Lalit Parimoo Birthday Anniversary: 'शक्तिमान', एक ऐसा टीवी शो जो आज भी 90 के दशक के लोगों के लिए बचपन की सबसे खास मेमोरी की तरह है। इस सीरियल और इसके किरदारों को लोगों से खूब प्यार भी मिला। इस सीरियल से यकीनन जिसे सबसे अधिक प्रसिद्धि मिली वह शक्तिमान और किल्विष थे। हालांकि इसके अलावा अगर इस सीरियल से किसी को याद किया जाता है तो वह है ललित परिमू द्वारा निभाया गया डॉ जैकाल का किरदार। उन्हें शक्तिमान के सबसे बड़े दुश्मनों में से एक माना जाता था।
शक्तिमान फेम ललित परिमू आज 58वां जन्मदिन मना रहे हैं।
आज 28 सितंबर 2022 को ललित परिमू अपना 58वां जन्मदिन मना रहे हैं। आइए उनके जन्मदिन के मौके पर उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ बातों से आपको रूबरू करवाते हैं।
कई टीवी सीरियल्स में कर चुके हैं काम
ललित शक्तिमान के अलावा भी कई टीवी सीरियल में काम कर चुके हैं। जिनमें 'सीआईडी', 'रिश्ते व 'केसरिया आदि टीवी शो शामिल हैं। हालांकि आज भी उन्हें लोग शक्तिमान में निभाए गए उनके किरदार से पहचानते हैं। टीवी शो में काम करने के अलावा वह कई फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।
सिर्फ एक्टिंग ही नहीं लेखक भी हैं ललित
ललित कई बॉलीवुड फिल्मों में नजर आ चुके हैं। जिनमें 'हैदर' और 'मुबारकां' जैसी फिल्में भी शामिल हैं। फिल्मों के साथ ही वह वेब सीरीज 'स्कैम 1992' में वह नजर आ चुके हैं। ललित एक ऑल राउंडर हैं जो अपने आप को केवल एक्टिंग तक ही सीमित नहीं रखते हैं। वह एक्टर के साथ-साथ एक लेखक भी हैं जो 'मैं मनुष्य हूं' किताब लिख चुके हैं।
ललित अपनी हेल्थ पर भी काफी ध्यान रखते हैं, स्वस्थ रहने के लिए वह रोजाना योग करने में विश्वास रखते हैं। बावजूद इसके वह महामारी के दौरान कोरोना की चपेट में आ गए थे। हालांकि वह कोरोना से रिकवर करने में कामयाब रहे। इसके साथ ही ललित ने उन लोगों के लिए भी एक एक्टिंग संस्थान शुरू किया है जो एक्टिंग में अपना करियर बनाना चाहते हैं।
