोरिद्म दोनों की पसंद को समझकर अलग-अलग कंटेंट दिखाता है। इससे यूजर को अपनी पसंद की चीजें आसानी से मिल जाती हैं और प्लेटफॉर्म पर उसका समय भी ज्यादा बीतता है।
सोशल मीडिया का एल्गोरिद्म यह देखता है कि आपका इंट्रेस्ट किस टॉपिक पर ज्यादा है। (फोटो क्रेडिट-AI Image)
आखिर कैसे काम करता है सोशल मीडिया एल्गोरिद्म?
एल्गोरिद्म के काम करने का पूरा तरीका काफी तकनीकी होता है। हर सोशल मीडिया कंपनी इसके लिए अलग-अलग सिस्टम और नियम इस्तेमाल करती है। हालांकि, कुछ सामान्य बातें लगभग सभी प्लेटफॉर्म पर देखने को मिलती हैं।
आपकी हर गतिविधि पर रखता है नजर: जब आप कोई वीडियो देखते हैं, उसे लाइक करते हैं या किसी पोस्ट पर कमेंट करते हैं तो प्लेटफॉर्म के पास आपकी पसंद से जुड़ा एक संकेत पहुंचता है। उदाहरण के लिए, अगर आप लगातार क्रिकेट के वीडियो देखते हैं और दूसरे तरह के वीडियो को जल्दी स्क्रॉल कर देते हैं तो सिस्टम समझने लगता है कि आपकी दिलचस्पी क्रिकेट में ज्यादा है।
देखता है कि आप किस कंटेंट पर कितना समय बिताते हैं: सिर्फ लाइक करना ही आपकी पसंद बताने का तरीका नहीं है। आपने किसी वीडियो को कितनी देर देखा, उसे पूरा देखा या बीच में छोड़ दिया, यह भी अहम होता है। अगर आप किसी वीडियो को बार-बार देखते हैं तो प्लेटफॉर्म इसे आपकी दिलचस्पी का संकेत मान सकता है।
आपकी पसंद के आधार पर कंटेंट दिखाता है: आपकी एक्टिविटी से मिली जानकारी के आधार पर एल्गोरिद्म ऐसे वीडियो और पोस्ट चुनता है, जिन्हें देखने में आपकी दिलचस्पी हो सकती है। यही वजह है कि अगर आप कुछ दिनों तक फिटनेस वीडियो देखते हैं तो आपकी फीड में वर्कआउट, डाइट और हेल्थ से जुड़े वीडियो बढ़ने लगते हैं।
समय के साथ खुद को अपडेट करता रहता है: एल्गोरिद्म एक बार आपकी पसंद समझकर रुक नहीं जाता। यह लगातार आपके नए व्यवहार से सीखता रहता है। अगर पहले आपको गेमिंग वीडियो पसंद थे, लेकिन अब आप ट्रैवल वीडियो ज्यादा देखने लगे हैं तो धीरे-धीरे आपकी फीड में भी बदलाव आने लगेगा।
इंस्टाग्राम पर कैसे तय होता है कि आपको कौन-सी रील दिखाई जाएगी?
इंस्टाग्राम पर हर जगह एक ही तरह का एल्गोरिद्म काम नहीं करता। फीड, स्टोरीज, रील्स और एक्सप्लोर सेक्शन में कंटेंट दिखाने के तरीके अलग-अलग हो सकते हैं। आप जिन अकाउंट्स को फॉलो करते हैं, उनके साथ आपकी बातचीत और उनकी पोस्ट पर आपकी प्रतिक्रिया फीड को प्रभावित करती है। रील्स में प्लेटफॉर्म यह समझने की कोशिश करता है कि आप किस तरह के वीडियो पसंद करते हैं। आपने पहले कौन-सी रील देखी, किसे लाइक या शेयर किया और किस वीडियो को पूरा देखा, ये सभी बातें अहम हो सकती हैं।
इसके अलावा वीडियो की लोकप्रियता, उसकी जानकारी और उसे देखने वाले दूसरे यूजर्स की प्रतिक्रिया भी कंटेंट की पहुंच को प्रभावित कर सकती है। यही कारण है कि इंस्टाग्राम खोलते ही आपको कई बार ऐसे क्रिएटर्स की रील्स भी दिख जाती हैं, जिन्हें आपने कभी फॉलो नहीं किया होता।
यूट्यूब कैसे समझता है कि आपको कौन-सा वीडियो पसंद आएगा?
यूट्यूब पर वीडियो की सिफारिश करने में आपकी वॉच हिस्ट्री की अहम भूमिका होती है। मान लीजिए, आप यूट्यूब पर लगातार मोबाइल रिव्यू देखते हैं। इसके बाद प्लेटफॉर्म आपको नए स्मार्टफोन, टेक्नोलॉजी और गैजेट्स से जुड़े वीडियो दिखाने लग सकता है। यूट्यूब यह भी देखता है कि आप कौन-सा वीडियो कितनी देर तक देखते हैं, किन वीडियो को पसंद करते हैं और किन चैनलों पर बार-बार जाते हैं।
इसके अलावा किसी वीडियो को देखने वाले दूसरे लोगों की पसंद भी सिफारिशों को प्रभावित कर सकती है। यानी यूट्यूब सिर्फ यह नहीं देखता कि किसी वीडियो पर कितने व्यू आए हैं, बल्कि यह समझने की भी कोशिश करता है कि वह वीडियो किन लोगों के लिए उपयोगी या दिलचस्प हो सकता है।
फेसबुक पर कैसे काम करता है कंटेंट दिखाने वाला सिस्टम?
फेसबुक पर आपको दोस्तों की पोस्ट, ग्रुप की गतिविधियां, पेज का कंटेंट और रिकमेंड किए गए वीडियो दिखाई देते हैं। यहां आपकी पसंद और आपके कनेक्शन दोनों महत्वपूर्ण होते हैं। आप किन दोस्तों की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हैं, किन ग्रुप्स में एक्टिव रहते हैं और किस तरह के पेज देखते हैं, इन बातों से आपकी फीड प्रभावित होती है।
इसके साथ ही पोस्ट कितनी नई है, उस पर लोगों की प्रतिक्रिया कैसी है और वह आपके लिए कितनी प्रासंगिक हो सकती है, इन संकेतों को भी ध्यान में रखा जाता है। इसी वजह से दो लोगों के फेसबुक अकाउंट पर एक जैसी फीड नजर आना जरूरी नहीं है।
लिंक्डइन पर किस आधार पर दिखाई देती हैं पोस्ट?
लिंक्डइन दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से थोड़ा अलग है। यहां नौकरी, करियर, बिजनेस और प्रोफेशनल नेटवर्किंग से जुड़ा कंटेंट ज्यादा देखने को मिलता है। इस प्लेटफॉर्म पर पोस्ट की उपयोगिता, विषय से जुड़ाव और यूजर्स की प्रतिक्रिया अहम होती है। उदाहरण के लिए, अगर आप मार्केटिंग से जुड़े पोस्ट पढ़ते हैं और इस क्षेत्र के लोगों के साथ बातचीत करते हैं तो आपको इसी विषय से जुड़ी पोस्ट ज्यादा दिखाई दे सकती हैं। इसके अलावा पोस्ट की नई जानकारी, लेखक की विश्वसनीयता और आपके प्रोफेशनल नेटवर्क का भी असर पड़ सकता है।
एक्स यानी ट्विटर पर कैसे तय होती है आपकी फीड?
एक्स (पहले ट्विटर) पर भी यूजर की पसंद और गतिविधियों के आधार पर पोस्ट दिखाई जाती हैं। आप किन अकाउंट्स को फॉलो करते हैं, किन पोस्ट को लाइक या रीपोस्ट करते हैं और किन विषयों पर बातचीत करते हैं, ये सभी बातें आपकी टाइमलाइन को प्रभावित कर सकती हैं। इसके अलावा पोस्ट कितनी नई है, उस पर कितना एंगेजमेंट मिल रहा है और वह आपके लिए कितनी प्रासंगिक है, इन संकेतों को भी महत्व दिया जाता है। इस तरह प्लेटफॉर्म कोशिश करता है कि आपकी स्क्रीन पर वही पोस्ट आएं, जिनमें आपकी दिलचस्पी होने की संभावना ज्यादा है।
क्या सोशल मीडिया एल्गोरिद्म के कुछ नुकसान भी हैं?
एल्गोरिद्म के कई फायदे हैं, लेकिन इसके कुछ नुकसान भी हो सकते हैं। जब कोई प्लेटफॉर्म लगातार आपकी पसंद का कंटेंट दिखाता है तो आप एक ही तरह की जानकारी और विचारों के बीच सीमित हो सकते हैं। इसे इको चैंबर (Echo Chamber) कहा जाता है। इसमें व्यक्ति को बार-बार उसी तरह के विचार और जानकारियां दिखाई देती हैं, जिनसे वह पहले से सहमत होता है। इसके अलावा पसंदीदा वीडियो लगातार सामने आने से यूजर जरूरत से ज्यादा समय सोशल मीडिया पर बिताने लग सकता है। कई बार बिना किसी खास काम के भी स्क्रॉलिंग चलती रहती है। इसलिए यह समझना जरूरी है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाला हर कंटेंट जरूरी नहीं कि आपके लिए सबसे उपयोगी या पूरी तरह सही हो।
कैसे रखें सोशल मीडिया एल्गोरिद्म को अपने कंट्रोल में?
एल्गोरिद्म आपकी गतिविधियों से सीखता है। ऐसे में आप अपनी कुछ आदतों में बदलाव करके अपनी फीड को बेहतर बना सकते हैं।
- जिस तरह का कंटेंट देखना चाहते हैं, उसे लाइक, सेव या फॉलो करें।
- जो वीडियो या पोस्ट पसंद नहीं हैं, उन पर 'Not Interested' का विकल्प इस्तेमाल करें।
- गैरजरूरी अकाउंट्स को अनफॉलो या म्यूट करें।
- समय-समय पर अपनी वॉच हिस्ट्री और सर्च हिस्ट्री चेक करें।
- अलग-अलग विषयों का कंटेंट भी देखें, ताकि आपकी फीड एक ही तरह की जानकारी तक सीमित न रहे।
