Indians Back from Iran: ईरान-इजरायल के बीच संघर्ष (Iran Israel war) काफी भीषण होता जा रहा है ऐसे में ईरान में फंसे हुए तमाम भारतीय चिंतित हैं और वो अपनी वतन वापसी की उम्मीद में हैं वहीं भारत सरकार ने भी इस दिशा में गंभीर कदम उठाए हैं और ईरान स्थित इंडियन एंबेसी ने तेहरान में मौजूद अपने सभी नागरिकों से भारतीय दूतावास से तत्काल संपर्क करने के लिए कहा है वहीं राजधानी तेहरान से भी भारतीय छात्रों को सुरक्षित जगहों पर भेज दिया गया है।
भारत ने अपने नागरिकों को ईरान से निकालना शुरू कर दिया है
इंडियन एंबेसी ने कहा है कि ऐसे भारतीय जो दूतावास के संपर्क में नहीं हैं, वे तत्काल अपनी लोकेशन और मोबाइल नंबर उसके साथ साझा करें। दूतावास ने संपर्क के लिए कॉन्टैक्ट नंबर जारी किए हैं।
ईरान की सीमा 7 देशों से लगती है
बता दें कि ईरान की सीमा 7 देशों से लगती है- ये हैं अफगानिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, पाकिस्तान, अजरबैजान, आर्मेनिया, तुर्किये और इराक, बताते हैं कि भारतीयों को बाहर निकालने में आर्मेनिया (Armenia) को प्रमुखता दी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय नागरिकों का पहला जत्था मंगलवार रात ईरान से आर्मेनिया सीमा पार पहुंचा इस जत्थे में लगभग 110 लोग शामिल हैं, यह प्रक्रिया भारत सरकार और ईरान के बीच बातचीत के बाद शुरू की गई।
आर्मेनिया के साथ भारत के संबंध काफी अच्छे
ऐसा करने के पीछे की वजह हैं उनमें एक तो यह कि आर्मेनिया के साथ भारत के संबंध काफी अच्छे हैं वहीं आर्मेनिया का बॉर्डर ईरान के प्रमुख शहरों से बेहद कम दूरी पर है और वहां से भारत के लिए फ्लाइट ऑपरेशन तेजी से मुमकिन है।
वहां से फ्लाइट उड़ाना सुरक्षित नहीं
ईरान के ज्यादातर इंटरनेशनल एयरपोर्ट इस समय नागरिक उड़ानों के लिए बंद हैं वहां के हालातों की वजह से वहां से फ्लाइट उड़ाना सुरक्षित नहीं माना जा रहा है, भारत से ईरान के बीच करीब 2800 किलोमीटर की दूरी है।
इंडियन एंबेसी ने एक एडवाइजरी जारी कर सभी भारतीयों से कहा-
- अनावश्यक यात्रा न करें
- दूतावास से संपर्क में रहें
- सिर्फ अधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और वेबसाइट्स से ही अपडेट लें
ईरान में लगभग 10 हजार भारतीय
एक अनुमान के मुताबिक ईरान में करीब डेढ़ हजार छात्रों सहित लगभग 10 हजार भारतीय हैं। इससे पहले भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों को अपने साधन से तेहरान से निकलकर किसी सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए कहा था। अब भारतीय दूतावास ने X पर कहा है कि 'तेहरान में रहने वाले ऐसे सभी भारतीय जो दूतावास के संपर्क में नहीं हैं, उनसे अनुरोध किया जाता है कि वे तेहरान स्थित भारतीय दूतावास से तुरंत संपर्क करें और अपनी लोकेशन और मोबाइल नंबर दें।' दूतावास ने भारतीयों से अपने +989010144557, +989128109115, +989128109109 पर संपर्क करने के लिए कहा है।
सतर्कता बरतने, सभी अनावश्यक गतिविधियों से बचने की सलाह
वहीं ईरान में सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों से सतर्कता बरतने, सभी अनावश्यक गतिविधियों से बचने, दूतावास के सोशल मीडिया खातों का अनुसरण करने और स्थानीय अधिकारियों के परामर्श के अनुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने का अनुरोध किया गया था।
