Akshay Kumar Donates Money For Punjab Flood Relief: पंजाब में इस वक्त बाढ़ ने तबाही मचाई हुई है। बताया जा रहा है कि बाढ़ के कारण पंजाब के 23 जिलों के हजारों गांव प्रभावित हुए हैं। साथ ही कई लोगों ने जान भी गंवाई है। बाढ़ ने पंजाब की फसलों को तो बर्बाद किया ही, साथ ही मवेशियों को भी इससे जूझना पड़ रहा है। पंजाब में आई इस आपदा में कई सितारों ने लोगों की मदद का फैसला किया। दिलजीत दोसांझ से लेकर हिमांशी खुराना जैसे बहुत से सितारे बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए। वहीं अब बॉलीवुड के खिलाड़ी यानी अक्षय कुमार (Akshay Kumar) ने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद का फैसला किया है। उन्होंने पंजाब के लिए करोड़ों रुपये दान करने का फैसला किया है।
बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार (Akshay Kumar) ने पंजाब के लिए 5 करोड़ रुपये दान करने का ऐलान किया है। उन्होंने अपने एक मीडिया स्टेटमेंट में कहा, "मैं इस मामले में अपने विचार पर कायम हूं। हां में पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की खातिर राहत सामग्री खरीदने के लिए 5 करोड़ रुपये दान कर रहा हूं। लेकिन मैं किसी को 'दान' करने वाला होता कौन हूं? मैं इस बात से धन्य महसूस कर रहा हूं कि मुझे लोगों की मदद करने का अवसर मिला। मेरे लिए ये मेरी ओर से सेवा है, एक छोटा सा योगदान है। मैं प्रार्थना करता हूं कि पंजाब में मेरे भाई-बहनों पर आई प्राकृतिक आपदा जल्द ही दूर हो जाए। रब मेहर करे।"
बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब अक्षय कुमार (Akshay Kumar) किसी की मदद के लिए आगे आए हों। उन्होंने कोविड-19 के दौरान लोगों की खूब मदद की थी। साथ ही साल 2019 में पुलवामा हमले में मारे गए सीआरपीएफ के जवानों के लिए भी करोड़ों रुपये दान किया था।
