Khesari Lal Quit Bhojpuri Industry: भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) ने खुलासा किया कि वह जिंदगी के मुश्किल दौर में हैं। अभिनेता इस समय लंदन में हैं। उन्होंने अपने फैन्स से पूछा कि अगर उन्हें नहीं लगता कि वह काम के लिए सही हैं, तो वह इंडस्ट्री छोड़ देंगे। खेसारी लाल यादव एक वीडियो वायरल होने के बाद राजपूत समुदाय से मिल रहे रिएक्शन का सामना कर रहे हैं। मामला तब तूल पकड़ गया जब उनकी बेटी कृति की तस्वीर को एडिट कर एक अश्लील गाने में इस्तेमाल किया गया।
खेसारी लाल यादव ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया जिसमें वह भावुक हो गए और कहा, 'आज मैं पूरे दिन काम नहीं कर पाया। मुझे नींद नहीं आ रही है। भूख नहीं लग रही क्योंकि मैं भी एक पिता हूं। मैंने 200 से अधिक गाने हटा दिए गए हैं। मेरे गाए गीतों को कोई और गाता भी है और अपने नाम से रिलीज भी करता है क्योंकि मेरी कंपनी नहीं है। मुझे भी नुकसान हो रहा है।'
आगे उन्होंने कहा, 'अगर आप लोगों को लगता है कि मैं भोजपुरी भाषा के लिए कुछ नहीं कर पाऊंगा तो बता दीजिए। मैं इस इंडस्ट्री को छोड़कर चला जाऊंगा। मुझमें इतनी क्षमता है कि मैं कहीं और जाकर काम कर सकता हूं। मेरी वजह से मेरी बेटी का अपमान हो रहा है। मैं अपनी बेटी से आंख भी नहीं मिला पा रहा हूं।' खेसारी लाल यादव को सोशल मीडिया पर ज्यादातर फैन्स सपोर्ट कर रहे हैं। हालांकि कई भोजपुरी सेलेब्स ने भी खेसारी लाल यादव का समर्थन किया है।
