Saroj Khan Passes Away: मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का कार्डिएक अरेस्ट से निधन, 72 की उम्र में ली आखिरी सांस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 3, 2020, 10:31 AM IST

Saroj Khan Death: बॉलीवुड जगत को एक और बड़ा झटका लगा है। मशहूर बॉलीवुड कोरियोग्राफर सरोज खान का 72 साल की उम्र में कार्डिएक अरेस्ट के चलते निधन हो गया।

Saroj Khan Passes Away: मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का कार्डिएक अरेस्ट से निधन, 72 की उम्र में ली आखिरी सांस

बॉलीवुड जगत को एक और बड़ा झटका लगा है। जानी मानी कोरियोग्राफर सरोज खान का 72 साल की उम्र में निधन हो गया है। वो पिछले कुछ समय से बीमार थीं और अस्पताल में भर्ती थीं। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को रात करीब 1:52 पर कार्डिएक अरेस्ट के चलते उनका निधन हुआ।

अस्पताल में थीं भर्ती

मालूम हो कि सरोज खान पिछले करीब 10 दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं, उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। साथ ही उन्हें डायबिटीज और सेहत संबंधी अन्य कई परेशानी थी। बता दें कि अस्पताल में भर्ती करवाए जाने के बाद उनका कोरोना वायरस का भी टेस्ट हुआ था लेकिन उनकी ये रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। सरोज खान का अंतिम संस्कार आज होगा। एएनआई के मुताबिक आज मुंबई में मलाड के मलवानी में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सेहत को लेकर आया था ये बयान

24 जून को सरोज खान की तबीयत खराब होने और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद फैंस को उनकी सेहत की चिंता हो गई थी जिसके बाद वो लगातार ट्वीट कर रहे थे। इसके बाद फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा ने ट्वीट कर बताया था कि सरोज खान अस्पताल में भर्ती हैं लेकिन वो ठीक हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। वो वहां रेगुलर ट्रीटमेंट के लिए थीं। उनका कोरोना का भी टेस्ट हुआ है जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।  

तीन बार जीत चुकी हैं नेशनल अवॉर्ड

सरोज खान बेस्ट कोरियोग्राफी के लिए तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी हैं, जिसमें फिल्म देवदास, जब वी मेट और तमिल फिल्म श्रृंगारम शामिल है। उन्होंने करीब 2 हजार गानों को कोरियोग्राफ किया जिसमें बॉलीवुड के कई मशहूर गाने शामिल हैं। 

साल 2019 में कोरियोग्राफ किया था आखिरी गाना

सरोज खान ने आखिरी बार साल 2019 में बॉलीवुड गाना कोरियोग्राफ किया था, जो कि फिल्म कलंक का था। सरोज खान ने कलंक का गाना तबाह हो गए कोरियोग्राफ किया था।

बता दें कि वो अपने पीछे पति बी. सोहनलाल, बेटे हामिद खान और बेटियों हिना खान और सुकन्या खान को छोड़ गईं हैं।

End of Article