PM Modi In Bengal: संसद से महिला आरक्षण बिल पारित न होने के बाद बंगाल में रविवार को पहली बार पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के बिष्णुपुर में आयोजित विजय संकल्प सभा में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला।
प्रधानमंत्री ने ‘मातृ शक्ति भरोसा कार्ड’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत हर महिला को सालाना 36,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को पक्का घर बनाने के लिए 1.5 लाख रुपये तक की मदद, बेटियों की शिक्षा के लिए 50,000 रुपये और गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये की सहायता देने का वादा किया गया।
टीएमसी ने महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने दिया: पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि संसद में महिला आरक्षण बिल पास कराने के समय टीएमसी ने कांग्रेस के साथ मिलकर इसका विरोध किया, जिससे बंगाल की बहनों और बेटियों की उम्मीदों को झटका लगा। अपने संबोधन में उन्होंने महिला सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा को भाजपा की पहचान बताया और कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है।
बीजेपी ने बंगाल की महिलाओं से क्या-क्या किए वादे?
उन्होंने टीएमसी सरकार पर आयुष्मान भारत जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही महिलाओं को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।इसके अतिरिक्त, पीएम आवास योजना के तहत पक्का घर बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपये, बेटियों की शिक्षा के लिए 50,000 रुपये और गर्भवती महिलाओं के लिए 21,000 रुपये की सहायता राशि देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि भाजपा के शासन में गरीबों के मुफ्त राशन पर कोई आंच नहीं आएगी और कोई भी उनके हक को छीन नहीं पाएगा।
गुंडों और भ्रष्ट तत्वों को पीएम मोदी की चेतावनी
वहीं, उन्होंने मंच से टीएमसी के सिंडिकेट, गुंडों और भ्रष्ट तत्वों को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यह उनके पास आत्मसमर्पण करने का अंतिम अवसर है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि ऐसे तत्व 29 अप्रैल तक अपने निकटतम पुलिस थानों में आत्मसमर्पण कर दें, क्योंकि 4 मई के बाद किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बिष्णुपुर के माफियाओं को ललकारते हुए कहा कि जो लोग अब तक बंगाल की निर्दोष जनता को डराते थे, वे आज 'बंगाल टाइगर' यानी यहां की जनता की दहाड़ से स्वयं भयभीत हैं। मोदी ने जोर देकर कहा कि बंगाल की जनता अब इस क्रूर शासन को और अधिक सहन नहीं करेगी और इसे उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है।
प्रधानमंत्री ने टीएमसी पर संविधान की भावना के खिलाफ काम करने और घुसपैठियों को लाभ पहुंचाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा से जुड़ी है, और पार्टी देश की बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभा के दौरान मोदी ने संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित न होने का मुद्दा भी उठाया और आरोप लगाया कि टीएमसी ने बंगाल की महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है।
