Javed Akhtar Twitter: भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार (Captain Smit Machchhar) की बहादुरी और सूझबूझ की हर तरफ तारीफ हो रही है। मुश्किल हालात में उनकी हिम्मत ने लोगों का ध्यान खींचा है। बॉलीवुड के कई बड़े स्टार्स ने भी सोशल मीडिया पर कैप्टन स्मित को सलाम करते हुए उनकी बहादुरी की तारीफ की। इसी बीच मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर (Javed Akhtar) ने भी कैप्टन स्मित को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक ट्वीट कर पायलट के साहस की तारीफ की। जावेद अख्तर का यह ट्वीट अब तेजी से वायरल हो रहा है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-जेसन संजय की पहली फिल्म Sigma देखने पहुंचीं मां संगीता और बहन, पिता विजय रहे गायब)
जावेद अख्तर ने किया सलाम (pic credit-instagram)
जावेद अख्तर ने किया सलाम
जावेद अख्तर ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की जमकर तारीफ की है। जावेद अख्तर ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'स्मित मच्छार को सलाम! निस्संदेह वह महावीर चक्र जैसे सम्मान के हकदार हैं।' बता दें कि महावीर चक्र भारत का दूसरा सबसे बड़ा सैन्य वीरता सम्मान है, जो सशस्त्र बलों के जवानों को युद्ध के दौरान असाधारण बहादुरी के लिए दिया जाता है। दरअसल, 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में बीच हवा में बड़ा हादसा होते-होते बचा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओमान के को-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया। हमले में स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी। उन्होंने हमलावर का सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे, जिससे क्रू और यात्रियों को अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने का मौका मिला।
बता दें कि इस घटना के दौरान विमान की ऊंचाई भी तेजी से कम हुई थी। हालात बिगड़ने के बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के ताबुक में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में मौजूद 174 यात्रियों की जान बचाने में कैप्टन स्मित की सूझबूझ और साहस को अहम माना जा रहा है। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया और बाद में अबू धाबी में इलाज कराया गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई है। कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी कर चुके हैं। दोनों नेताओं ने उनके साहस और मुश्किल वक्त में लिए गए फैसले की सराहना की है।
