Sajjad Delafrooz in Allu Arjun Pushpa 2: 'पुष्पा: द राइज' की सफलता के बाद से ही अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। फैन्स को भी फिल्म के दूसरे पार्ट यानी 'पुष्पा: द रूल' का बड़ी बेसब्री से इंतजार है। रिपोर्ट्स की मानें तो अल्लू अर्जुन ने फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। बीते कई दिनों में 'पुष्पा 2' के लिए कई एक्टर्स के नाम सामने आ चुके हैं। हालांकि अब बताया जा रहा है कि मेकर्स ने सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'टाइगर जिंदा है' के विलेन सज्जाद डेलाफरोज से फिल्म का हिस्सा बनने के लिए बात की है।
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक 'टाइगर जिंदा है' फेम सज्जाद डेलाफरोज (Sajjad Delafrooz) साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' में अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। सज्जाद को सलमान खान और कैटरीना कैफ स्टारर से काफी लोकप्रिय मिली थी। इस फिल्म में अभिनेता ने अबू उस्मान की भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्हें 'स्पेशल ऑप्स' में के के मेनन और सैयामी खेर के साथ देखा गया था। नीरज पांडे द्वारा बनाई गई फिल्म में सज्जाद ने हाफिज अली की भूमिका निभाई थी। उन्होंने पर्शियन हॉरर थ्रिलर 'अंडर द शैडो' में भी एक छोटी भूमिका निभाई है। अभिनेता जल्द ही कार्तिक आर्यन के साथ 'फ्रेडी' में भी दिखाई देंगे। ऐसे में अब सज्जाद और अल्लू अर्जुन को एक साथ बड़े परदे पर देखना काफी दिलचस्प होगा।
'पुष्पा 2' में हुई सज्जाद की एंट्री को लेकर मेकर्स की ओर से ऑफिशियल अनाउंसमेंट होना अभी बाकी है। मेकर्स जल्द ही इसके बारे में आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं। 'पुष्पा 2' में अल्लू अर्जुन के साथ एक बार फिर रश्मिका मंदाना लीड रोल में दिखाई देंगी। इस फिल्म में दोनों को एक बार फिर रोमांस करते हुए देखना दर्शकों के लिए बड़ी ट्रीट होगी।
