Vanita Sharma claims Sheezan Khan used Tunisha Sharma: अभिनेत्री तुनिषा शर्मा की मौत से पूरी इंडस्ट्री सदमे में हैं। महाराष्ट्र के पालघर जिले में टेलीविजन धारावाहिक के सेट पर तुनिषा को मृत पाया गया। अब तुनिषा की मां वनीता शर्मा ने सोमवार अलीबाबा में उनके साथ काम कर रहे को-स्टार शीजान खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वनीता शर्मा ने आरोप लगाया कि शीजान खान ने उनकी बेटी को धोखा दिया और उसका इस्तेमाल किया।
tunisha sharma mother
पत्रकारों से बातचीत में तुनिषा की मां ने दावा किया कि शीजान खान ने उनकी बेटी को धोखा दिया। उन्होंने आरोप लगाया, 'शीजान खान के तुनिषा के साथ संबंध थे और उसने उससे शादी करने का वादा किया था। तुनिषा के अलावा दूसरी महिलाओं के साथ भी उसके रिश्ते थे। उसने तीन से चार महीने तक तुनिषा का इस्तेमाल किया।' तुनिषा शर्मा की मां ने आगे कहा, 'शीजान को सजा मिलनी चाहिए। उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। मैंने अपनी बेटी खो दी है।'
पुलिस के अनुसार, 20 साल की अभिनेत्री तुनिषा ने शनिवार को पालघर के वसई इलाके में एक धारावाहिक के सेट पर वॉशरूम में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।
तुनिषा की मां की तरफ से मिली शिकायत के आधार पर वालीव पुलिस ने तुनिषा के सह-अभिनेता शीजान खान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया और रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस बीच, पुलिस फिलहाल तुनिषा शर्मा और शीजान खान के व्हाट्सएप चैट व कॉल रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। साथ ही जांच दल के एक अधिकारी का कहना है कि प्रारंभिक ऑटोप्सी रिपोर्ट में तुनिषा की गर्भावस्था का कोई संकेत नहीं मिला है।
आपको बता दें तुनिषा ने टीवी शो 'भारत का वीर पुत्र-महाराणा प्रताप', 'फितूर' और 'बार बार देखो' जैसी फिल्मों में काम किया था। अपनी मृत्यु के समय तुनिषा धारावाहिक 'अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल' की शूटिंग कर रही थीं। पुलिस के अनुसार वह सेट पर वॉशरूम गई थीं और काफी देर तक नहीं लौटीं। जब दरवाजा तोड़ा गया तो अभिनेत्री का शव फंदे पर लटका मिला था।
