Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली बंपर जीत के बाद आम आदमी पार्टी के सामने अस्तित्व बचाने का संकट मंडरा रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक, भाजपा ने 70 में से 48 सीटों पर कब्जा किया, जबकि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP को महज 22 सीट पर जीति मिली। इस बीच, भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए एक वीडियो के साथ 'एक शेर' पोस्ट किया।
प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल पर कसा तंज
प्रवेश वर्मा, जिन्होंने नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल को चुनाव हराया, ने वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, ''इक शख्स जो यहां तख्त नशीं था, उसको अपने खुदा होने पे बहुत यकीं था।''
प्रवेश वर्मा ने जिस वीडियो को पोस्ट किया है उसमें अरविंद केजरीवाल यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि मैं नरेंद्र मोदी जी को कहना चाहता हूं कि मोदी जी इस जन्म में तो आप हमको (आम आदमी पार्टी) नहीं हरा सकते हैं। आपको दूसरा जन्म लेना पड़ेगा। इस वीडियो में पीएम मोदी के चुनावी भाषण का एक अंश भी दिखाया गया है जिसमें उन्होंने कहा कि दिल्ली में एक ही आवाज गूंज रही है- 'आप' दा नहीं सहेंगे, बदल कर रहेंगे।
केजरीवाल ने गंवाया चुनाव
प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से हराकर दिल्ली की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया। उन्होंने केजरीवाल को 4,089 मतों के अंतर से चुनावी शिकस्त दी। प्रवेश वर्मा को 30,088 वोट मिले, जबकि केजरीवाल को 25,999 और कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित को 4,568 वोट मिले।
