Delhi Chunav Result: दिल्ली में विधानसभा चुनाव की जारी मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी का अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा लेकिन नाम पर निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व लेगा।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में दिल्ली में भाजपा 43, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) 27 विधानसभा सीट पर आगे है। वीरेंद्र सचदेवा ने कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद संवाददाताओं से कहा, ''अब तक के परिणाम हमारी उम्मीदों के अनुरूप हैं, लेकिन हम अंतिम परिणाम की प्रतीक्षा करेंगे।''
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने क्या कुछ कहा?
सचदेवा के अनुसार, भाजपा उम्मीदवारों ने पूरी मेहनत से काम किया है तथा दिल्ली के मतदाताओं ने विकास और भ्रष्टाचार मुक्त शासन मॉडल को चुना है। उन्होंने कहा, ''लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व इसलिए चुना क्योंकि वे विकास का एक मॉडल चाहते थे। भाजपा दिल्ली में डबल इंजन सरकार बनाएगी।''
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ''हमें यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण की है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली को एक मजबूत और स्थिर सरकार मिले।'' सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा ने दिल्लीवासियों को प्रभावित करने वाले वास्तविक मुद्दों जैसे टूटी सड़कें, शराब नीति विवाद, गंदा पानी और भ्रष्टाचार पर चुनाव लड़ा है।
केजरीवाल पर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाते हुए सचदेवा ने कहा, ''जब भी हमने उनसे इन मुद्दों पर सवाल किया तो या तो वे चुप रहे या भाग गए। उन्होंने झूठे वादे करके चुनाव जीतने की कोशिश की।'' भाजपा नेता ने कहा कि दिल्ली की जनता ने उनके संघर्ष को समझा और बदलाव के लिए वोट दिया। उन्होंने कहा, ''दिल्ली का दर्द वास्तविक है और लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को चुनकर इसे समाप्त करने के लिए वोट दिया है।''
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री से जुड़े सवाल पर कहा कि भाजपा दिल्ली को ऐसा सीएम देगी, जो शीला दीक्षित से भी बेहतर होगा। इससे पहले कालकाजी से भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने कहा था कि वह मुख्यमंत्री जैसे किसी पद के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए आए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिहार विधान सभाचुनाव रिजल्ट (Bihar Vidhan Sabha Chuanv Result) अपडेट और प्रमुख निर्वाचन क्षेत्र (Key Constituency) बिहार इलेक्शन फेजवन की वोटिंग (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
