Tamil Nadu Assembly Elections: तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के बीच अब भाजपा ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर डीएमके को घेरना शुरू कर दिया है। अपनी इसी रणनीति के तहत आज इरोड में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और DMK पर तीखा हमला बोला। एक रोड शो को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के खिलाफ वोट देकर देश की महिलाओं के साथ “विश्वासघात” किया है और उन्हें संसद व विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व से वंचित किया है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार इस ’’साजिश’’ को सफल नहीं होने देगी और देश की महिलाओं के लिए न्याय सुनिश्चित करेगी।
महिलाओं को उनके अधिकारों से दूर रखने की “साजिश”
शाह ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक विरोध नहीं बल्कि महिलाओं को उनके अधिकारों से दूर रखने की “साजिश” है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इस साजिश को सफल नहीं होने देगी और देश की महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। शाह ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करना और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में बराबरी का स्थान दिलाना है।
केंद्र सरकार तमिलनाडु के हितों की रक्षा करेगी
अपने भाषण में अमित शाह ने डिलिमिटेशन और जनगणना के मुद्दे को भी जोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और DMK 2026 की जनगणना के आधार पर सीटों के पुनर्निर्धारण पर जोर देकर तमिलनाडु की लोकसभा सीटों को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे राज्य के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को नुकसान हो सकता था। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के हितों की रक्षा करेगी और किसी भी तरह की ऐसी कोशिश को नाकाम करेगी।
डीएमके कर रही वंशवादी राजनीति
चुनावी रैली में राजनीतिक हमला करते हुए उन्होंने डीएमके पर वंशवादी राजनीति का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले एम करुणानिधि फिर एमके स्टालिन और अब उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन को आगे बढ़ाया जा रहा है। शाह ने कहा कि ऐसी पारिवारिक राजनीति लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है और इससे राज्य के विकास पर असर पड़ता है।
इसके अलावा उन्होंने डीएमके सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। शाह ने कहा कि अगर राज्य में AIADMK-बीजेपी गठबंधन की सरकार बनती है, तो भ्रष्ट शासन का अंत होगा और कानून-व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी शासित राज्यों में बेहतर प्रशासन देखने को मिलता है और तमिलनाडु में भी ऐसा ही बदलाव लाया जाएगा।
एनडीए गठबंधन के सरकार बनाने का किया दावा
इस दौरान अमित शाह ने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव को अहम बताते हुए दावा किया कि पलानीस्वामी के नेतृत्व में राज्य में NDA गठबंधन सरकार बनाएगा। उन्होंने मोडक्कुरिची सीट से बीजेपी उम्मीदवार कृतिका शिवकुमार के समर्थन में लोगों से वोट देने की अपील की और उन्हें भारी मतों से जिताने का आग्रह किया।
अमित शाह के रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर पोस्ट कर लिखा कि तमिलनाडु में बीजेपी के प्रति लोगों का रुझान बढ़ रहा है।
