Flat Buying Tips: प्रॉपर्टी की कीमत लगातार बढ़ रही है। पिछले 3 सालों में देश के मेट्रो शहरों से लेकर टियर-2 और टियर-3 शहरों में घरों की कीमत दोगुनी हो गई है। इसके चलते बहुत सारे लोग चाह कर भी अपना घर खरीद नहीं पा रहे हैं। हालांकि, ऐसा नहीं है कि प्रॉपर्टी की कीमत बहुत ज्यादा बढ़ने के बाद घर की मांग खत्म ही हो गई है। खुद के आशियाने की चाह में लोग अपनी गाढ़ी कमाई से पैसे बचा घर खरीद रहे हैं। दशहरा से दिवाली तक त्योहारी सीजन में घरों की बिक्री में उछाल आने का अनुमान है। ऐसे में अगर आप भी अपना घर खरीदने की योजना बना रहे हैं तो हम आपको कुछ टिप्स दे रहे हैं। इन टिप्स को फॉलो कर आप आसानी से 50 से 60 लाख रुपये के फ्लैट पर ₹5 लाख तक की बचत कर सकते हैं।
प्रॉपर्टी ब्रोकर के जरिये डील नहीं करें
अक्सर लोग प्रॉपर्टी खरीदने की शुरुआत करते ही ब्रोकर की मदद लेने लगते हैं। प्रॉपर्टी ब्रोकर डील कराने के एवज में मोटा कमीशन लेता है। आपको बता दें कि कोई भी प्रॉपर्टी ब्रोकर जो फ्लैट की डील करता है उसका कमीशन 2% से 5% के बीच होता है। ऐसे में अगर आप 50 लाख रुपये की प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं और ब्रोकर का कमीशन 5% तो उसका कमीशन 2.5 लाख रुपये हो जाएगा।
अगर आपको पैसा बचना है तो ब्रोकर से बचें। फ्लैट खरीदने के लिए खुद से ऑफलाइन और ऑनलाइन रिसर्च करें। रिसर्च की शुरुआत ऑनलाइन से करें। इसके लिए आप तमाम प्रॉपर्टी वेबसाइट, बिल्डर की ऑफिसियल वेबसाइट आदि को खंगाले। इसके बाद अपनी बजट की प्रॉपर्टी ढूंढें। हमेशा 5 से 10 प्रॉपर्टी का चयन करें। इसके बाद बिल्डर की साइट पर जाएं। ऐसा कर आप प्रोजेक्ट के बारे में सही जानकारी जुटा पाएंगे। साथ ही आसपास के लोकेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्कूल, अस्पताल आदि की भी जानकारी मिल जाएगी। अगर आप फ्लैट खरीदने में ब्रोकर की मदद नहीं लेंगे तो आसानी से 50 से 60 लाख रुपये के फ्लैट पर 2 से 3 लाख रुपये की बचत कर लेंगे।
बिल्डर से मोलतोल करना नहीं भूलें
रिसर्च के बाद आप जिस प्रोजेक्ट में प्रॉपर्टी को खरीदने का फैसला करें, उस प्रोजेक्ट को बनाने वाले बिल्डर से मिलकर मोलतोल करना नहीं भूलें। प्रॉपर्टी एक्सपर्ट के अनुसार, सीरियस होम बायर्स को देखते हुए बिल्डर भी कई तरह के चार्ज और कैश डिस्काउंट दे देते हैं। ब्रोकर डील में शामिल नहीं होने से बिल्डर को कमीशन भी नहीं देना होता है। इस बचत को वे होम बायर्स को ट्रांसफर कर देते हैं। बिल्डर पार्किंग चार्ज, क्लब चार्ज समेत कैश डिस्काउंट भी देते हैं। यानी अगर आप बिल्डर से मोलतोल करते हैं तो आसानी से 2 से 3 लाख रुपये तक की छूट पा सकते हैं। इस तरह आप आसानी से 60 लाख रुपये तक के फ्लैट पर 5 लाख रुपये की बचत कर सकते हैं।
पत्नी के साथ रजिस्ट्री कराएं
घर खरीदने के बाद फ्लैट की रजिस्ट्री में पत्नी को जरूर शामिल करें। कई राज्यों में पत्नी के नाम रजिस्ट्री कराने पर स्टाम्प ड्यूटी में छूट मिलती है। इतना ही नहीं, बैंक भी होम लोन के ब्याज परर कुछ राहत देते हैं। इस तरह आप अपनी पत्नी को रजिस्ट्री में शामिल कर अच्छी बचत कर सकते हैं।