Dipika Kakar Surgery Delayed For A Week Due To This Reason: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। दीपिका कक्कड़ इन दिनों बड़ी परेशानी से गुजर रही हैं। उनके पति शोएब इब्राहिम ने कुछ दिनों पहले व्लॉग शेयर कर बताया था कि दीपिका कक्कड़ को लिवर में ट्यूमर हो गया है, जिसका आकार करीब टेनिस बॉल जितना बड़ा है। दीपिका कक्कड़ की सर्जरी भी होने वाली थी, लेकिन अब एक्ट्रेस के ऑपरेशन को एक सप्ताह के लिए टाल दिया गया है। इतना ही नहीं, ट्यूमर के दर्द से तड़प रहीं दीपिका कक्कड़ को एक और परेशानी ने घेर लिया है। इस बात का खुलासा खुद उनके पति शोएब इब्राहिम (Shoaib Ibrahim) ने किया है।
यह भी पढ़ें: दीपिका कक्कड़ को हुआ लिवर में बड़ा ट्यूमर, सर्जरी से पहले पत्नी के लिए दुआ मांग रहे पति शोएब इब्राहिम
दीपिका कक्कड़ को हुआ तेज बुखार
शोएब इब्राहिम (Shoaib Ibrahim) ने अपने लेटेस्ट व्लॉग में बताया कि दीपिका कक्कड़ मुंबई के कोकीलाबेन अस्पताल में भर्ती हैं, जहां डॉक्टर्स उनका टेस्ट ले रहे हैं। लेकिन इसी दौरान एक्ट्रेस को 103.9 डिग्री बुखार हो गया और उनके शरीर का दर्द भी काफी बढ़ गया। शोएब के मुताबिक, दवाइयां लेने के बाद भी दीपिका कक्कड़ की हालत खराब होती चली गई। वहीं उनका ये बुखार फ्लू में बदल गया। शोएब इब्राहिम ने बताया कि दीपिका कक्कड़ इस वक्त काफी दर्द से गुजर रही हैं, लेकिन उन्होंने एक बहादुर महिला की तरह सबका सामना किया है।
कब होगी दीपिका कक्कड़ की सर्जरी
शोएब इब्राहिम (Shoaib Ibrahim) ने बताया कि डॉक्टर्स दीपिका कक्कड़ के PET स्कैन रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और एक्ट्रेस की सर्जरी अगले सप्ताह तक हो सकती है। शोएब इब्राहिम ने इस बारे में कहा, "मुझे आप लोगों को अपडेट देने का वक्त नहीं मिला। जब समय मिला तो मैं ऐसे जोन में नहीं था कि किसी को कुछ बता सकूं। मुझे माफ करना, आप लोग बहुत दुआएं कर रहे हैं। आप लोगों का बहुत-बहुत शुक्रिया।"
