Rohit Shetty Mumbai House Firing: बॉलीवुड के डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग से सनसनी मच गई है। इससे पहले सलमान खान के घर पर भी ऐसा ही कुछ हुआ था। बताया जा रहा है कि रोहित शेट्टी के घर के बाहर लगभग 3 से 4 राउंड फायरिंग हुई है। इस घटना ने रोहित शेट्टी के फैन्स को चिंता में डाल दिया है। इसके बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है। पहले किसी ने भी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी। अब इस मामले में एक अपडेट सामने आया है।
pic credit- instagram
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने ली जिम्मेदारी
सुबह-सुबह रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर 'शेट्टी टावर' पर हुई फायरिंग ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिला दिया है। अब इस घटना में और खौफनाक अपडेट सामने आया है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। दो बाइक सवार हमलावरों ने शेट्टी टावर के बाहर कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। इस हमले में किसी को चोट नहीं आई। बिश्नोई गैंग ने रोहित शेट्टी और पूरी फिल्म इंडस्ट्री को चेतावनी दी है कि हमारे काम में दखल न दें। घटना के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर बिश्नोई गैंग के सदस्य शुभम लोंकर और आरजू बिश्नोई से जुड़ा एक पोस्ट वायरल हो गया। हिंदी में लिखे इस पोस्ट में कहा गया, 'राम राम, जय बजरंग बली सभी भाइयों को। आज हम शुभम लोंकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन शांडू मिलकर मुंबई में फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हैं। हमने कई बार मैसेज किया कि हमारे काम में दखल न दें, लेकिन वो नहीं माने।'
इस पोस्ट में आगे लिखा है, 'ये सिर्फ एक छोटा सा ट्रेलर है। अगर वो नहीं माने तो अगली गोलियां घर के बाहर नहीं, बल्कि उनके बेडरूम में उनके सीने में लगेंगी। पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को चेतावनी है सुधार जाओ, वरना बाबा सिद्दीकी से भी बुरा हाल होगा। जिन्हें हमने कॉल किया है, लाइन में आ जाओ वरना छिपने की जगह नहीं मिलेगी। दुश्मनों के लिए इंतजार करो, देखते रहो। (नोट: था सिर्फ एक, है सिर्फ एक और रहेगा सिर्फ एक – लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप) पोस्ट वायरल होते ही मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शहर में बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं।
