
UP By Election Result 2022: मैनपुरी से जीत के बाद सैफई के मंदिर में डिंपल यादव, रामपुर और खतौली के परिणाम भी आए सामने
UP By-Election Result 2022, Khatauli, Rampur, Mainpuri By-Election Result 2022: देश के सबसे बड़े सूबे में से एक उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव नतीजों पर हर किसी की नजर टिकी हुई थी। सपा के संरक्षक रहे मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद यहां 5 दिसंबर को उपचुनाव कराया गया था। इस उपचुनाव में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव चुनावी मैदान में थीं और उन्होंने बीजेपी के रघुराज सिंह शाक्य को मात देते हुए जीत हासिल कर ली है। यादवलैंड की यह सीट मुलायम सिंह परिवार की थाती रही है। डिंपल यादव ने भी यहां जीत के सिलसिले को बरकरार रखा है।यहां पर हम बता रहे हैं कि आप किस तरह से नतीजों के अपडेट सीधे देख सकते हैं। भाजपा उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य जो कभी प्रगतिवादी समाजवादी पार्टी के प्रमुख और अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव के करीबी सहयोगी थे, इस साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले भगवा पार्टी में शामिल हो गए। मैनपुरी में करीब 54 फीसद मतदान हुआ था। वहीं, रामपुर सदर सीट से भाजपा ने पार्टी के पूर्व विधायक शिव बहादुर सक्सेना के बेटे आकाश सक्सेना को आजम खां के करीबी आसिम राजा के खिलाफ मैदान में उतारा था और भाजपा का यह कदम सफल साबित हुआ है।बता दें कि सपा विधायक आजम खान और भाजपा विधायक विक्रम सिंह सैनी को अलग-अलग मामलों में दोषी ठहराए जाने और अयोग्य घोषित किए जाने के बाद चुनाव की जरूरत थी। आजम खान को 2019 के अभद्र भाषा के मामले में एक अदालत की ओर से तीन साल के कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया था। दूसरी ओर, मुजफ्फरनगर के खतौली में बीजेपी से विक्रम सिंह सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी और आरएलडी के मदन भैया के बीच मुकाबला है। सैनी ने 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद विधानसभा की अपनी सदस्यता खो दी थी। खतौली में करीब 56 फीसद मतदान हुआ था।