Madhya Pradesh Assembly Election 2023 : मध्य प्रदेश में विधानसभा की 230 सीटों के लिए प्रमुख दलों भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। सीट बंटवारे में जातिगत समीकरण को ध्यान में रखा गया है। खास बात यह है कि इन दोनों ही दलों ने जैन बिरादरी को छोड़कर अल्पसंख्यक समुदाय के अन्य समुदायों मुस्लिम, सिख और ईसाई को टिकट देने में कोताही बरती है। भाजपा ने अब तक एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया है जबकि कांग्रेस ने दो, सपा ने तीन और बसपा ने 4 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है। भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में एक मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट दिया था।
मध्य प्रदेश में विधानसभा की 230 सीटों पर चुनाव।
भाजपा ने उतारे 9 अल्पसंख्यक उम्मीदवार
कांग्रेस ने अल्पसंख्यक समुदाय से अब तक 12 लोगों को टिकट दिया है। इसमें 10 जैन उम्मीदवार और दो मुस्लिम प्रत्याशी हैं। भोपाल उत्तर से उसने आतिफ अकील और भोपाल मध्य से आरिफ मसूद को टिकट दिया है। भाजपा की अगर बात करें तो भगवा पार्टी ने अल्पसंख्यक समुदाय से नौ लोगों को टिकट दिया है। इसमें आठ जैन और एक सिख प्रत्याशी शामिल है। बसपा ने अब तक चार प्रत्याशियों की घोषणा की है और ये सभी मुस्लिम हैं। बसपा ने विजयराघवगढ़ से लाइक कुरैशी, देवास से हाजी जाकिर हुसैन, बासौदा से चंदा बी और उज्जैन उत्तर से अब्दुल रज्जाक लाला को टिकट दिया है।
राज्य में सबसे ज्यादा हिंदू आबादी
आम आदमी पार्टी ने अल्पसंख्यक समुदाय से तीन प्रत्याशी उतारे हैं। अरविंद केजरीवाल की इस पार्टी ने दो मुस्लिमों भोपाल उत्तर से मोहम्मद सऊद, नरेला से रईसा बेगम और सागर से जैन समुदाय के मुकेश कुमार जैन को टिकट दिया है। मध्य प्रदेश में आबादी की अगर बात करें तो यहां सबसे ज्यादा हिंदू आबादी है। राज्य में हिंदू समुदाय की आबादी 91 प्रतिशत, मुस्लिम की 6.57%, जैन की 0.78%, ईसाई की 0.29% और सिख की 0.21% है।
अब तक करीब 134 करोड़ रुपए की नगदी जब्त
मध्य प्रदेश की सभी सीटों पर 17 नवंबर को एक चरण में मतदान होगा। चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए दोनों पार्टियां एड़ी-चोटी का जोर लगा रही हैं। इस चुनाव को निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए चुनाव आयोग भी पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए आयोग लगातार अभियान चला रहा है। आचार संहिता लगने के बाद 16 दिन में अब तक करीब 134 करोड़ रुपए की नगदी और अवैध सामग्री जप्त की गई है।
14.77 करोड़ नकद
51.77 करोड़ मूल्य के सोना-चांदी
34.36 करोड़ के गिफ्ट्स (घडी, साड़ी, अन्य)
23.93 करोड़ की अवैध शराब
9.30 करोड़ के ड्रग्स
पिछले चुनाव में कुल 72 करोड़ की जब्ती हुई थी। सबसे ज्यादा जब्ती (करीब 24 करोड़ ) रतलाम शहर से हुई।
